मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली एनसीआर में ठंड और बढ़ने के आसार हैं। इस बीच मौसम विभाग ने तमिलनाडु और पुडुचेरी में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। मौसम विभाग के अनुसार 11 दिसंबर तक तमिलनाडु और पुडुचेरी में बारिश हो सकती है। वहीं दिल्ली में शनिवार को इस मौसम की सबसे ठंडी सुबह रही और न्यूनतम तापमान 7.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम के औसत तापमान से तीन डिग्री सेल्सियस कम है। मौसम विभाग ने बताया कि दिल्ली की वायु गुणवत्ता तीन दिनों तक ‘मध्यम’ श्रेणी में रहने के बाद एक बार फिर ‘खराब’ श्रेणी में पहुंच गई है। दिल्ली की वायु गुणवत्ता शुक्रवार को ‘खराब’ श्रेणी के करीब पहुंच गई थी। इस बीच, सुबह और शाम को ठंडी हवाएं चलने से सर्दी का अहसास हुआ, जबकि दिन में मौसम साफ रहा और धूप खिली रही।

मौसम में सुधार को देखते हुए दिल्ली सरकार ने सभी स्कूलों को ऑनलाइन से ऑफलाइन मोड में संचालित करने का निर्देश जारी किया है। शिक्षा निदेशालय (डीओई) ने गुरुवार को एक आदेश जारी कर दिल्ली के सभी सरकारी और निजी स्कूलों में फिर से ऑफलाइन कक्षाएं शुरू करने की घोषणा की। परिपत्र में कहा गया है, “शिक्षा निदेशालय, एनडीएमसी, एमसीडी और दिल्ली छावनी बोर्ड के अंतर्गत आने वाले सभी सरकारी, सरकारी सहायता प्राप्त और मान्यता प्राप्त निजी स्कूलों को तत्काल प्रभाव से सभी कक्षाएं ऑफलाइन संचालित करने की जरूरत है।”

देश और दुनिया की तमाम बड़ी खबरों के लिए पढ़ें jansatta.com का LIVE ब्लॉग

Live Updates
23:33 (IST) 7 Dec 2024
Weather Update: यूपी में हो सकती बारिश

उत्तर प्रदेश, पंजाब हरियाणा समेत कई दूसरे राज्य को लेकर आईएमडी ने चेतावनी जारी की है कि 8 और 9 दिसंबर को बारिश हो सकती है।

23:32 (IST) 7 Dec 2024
Weather Update: दक्षिण भारत के इलाकों में बारिश की संभावना

बंगाल की खाड़ी में दबाव का क्षेत्र बन रहा है, ऐसे में 10 से 13 दिसंबर के बीच में दक्षिण भारत के इलाकों में भी बारिश की पूरी संभावना है।

19:36 (IST) 7 Dec 2024
Weather Update: रांची में हो सकती बारिश

मौसम विभाग ने झारखंड की राजधानी रांची में आंशिक रूप से बादल छाये रहने और हल्की बारिश की संभावना व्यक्त की है। ऐसे में यहां पर ठंड और बढ़ेगी।

19:35 (IST) 7 Dec 2024
Weather Update: दिल्ली एनसीआर में ठंड और बढ़ने के आसार

मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली एनसीआर में ठंड और बढ़ने के आसार हैं। वहीं दिल्ली में शनिवार को इस मौसम की सबसे ठंडी सुबह रही और न्यूनतम तापमान 7.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो औसत तापमान से तीन डिग्री सेल्सियस कम है।

15:19 (IST) 7 Dec 2024
Weather Update: राजस्थान के प्रमुख शहरों में शनिवार को न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे

मौसम विभाग के मुताबिक राजस्थान के प्रमुख शहरों में शनिवार को न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया। संगरिया में न्यूनतम तापमान 5.7 डिग्री, पिलानी में 6.3 डिग्री, अलवर में 6.6 डिग्री, करौली में 7.9 डिग्री, श्रीगंगानगर में 8.0 डिग्री, भीलवाड़ा में 8.6 डिग्री, चित्तौड़गढ़ में 8.7 डिग्री और अजमेर में 8.8 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने बताया कि इस दौरान राज्य में मौसम शुष्क रहा

15:11 (IST) 7 Dec 2024
Weather Update: राजस्थान के सीकर में न्यूनतम तापमान पांच डिग्री सेल्सियस रहा

राजस्थान में सर्दी धीरे-धीरे जोर पकड़ने लगी है और यहां बीती रात सबसे कम तापमान सीकर में पांच डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार शनिवार सुबह तक 24 घंटे की अवधि में न्यूनतम तापमान सीकर में पांच डिग्री सेल्सियस और चूरू में 5.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं राज्य के एकमात्र हिल स्टेशन माउंट आबू में भी न्यूनतम तापमान 5.0 डिग्री सेल्सियस रहा।

