NCR में गुरुवार शाम मौसम सुहावना हो गया। NCR में शाम को आसमान में बादल छा गए और कई जगहों से बारिश की खबर है। इससे पहले बिहार और उत्तर प्रदेश में एक बार फिर मौसम का मिजाज जानलेवा साबित हुआ है। तेज गरज-तड़क और बारिश के साथ गिरी आकाशीय बिजली ने दोनों राज्यों में कुल 15 लोगों की जान ले ली। बिहार के बेगूसराय, दरभंगा, मधुबनी और समस्तीपुर जिलों में बिजली गिरने से 13 लोगों की मौत हो गई, जबकि यूपी के फिरोजाबाद में दो लोगों की जान चली गई। मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से जारी बयान में कहा गया कि सभी की मौतें सीधे आकाशीय बिजली की चपेट में आने से हुई हैं। लगातार बदलते मौसम के बीच ग्रामीण इलाकों में ऐसे हादसों की आशंका बनी हुई है। पढ़ें– देश-दुनिया की तमाम बड़ी खबरों के लेटेस्ट अपडेट्स
देश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम ने एक बार फिर करवट बदला है। झारखंड के कई हिस्सों में ओलावृष्टि और तेज आंधी-तूफान की चेतावनी के साथ ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं यूपी के अन्य जिलों में भी बेमौसम बारिश और बिजली गिरने की घटनाएं दर्ज हुई हैं, जिसके बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राहत कार्यों को तेज करने के निर्देश दिए हैं। रांची मौसम केंद्र ने पूर्वी झारखंड में 50 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से हवाएं चलने और ओलावृष्टि की संभावना जताई है।
दूसरी ओर, देश के कई इलाकों में गर्मी का प्रकोप भी चरम पर है। ओडिशा के संबलपुर में पारा 40 डिग्री के पार पहुंच गया है, जिसके चलते सरकारी दफ्तरों का समय सुबह 7 से दोपहर 1 बजे तक कर दिया गया है। पश्चिमी भारत के गुजरात में तापमान 42 डिग्री तक पहुंच गया है और लू के हालात बन रहे हैं, जबकि दिल्ली में तापमान सामान्य से लगभग 6 डिग्री ऊपर चला गया है और वायु गुणवत्ता भी “खराब” श्रेणी में दर्ज की गई है। उत्तर-पूर्व भारत में हल्की बारिश से कुछ राहत की उम्मीद है, जबकि पूर्वी भारत के शहरों में उमस भरी गर्मी लोगों को बेहाल कर रही है।
मौसम विभाग के अनुसार, 14-15 अप्रैल को राजस्थान में फिर से तापमान में बढ़ोतरी होने तथा दक्षिण-पश्चिमी राजस्थान में भीषण गर्मी का एक और दौर शुरू होने की संभावना है। बीते चौबीस घंटे में राज्य में बाड़मेर में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 46.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
राजस्थान में भीषण गर्मी का दौर जारी है हालांकि आगामी एक दो दिन में इससे कुछ राहत मिल सकती है। मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार, राज्य में भीषण गर्मी का दौर आगामी 24 घंटे तक जारी रहने की संभावना है।
दक्षिण भारत में भी गर्मी का असर है, लेकिन कुछ शहरों में थोड़ी राहत है। हैदराबाद में तापमान 38 डिग्री के आसपास रहेगा और मौसम साफ रहेगा। बेंगलुरु में तुलनात्मक रूप से मौसम सुहावना रहेगा, जहां तापमान करीब 34 डिग्री और हल्की ठंडी हवा महसूस हो सकती है। वहीं चेन्नई में समुद्र के कारण उमस बनी रहेगी और तापमान 36 डिग्री तक जा सकता है।
हरियाणा में अगले कुछ दिनों तक दिन का तापमान 35 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा। रात का तापमान 15 से 20 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की उम्मीद है। खेती के लिए अनुकूल मौसम है।
उत्तर प्रदेश के 17 जनपदों में बढ़ती गर्मी के कारण अलर्ट जारी किया गया है। गर्मी और तपिश के कारण आम नागरिकों को रोजमर्रा के कामों में कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है। सुबह तपन और दोपहर होते-होते गर्म हवाओं ने स्थिति को और मुश्किल बना दिया है।
मध्य प्रदेश में अभी 3 दिन तक भीषण गर्मी रहेगी। दिन और रात दोनों वक्त तेज गर्मी का असर बना रहेगा। राजस्थान से आ रही गर्म हवा की वजह से ग्वालियर-चंबल संभाग इसका असर ज्यादा दिख रहा है।
मध्य प्रदेश में हीटवेव चल रहा है। मौसम विभाग ने आज यानी बुधवार के लिए ग्वालियर, मुरैना, दतिया, भिंड, श्योपुर, शिवपुरी में येलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में दिन का तापमान 43 से 44 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।
यूपी के देवरिया, गोरखपुर, कुशीनगर, महाराजगंज, बस्ती, संतकबीर नगर और सिद्धार्थनगर समेत पूर्वी यूपी के जिलों में बुधवार को बादल गरजने और बिजली चमकने की संभावना है। मौसम विभाग ने अलर्ट जारी करते हुए कहा है कि इन इलाकों में हल्की बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं।
उत्तर प्रदेश के पश्चिमी और बुंदेलखंड क्षेत्र के जिलों में बुधवार को भीषण लू चलने के आसार हैं। मौसम विभाग के अनुसार, गाजियाबाद, हापुड़, गौतमबुद्ध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी और ललितपुर में गर्म हवाएं लोगों को बेहाल कर सकती हैं। इन इलाकों में दिन का तापमान काफी बढ़ने की संभावना है और गर्मी से राहत नहीं मिलेगी। स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने दोपहर के समय घर से बाहर निकलने से बचने की सलाह दी है।
बिहार के बेगूसराय में बुधवार की सुबह कई इलाकों में तेज आंधी और बारिश से तापमान गिर गया है। इस बीच जिले में भगवानपुर थाना क्षेत्र और बलिया थाना क्षेत्र में दो लोगों की वज्रपात से मौत हो गई। इसके अलावा 4 महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गई है।
बिहार की राजधानी पटना समेत मुजफ्फरपुर, बक्सर, नालंदा आदि जिलों में तेज धूप और तापमान के बढ़ने से लोगों की परेशानी बढ़ गई है। मौसम विभाग ने अभी तापमान के और बढ़ने का अनुमान जताया है।
दिल्ली के नजफगढ़ में इस सीजन का सबसे ज्यादा तापमान 41.9 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं आया नगर और सफदरजंग में भी पारा 40 डिग्री से ऊपर चला गया। न्यूनतम तापमान भी सामान्य से ऊपर 22.4 डिग्री रहा।
बुधवार को सुबह से ही धूप इतनी तेज हो गई कि लोगों को बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। खासतौर पर सड़कों पर काम करने वाले मजदूर और दोपहिया वाहन चालकों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
दिल्ली और आसपास के शहरों में सुबह से ही धूप निकल आई है। इससे दोपहर में गर्मी और तेज होने की आशंका है। हवा नहीं चलने से तापमान भी ज्यादा होने की संभावना है।
