केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू (Union minister Kiren Rijiju) ने कैंब्रिज यूनिवर्सिटी में राहुल गांधी के संबोधन की कड़ी आलोचना की है। उन्होंने राहुल गांधी (Rahul Gandhi) का एक वीडियो शेयर करते हुए कहा कि कांग्रेस नेता भारत की एकता के लिए बेहद खतरनाक हो गए हैं। रिजिजू ने कहा कि राहुल गांधी अब अब लोगों को भारत को बांटने के लिए उकसा रहे हैं।

एक ट्वीट में किरेन रिजिजू ने कहा कि ‘स्वघोषित कांग्रेस राजकुमार’ ने सारी हदें पार कर दीं। उन्होंने ट्वीट करते हुए लिखा, “यह आदमी भारत की एकता के लिए बेहद खतरनाक हो गया है। अब वह लोगों को भारत को विभाजित करने के लिए उकसा रहे हैं। भारत के सबसे लोकप्रिय और प्रिय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Prime Minister Narendra Modi) का एक ही मंत्र है एक भारत-श्रेष्ठ भारत (Ek Bharat Shreshtha Bharat)।”

राहुल गांधी ने अपने कैंब्रिज विश्वविद्यालय (Cambridge University) के भाषण में पीएम मोदी पर भारत के लोकतांत्रिक ढांचे को (democratic architecture of India) नष्ट करने का आरोप लगाया था। उन्होंने कहा था, “भारत राज्यों का एक संघ है। यह एक समझौता है और यदि आप एक विचार को एक संघ पर थोपने की कोशिश करते हैं, तो यह प्रतिक्रिया देगा। मेरे यहाँ एक सिख सज्जन बैठे हैं, वह सिख धर्म से हैं। भारत में मुसलमान हैं, भारत में ईसाई हैं, भारत में विभिन्न भाषाएं हैं। पीएम नरेंद्र मोदी कहते हैं कि ये सब नहीं है। नरेंद्र मोदी कहते हैं कि ये सब भारत में दूसरे दर्जे के नागरिक हैं। मैं उनसे सहमत नहीं हूं।”

राहुल की टिप्पणी पर किरेन रिजिजू ने कहा कि प्रतिक्रिया देना जरूरी नहीं है लेकिन भारत विरोधी ताकतों द्वारा भारत विरोधी बयानों का गलत इस्तेमाल भारत की छवि खराब करने के लिए किया जा रहा है। रिजिजू ने कहा, “भारत के लोग जानते हैं कि राहुल गांधी पप्पू (Pappu) हैं लेकिन विदेशी नहीं जानते कि वह वास्तव में पप्पू हैं।”

उन्होंने कहा, “एक ही उत्पाद को फिर से लॉन्च करने की एक सीमा होनी चाहिए। लंदन में फिर से लॉन्च किया जा रहा है और भारत में एक ही गिरोह सक्रिय रूप से मार्केटिंग कर रहा है।” बता दें कि राहुल गांधी, जो ब्रिटेन के दौरे पर थे, उनपर भाजपा ने विदेशी भूमि से भारत के लोकतंत्र का अपमान करने का आरोप लगाया था।