12:54 (IST) 7 Dec 2024
Weather Update: दिल्ली में इस मौसम की सबसे सर्द सुबह, तापमान 7.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज

राष्ट्रीय राजधानी में शनिवार को इस मौसम की सबसे ठंडी सुबह रही और न्यूनतम तापमान 7.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम के औसत तापमान से तीन डिग्री सेल्सियस कम है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने यह जानकारी दी। दिल्ली की वायु गुणवत्ता तीन दिनों तक ‘मध्यम’ श्रेणी में रहने के बाद एक बार फिर ‘खराब’ श्रेणी में पहुंच गई।

09:58 (IST) 7 Dec 2024
Weather Update: मौसम में बदलाव का दौर शुरू, कई राज्यों में ठंड बढ़ी

मौसम में बदलाव का दौर शुरू हो गया है। दिल्ली समेत कई राज्यों में तापमान में गिरावट होने और कोहरा बढ़ने से ठंड भी बढ़ गई है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटे के दौरान यूपी, पंजाब और हरियाणा में हल्की बारिश की संभावना है। पश्चिमी विक्षोभ 8 दिसंबर से मैदानी इलाकों को प्रभावित कर सकता है।

14:35 (IST) 6 Dec 2024
Weather Update: राजधानी का न्यूनतम तापमान दूसरे दिन 8.5 डिग्री सेल्सियस

मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने बताया कि राष्ट्रीय राजधानी का न्यूनतम तापमान लगातार दूसरे दिन 8.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जो सामान्य से एक डिग्री है। फिलहाल मौसम सामान्य रहेगा।

14:06 (IST) 6 Dec 2024
Weather Update: दिल्ली में वायु गुणवत्ता ‘मध्यम’ श्रेणी में

दिल्ली में लगातार तीसरे दिन ​​आसमान साफ रहा और शुक्रवार को यहां वायु गुणवत्ता ‘मध्यम’ श्रेणी में दर्ज की गई। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के अनुसार, सुबह नौ बजे दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 187 दर्ज किया गया और यह गुरुवार सुबह दर्ज किए गए 161 एक्यूआई से थोड़ा अधिक है। सीपीसीबी के अनुसार, वायु गुणवत्ता के आंकड़े दर्ज करने वाले 38 निगरानी केंद्रों में से 14 ने एक्यूआई का स्तर ‘खराब’ श्रेणी में होने की सूचना दी, जबकि अन्य में यह ‘मध्यम’ श्रेणी में रहा।

13:57 (IST) 6 Dec 2024
Weather Update: कश्मीर घाटी में ठंड का प्रकोप बढ़ा

कश्मीर में शुक्रवार को ठंड बढ़ गई और यहां न्यूनतम तापमान के शून्य से कई डिग्री कम हो जाने के कारण घाटी के अधिकांश इलाकों में इस मौसम की अब तक की सबसे ठंडी रात दर्ज की गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि शुष्क मौसम के कारण कश्मीर में रात का तापमान शून्य से नीचे दर्ज किया गया। अधिकारियों के अनुसार इस मौसम में तापमान सामान्य से 1.2 से 3.2 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया है।

10:43 (IST) 6 Dec 2024
Weather Update: न्यायालय ने सीएक्यूएम को जीआरएपी-4 प्रतिबंधों में ढील देने की अनुमति

सुप्रीम कोर्ट ने गुरुवार को वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) को राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) के स्तर में सुधार के मद्देनजर वायु प्रदूषण से निपटने के लिए चरणबद्ध प्रतिक्रिया कार्ययोजना (जीआरएपी)-चार के कड़े प्रतिबंधों को दूसरे चरण तक शिथिल करने की अनुमति दे दी। न्यायमूर्ति अभय एस ओका और न्यायमूर्ति ऑगस्टीन जॉर्ज मसीह की पीठ ने सीएक्यूएम को चरण-दो प्रतिबंधों में जीआरएपी-तीन के कुछ अतिरिक्त उपाय शामिल करने का सुझाव दिया। पीठ ने कहा, ‘‘हमारे समक्ष प्रस्तुत किए गए आंकड़ों पर विचार करते हुए हमें नहीं लगता कि इस स्तर पर सीएक्यूएम को चरण दो से नीचे जाने की अनुमति देना उचित होगा। शायद इस अदालत की ओर से आगे की निगरानी आवश्यक है।’’

09:44 (IST) 6 Dec 2024
Weather Update: दिल्ली में कोहरे और हिमाचल मे हिमपात की संभावना

आईएमडी ने शुक्रवार को हल्के कोहरे की स्थिति का अनुमान जताया है। अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान सात डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है। वहीं शिमला में स्थानीय मौसम विज्ञान केंद्र ने हिमाचल प्रदेश में अलग-अलग स्थानों पर बारिश और हिमपात का अनुमान जताया है।

