अयोध्या में राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा की तैयारियां जोरों पर है। सोमवार को होने वाली प्राण प्रतिष्ठा से पहले अयोध्या को भव्य तरीके से सजाया जा रहा है। अयोध्या में मेहमानों के पहुंचने का सिलसिला जारी है। इस बीच बाबरी के पूर्व पक्षकार रहे इकबाल अंसारी ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने सभी का स्वागत करते हुए कहा कि अयोध्या धर्म की नगरी है और यहां सभी आयें। उन्होंने कहा कि सभी भगवान के दर्शन करें और प्रभु श्रीराम के बताये रास्ते पर चलें।

इकबाल अंसारी ने समाचार एजेंसी ANI से बात करते हुए कहा, “अयोध्या धर्म की नगरी है। कल अयोध्या में प्राण प्रतिष्ठा समारोह किया जाएगा। जो भी लोग अयोध्या आए हैं उनका स्वागत है। हम चाहते हैं कि लोग भगवान राम की पूजा करें और उनका अनुसरण करें जो रास्ता दिखाया। हर धर्म इंसानियत का प्रतीक है। हर धर्म यही सिखाता है कि आपस में दुश्मनी नहीं होनी चाहिए। आपस में सद्भावना होनी चाहिए।”

भाजपा से लड़ो भारत से मत लड़ो- प्रमोद कृष्णम

विपक्ष के नेताओं द्वारा राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह के निमंत्रण को अस्वीकार करने पर कांग्रेस नेता आचार्य प्रमोद कृष्णम ने निशाना साधा है। उन्होंने कहा, “यह दुर्भाग्य का विषय है। राम के निमंत्रण को तो कोई ईसाई, पादरी, मुसलमान भी नहीं ठुकरा सकता। राम भारत की आत्मा हैं। राम के निमंत्रण को ठुकराने का मतलब भारतीय संस्कृति और सभ्यता का अपमान करना है। राम के निमंत्रण को ठुकराने का मतलब भारत की अस्मिता को चुनौती देना है। राम के बिना ना भारत की कल्पना की जा सकता है, ना भारत के लोकतंत्र की। मैं सभी विपक्षी दलों से निवेदन करना चाहता हूं कि आप भाजपा से लड़ो राम से मत लड़ो, भाजपा से लड़ो सनातन से मत लड़ो, भाजपा से लड़ो भारत से मत लड़ो।”

यहां पढ़िए अयोध्या की पूरी कवरेज

आचार्य प्रमोद कृष्णम ने आगे कहा , ”यह सही है कि मंदिर का निर्माण सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद हुआ है। लेकिन अगर मोदी देश के प्रधानमंत्री नहीं होते, कोई और प्रधानमंत्री होता तो यह फैसला नहीं आता और मंदिर नहीं बनता। इसलिए मैं इसका श्रेय नरेंद्र मोदी को देना चाहूंगा।”

सीएम पुष्कर सिंह धामी का बड़ा बयान

अयोध्या राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा पर उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कहा, “भगवान राम देश और दुनिया के नायक हैं। पीएम मोदी के नेतृत्व में देश में राम युग फिर से आया है। सभी राम भक्त इस पल का इंतजार कर रहे हैं। उत्तराखंड ‘देवभूमि’ है। हम कल भव्य तरीके से दीपोत्सव मनाएंगे। कई वर्षों के संघर्ष के बाद हम यह दिन देख रहे हैं। कल पूरे प्रदेश में दीपोत्सव, दिवाली मनाई जाएगी।”