लोकसभा चुनाव (Lok Sabha Elections 2024) को लेकर दिल्ली और पंजाब की सत्ताधारी पार्टी AAP हरियाणा में भी अपने विस्तार कर रही है। इसी के चलते उसने कांग्रेस के साथ हरियाणा में अलायंस (INDIA Alliance) किया और उसे एक सीट भी मिली है। इसके तहत अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) ने आज कुरुक्षेत्र में रैली की है। यहां उन्होंने लोकसभा चुनाव 2024 को धर्म और अधर्म की लड़ाई बताया है। इस दौरान ही अरविंद केजरीवाल ने नारा दिया ‘बदलेंगे कुरुक्षेत्र, बदलेंगे हरियाणा’!

बता दें कि इंडिया गठबंधन के तहत ही हरियाणा में कांग्रेस ने आम आदमी पार्टी (AAP Congress) को भी एक सीट दी है जो कि कुरुक्षेत्र की ही है। इस सीट से AAP ने अपने राज्यसभा सांसद सुशील कुमार गुप्ता को अपना उम्मीदवार घोषित किया है। ऐसे में आज केजरीवाल ने आज उनके लिए जमकर प्रचार किया। इस दौरान उनके साथ पंजाब के सीएम भगवंत मान भी थे।

अरविंद केजरीवाल ने कहा है पिछले 10 साल से हरियाणा की 10 लोकसभा सीट बीजेपी को मिल रही है। 10 लोगों ने पिछले 10 साल में आपके लिए क्या किया। इन 10 लोगों ने कोई एक काम किया हो तो बता दो, मैं राजनीति छोड़ दूंगा।

Arvind Kejriwal बोले देशभक्त वर्सेज अंधभक्त की लड़ाई

अरविंद केजरीवाल ने कुरुक्षेत्र में जनता को संबोधित करते हुए कहा कि भाई साहब इस बार गलती मत कर देना। इस चक्कर में मत पड़ जाना कि हमको प्रधानमंत्री बनाना है, बाकी लोग प्रधानमंत्री बना लेंगे। हम तो अपना सांसद बनाएंगे। संसद में अपना आदमी भेजो, प्रधानमंत्री बनाने के चक्कर में मत रहना। भाजपा वाले कभी व्यापारियों किसानों, बेरोजगारों की आवाज नहीं बन सकते। आज देश में दो तरह के लोग हैं, या तो देशभक्त है या तो अंधभक्त हैं। जितने देशभक्त है वह मेरे साथ आ जाओ। जितने अंधभक्त हैं वो उनके साथ चले जाओ।

BJP सांसदों को लेकर कही ये बात

अरविंद केजरीवाल ने पहलवानों द्वारा किए गए विरोध प्रदर्शन का मुद्दा उठाया और कहा है कि हरियाणा की पहलवान बेटियों पर अत्याचार किया गया, दिल्ली प्रदर्शन करने गई बेटियों को लाठियों से पीटा गया, उस वक्त हरियाणा के 10 सांसद कहां थे? जब आपकी बेटियों को छेड़ा जा रहा था वह तालियां बजा रहे थे और घर में बैठकर पार्टियां कर रहे थे। चीन और पाकिस्तान पर गोले छोड़ने की हिम्मत नहीं है लेकिन किसानों ने फसलों के दाम मांगे तो उन पर गोले छोड़ दिए गए. जब किसानों को पीटा जा रहा था तो यह सांसद तालियां पीट रहे थे।

महाभारत की तरह है लोकसभा चुनाव की लड़ाई

अरविंद केजरीवाल ने कहा कि जब हरियाणा में बेरोजगार युवा नौकरी मांग रहे थे और उन्हें पीटा जा रहा था तब हरियाणा के 10 सांसद कहां थे? वह आपकी बेरोजगारी का मजाक उड़ा रहे थे। अरविंद केजरीवाल ने कहा कि देश में धर्म और अधर्म की लड़ाई है। उन्होंने कहा है कि महाभारत में कौरवों और पांडवों की लड़ाई के बीच पांडवों के पास केवल भगवान श्रीकृष्ण थे और आज हमारे पास लोकसभा चुनाव के दौरान केवल धर्म है, जबकि कौरव बीजेपी के पास सीबीआई, ईडी, इनकम टैक्स और आईबी जैसी इंटेलिजेंस जांच एजेंसियां हैं।

अरविंद केजरीवाल ने कहा कि 10 साल के अंदर खट्टर साहब ने हरियाणा का बेड़ा गर्क दिया है। बच्चा-बच्चा चाहता है कि खट्टर सरकार जल्द से जल्द जाना चाहिए। कुरुक्षेत्र की सीट जिता दो, आगे खट्टर जी के जाने का समाचार हो जाएगा।