08:12 (IST) 6 Dec 2024
Weather Update: दिल्ली में सुबह-शाम ठंड तेज, बारिश की भी उम्मीद

दिल्ली में तापमान घटने से ठंड तो बढ़ गई है, लेकिन यह सुबह-शाम ही ज्यादा है। दोपहर में कोई खास ठंड नहीं है। फिलहाल मौसम खुशगवार हो गया है और धूप अच्छी लग रही है। गुरुवार को राजधानी में अब तक की सबसे ठंडी रात दर्ज की गई। दिल्ली का न्यूनतम तापमान 8.5 डिग्री दर्ज किया गया। फिलहाल तापमान में अभी और गिरावट आने की उम्मीद है। मौसम विभाग ने हल्की बारिश की भी संभावना जताई है। अगर बारिश होती है तो ठंड जरूर बढ़ जाएगी।

15:56 (IST) 5 Dec 2024
Weather Update: दिल्ली-NCR के प्रदूषण को लेकर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई

दिल्ली-NCR के प्रदूषण को लेकर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई चल रही है।

14:43 (IST) 5 Dec 2024
Weather Update: न्यूनतम तापमान सामान्य से 1.0 डिग्री कम 8.5 डिग्री सेल्सियस

भारत मौसम विभाग ने बताया कि शहर का न्यूनतम तापमान सामान्य से 1.0 डिग्री कम 8.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। विभाग ने दिन में आसमान साफ ​​रहने का अनुमान जताया है जबकि अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है।

13:05 (IST) 5 Dec 2024
Weather Update: दिल्ली में वायु गुणवत्ता में सुधार

दिल्ली की वायु गुणवत्ता में बृहस्पतिवार को सुधार हुआ और वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 161 यानी ‘मध्यम’ श्रेणी में पहुंच गया। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, वायु गुणवत्ता डाटा दर्ज करने वाले 38 निगरानी केंद्रों में से केवल छह केंद्रों ने एक्यूआई का स्तर ‘खराब’ श्रेणी में होने की सूचना दी।

12:23 (IST) 5 Dec 2024
Weather Update: दिल्ली में मौसम सामान्य, तापमान कम हुआ

दिल्ली में मौसम साफ और सामान्य बना हुआ है। आईएमडी के अनुसार, स्वच्छ हवा के साथ दिन का तापमान सामान्य से तीन डिग्री अधिक 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शहर में न्यूनतम तापमान 12.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो मौसम के औसत से 2.5 डिग्री अधिक है तथा दिन में आर्द्रता का स्तर 66 से 44 प्रतिशत के बीच रहा। मौसम विभाग ने बृहस्पतिवार को धुंध छाए रहने का अनुमान जताया है तथा अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।

11:26 (IST) 5 Dec 2024
Weather Update: कश्मीर में पारा शून्य से नीचे

कश्मीर में बुधवार रात के तापमान में गिरावट दर्ज की गई और अधिकांश स्थानों पर न्यूनतम तापमान हिमांक बिंदु से नीचे रहा। मौसम विभाग के अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि शुष्क मौसम के पूर्वानुमान के कारण आने वाले दिनों में तापमान में और गिरावट की संभावना है। अधिकारियों ने कहा कि कोकेरनाग को छोड़कर घाटी के अन्य सभी मौसम केंद्रों ने रात का तापमान शून्य से नीचे दर्ज किया।

11:25 (IST) 5 Dec 2024
Weather Update: ताप विद्युत संयंत्र उत्सर्जन, मौसम की स्थिति के कारण वायु प्रदूषण: एनजीटी ने नोटिस भेजा

राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) ने राष्ट्रीय राजधानी में ‘‘लगातार वायु प्रदूषण संकट’’ पर केंद्र से जवाब मांगा है। एनजीटी उस मामले की सुनवाई कर रहा था, जिसमें उसने उस खबर पर स्वतः संज्ञान लिया था, जो वायु प्रदूषण के कारणों के बारे में एक अध्ययन पर आधारित थी।

08:24 (IST) 5 Dec 2024
Weather Update: मुंबई में अधिकतम तापमान 37.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज, 16 वर्ष में दिसंबर का सबसे गर्म दिन

महाराष्ट्र के मुंबई में बुधवार को अधिकतम तापमान 37.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो यहां पिछले 16 वर्ष में दिसंबर का सबसे गर्म दिन रहा। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने यह जानकारी दी। उपनगरों के तापमान पर नजर रखने वाली सांताक्रूज वेधशाला ने बताया कि मुंबई में अधिकतम तापमान 37.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि कोलाबा मौसम केंद्र ने यहां का तापमान 35 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया। आईएमडी मुंबई की वैज्ञानिक सुषमा नायर ने बताया कि कलिना वेधशाला ने पांच दिसंबर 2008 को मुंबई का तापमान 37.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया था।