शनिवार की सुबह-सुबह दिल्ली-एनसीआर में जबर्दस्त कोहरा छा गया। विजिबिलिटी बहुत कम हो गई। तापमान में गिरावट से ठंड भी और तेज हो गई। मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 4 और 5 जनवरी को जम्मू-कश्मीर में भारी बर्फबारी की चेतावनी जारी की है। यह बर्फबारी शनिवार रात से शुरू होकर सोमवार सुबह तक जारी रह सकती है। साथ ही, मैदानी इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश का भी अनुमान है। पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में एक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण अगले 4-5 दिनों में क्षेत्र में हल्की से मध्यम बर्फबारी की संभावना है।

उधर, हिमाचल प्रदेश के शिमला में क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र ने 4 से 6 जनवरी तक किन्नौर, लाहौल-स्पीति, शिमला, कांगड़ा, मंडी और चंबा जिलों के लिए “येलो वॉच” जारी किया गया है। इन इलाकों में गरज के साथ बारिश, हल्की बर्फबारी और तूफान की संभावना जताई गई है। स्थानीय प्रशासन ने इन चेतावनियों को ध्यान में रखते हुए लोगों से सतर्क रहने और यात्रा के दौरान सावधानी बरतने की अपील की है।

मौसम समेत अन्य खबरों के लिए पढ़ते रहें जनसत्ता.कॉम

Live Updates
18:18 (IST) 4 Jan 2025
Bihar Weather: बिहार के 24 जिलों बदलेगा मौसम का मिजाज, येलो अलर्ट जारी, जानें IMD का अपडेट

Bihar Weather: समूचा बिहार शीतलहर और कोहरा से कराह रहा है। तेज हवाओं ने आम लोगों की हालत खराब कर रखी है। पहाड़ी इलाकों में जारी बर्फबारी का असर बिहार में देखने को मिल रहा है। राजधानी पटना, मुजफ्फरपुर समेत कई जिलों में कनकनी और भीषण कोहरे का असर देखा जा रहा है। पटना, दरभंगा, भागलपुर, सुपौल, नालंदा, मधुबनी, सहरसा, वैशाली, पूर्णिया, सीतामढ़ी और छपरा समेत कई जिलों में न्यूनतम तापमान 4 से 5 डिग्री सेल्सियस बना हुआ और शीतलहर का प्रकोप जारी है। इसी बीच मौसम विज्ञान केंद्र पटना ने अपने अपडेट में बताया है कि 5 जनवरी तक बिहार के 24 जिलों में भयंकर कुहासा छाया रहेगा।

15:10 (IST) 4 Jan 2025
Weather Update: घने कोहरे के कारण श्रीनगर हवाई अड्डे पर उड़ानों का परिचालन प्रभावित

घने कोहरे के कारण श्रीनगर हवाई अड्डे पर उड़ानों का परिचालन प्रभावित है। उड़ान संचालन के लिए दृश्यता लगभग 1,100 मीटर होनी चाहिए, जो नहीं दिख रही है। घाटी के अधिकतर स्थानों पर न्यूनतम तापमान में कुछ वृद्धि हुई है। मौसम विभाग ने बताया कि आने वाले दिनों में ऊंचाई वाले कुछ स्थानों पर हल्की बर्फबारी जारी रहेगी। शनिवार को पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से जम्मू कश्मीर के अधिकतर स्थानों पर हल्की से मध्यम बर्फबारी के आसार है। सोमवार सुबह तक इसकी संभावना बहुत अधिक रहेगी। कश्मीर के अधिकतर स्थानों पर रात के तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। उत्तरी कश्मीर में ‘स्कीइंग’ के लिए मशहूर पर्यटक स्थल गुलमर्ग में न्यूनतम तापमान शून्य से 4.5 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।

13:34 (IST) 4 Jan 2025
Weather Update: राजस्थान में ठंड से लोगों का बुरा हाल

राजस्थान में ठंड का असर कुछ ज्यादा ही है। रेत वाले स्थानों पर भीषण ठंड पड़ रही है। राज्य के अधिकतर हिस्सों में न्यूनतम तापमान काफी कम हो गया है। आईएमडी के मुताबिक आने वाले दिनों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में और कमी देखी जाएगी, जिससे कड़ाके की सर्दी से राहत मिलने के आसार नहीं हैं। राज्य में जबर्दस्त शीतलहर और कोहरा है। मौसम विभाग ने इसके लिए अलर्ट भी जारी किया है।

12:05 (IST) 4 Jan 2025
Weather Update: बिहार में पछुआ हवा की वजह से लोगों का हाल बेहाल

बिहार में ठंड से लोगों का बुरा हाल है। पछुआ हवाओं की वजह से करीब राजधानी पटना समेत करीब 24 जिलों का हाल-बेहाल है। न्यूनतम तापमान में कई दिनों से कमी देखी जा रही है। कड़ाके की ठंड में वृद्धि के साथ कनकनी का प्रभाव भी देखा जा रहा है। यहां अधिकतम और न्यनतम तापमान में करीब चार डिग्री सेल्सियस का अंतर देखा जा रहा है। खासकर, मोतिहारी में सबसे कम तापमान 7.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

10:35 (IST) 4 Jan 2025
Weather Update: उत्तर भारत में शीतलहर और घना कोहरा छाया

नए साल के चौथे दिन उत्तर भारत शीतलहर और घने कोहरे की चपेट में रहा, जिससे जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ। दिल्ली-एनसीआर में घने कोहरे के कारण दृश्यता बेहद कम रही और ठंडी हवाओं के चलते शीतलहर ने स्थिति और गंभीर बना दी। नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर कई ट्रेनें देरी से चलीं। पहाड़ों पर बर्फबारी ने ठंड को और बढ़ा दिया, जिसकी वजह से पंजाब, राजस्थान, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश के कई शहरों में भी घने कोहरे और शीतलहर का असर देखने को मिला।

14:43 (IST) 3 Jan 2025
Weather Update: बिहार के मोतिहारी में तापमान 7 डिग्री तक पहुंचा

बिहार में भी ठंड का असर तेज हुआ है। मोतिहारी में बुधवार को न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस तक रहा। मौसम विभाग का कहना है कि तापमान के अभी और नीचे जाने की संभावना है।

13:32 (IST) 3 Jan 2025
Weather Update: पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में हल्की से मध्यम बर्फबारी होगी

आईएमडी के वैज्ञानिक डॉ नरेश कुमार ने मौसम को लेकर एक अहम जानकारी दी है। उन्होंने मीडिया को बताया, "एक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ है जो पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र पर बना हुआ है। अगले 4-5 दिनों में पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में हल्की से मध्यम बर्फबारी होगी। हो सकता है कि बारिश भी हो।

12:54 (IST) 3 Jan 2025
Weather Update: ठंड से राहत की कोई उम्मीद नहीं

यूपी में ठंड अपना प्रचंड रूप दिखाना शुरू कर दिया है। ठंड से राहत की कोई उम्मीद नहीं दिख रही है। पूर्वी यूपी के गोंडा, बहराइच, बलरामपुर, श्रावस्ती सहित आसपास के जिलों में सुबह शाम जबरदस्त घना कोहरा पड़ रहा है। तराई क्षेत्र के जिलों में विजिबिलिटी 50 मीटर तक रहती है। कड़ाके की ठंड के कारण पूरा जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। हालांकि मौसम विभाग की तरफ से कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है।

09:55 (IST) 3 Jan 2025
Weather Update: यूपी में तापमान में गिरावट से बढ़ी लोगों की दिक्कतें

यूपी के कई शहरों में तापमान में भारी गिरावट से लोगों की दिक्कतें बढ़ीं। कोहरे और धुंध की वजह से विजिबिलिटी भी कम हो गई है। इससे ट्रेनों के आवागमन पर भी असर पड़ा है। कई ट्रेनें देर से चल रही हैं।

08:43 (IST) 3 Jan 2025
Weather Update: रैन बसेरों में बेघर लोगों को दिन में तीन बार पौष्टिक भोजन उपलब्ध

दिल्ली सरकार के रैन बसेरों में इस सर्दी के मौसम में बेघर लोगों को दिन में तीन बार पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है, जिसमें प्रोटीन युक्त सोया आधारित खाद्य पदार्थ शामिल हैं। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। एक अधिकारी ने बताया कि दिल्ली शहरी आश्रय सुधार बोर्ड (डीयूएसआईबी) ने ठंड के दौरान बेघर लोगों को पोषण युक्त भोजन मुहैया कराने के लिए एक व्यंजन सूची तैयार की है, जिसमें विभिन्न प्रकार की दाल, राजमा, छोले और सोया शामिल किया गया है। उन्होंने बताया कि रैन बसेरों में रहने वाले लोगों को नाश्ते में दो रस्क, ब्रेड के दो स्लाइस और चाय दी जाती है। उन्होंने बताया कि दोपहर और रात के खाने में आम तौर पर आलू, राजमा, छोले, दाल, चावल और दो चपाती शामिल होती हैं। उन्होंने बताया कि शाम के खाने में मटर, मिक्स दाल और सोया भी शामिल होता है, जिससे एक संतुलित आहार सुनिश्चित होता है।

08:41 (IST) 3 Jan 2025
Weather Update: दिल्ली में लगातार चौथे दिन भीषण ठंड, विजिबिलिटी भी घटी

आईएमडी के अधिकारियों ने बताया, "दिल्ली में गुरुवार को लगातार चौथे दिन भीषण ठंड की स्थिति रही। इस दौरान, दृश्यता घटकर 50 मीटर से कम रह गई।" आयानगर में दृश्यता शून्य हो गई, जबकि सफदरजंग स्थित शहर के प्राथमिक मौसम केंद्र में दृश्यता 200 मीटर दर्ज की गई। आईएमडी अधिकारियों के अनुसार, पालम मौसम केंद्र ने सुबह छह बजे बहुत घना कोहरा होने की सूचना दी और दृश्यता शून्य मीटर रही। दिन के दौरान सापेक्षित आर्द्रता 80 से 100 प्रतिशत के बीच रही।