IMD Weather Forecast Today, आज का मौसम 27 मार्च: दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर भारत में तापमान तेजी से बढ़ रहा है और गर्मी का असर साफ नजर आने लगा है। आज राजधानी दिल्ली में अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है, जबकि न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस रहेगा। हल्की धुंध के बावजूद दोपहर में चिलचिलाती धूप लोगों को परेशान कर सकती है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो-तीन दिनों में तापमान में हल्की गिरावट देखने को मिल सकती है, जिससे सुबह और रात में थोड़ी राहत रहेगी। हालांकि, अप्रैल की शुरुआत से ही तेज गर्मी लौटने की आशंका है। उत्तर प्रदेश, हरियाणा और पंजाब में भी दिन का तापमान 35 डिग्री सेल्सियस के पार जा सकता है, जिससे गर्मी का असर और बढ़ेगा।

दक्षिण भारत में भीषण गर्मी का दौर जारी है, खासकर तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश और कर्नाटक के कुछ हिस्सों में तापमान 39-40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। चेन्नई और बेंगलुरु में भी तापमान सामान्य से अधिक बना हुआ है, जिससे लोगों को तेज धूप और उमस का सामना करना पड़ रहा है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि आने वाले दिनों में कुछ इलाकों में लू चल सकती है, जिससे सावधानी बरतने की जरूरत है। उधर, पश्चिमी भारत में मुंबई और गुजरात के तटीय क्षेत्रों में गर्मी और उमस का असर तेज होगा, जबकि पूर्वोत्तर भारत में हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने गर्मी से बचने के लिए पर्याप्त मात्रा में पानी पीने और दोपहर के समय बाहर निकलने से बचने की सलाह दी है।

Live Updates
14:13 (IST) 27 Mar 2025
Weather Update LIVE: हिसार जिले के बालसमंद में सबसे ज्यादा तापमान

हरियाणा के हिसार जिले के बालसमंद में बुधवार को अधिकतम तापमान 39.7 डिग्री दर्ज किया गया। यह प्रदेश में सर्वाधिक तापमान था। मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से तापमान में इतनी तेजी आई है।

14:04 (IST) 27 Mar 2025
Weather Update LIVE: उत्तराखंड के कुछ जिलों में होगी बारिश, आकाशीय बिजली गिरने का अलर्ट

उत्तराखंड के कुछ जिलों में आकाशीय बिजली गिरने का येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में हल्की बारिश हो सकती है।

12:51 (IST) 27 Mar 2025
Weather Update LIVE: एमपी के कई शहरों का तापमान बढ़ा

मध्य प्रदेश के ग्वालियर, उज्जैन, खजुराहो, धार, टीकमगढ़, मंडला, सागर, सतना, शाजापुर, उमरिया, सिवनी, खरगोन और बैतूल में पारा 39 से 40 डिग्री के बीच रहा।

12:36 (IST) 27 Mar 2025
Weather Update LIVE: बिहार में तेज धूप और शुष्क हवाओं से लोग हुए परेशान

बिहार में इन दिनों तेज धूप हो रही है। इसके साथ राज्य में शुष्क हवाएं भी चल रही हैं। इसकी वजह से लोग परेशान हैं। राज्य में बक्सर जिले में काफी गर्मी पड़ रही है। वहां का तापमान 39.4 डिग्री तक पहुंच गया है।

12:32 (IST) 27 Mar 2025
Weather Update LIVE: मध्य प्रदेश के 20 शहरों का तापमान 40 डिग्री के करीब हुआ

मध्य प्रदेश में गर्मी तेज हो गई है। कई शहरों में तापमान में काफी इजाफा हो गया है। राज्य के 20 शहरों में तापमान 40 डिग्री के आसपास बना हुआ है। इनमें नर्मदापुरम, रतलाम, तालुन (बड़वानी), नौगांव (छतरपुर), शिवपुरी, गुना और दमोह में तापमान 40 डिग्री से ज्यादा दर्ज किया गया।

10:04 (IST) 27 Mar 2025
Weather Update LIVE: दिल्ली-एनसीआर में गर्मी का कहर

दिल्ली-एनसीआर में भीषण गर्मी पड़ रही है, जहां अधिकतम तापमान 38 से 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है। खासकर नोएडा और गुरुग्राम में तापमान तेजी से बढ़ रहा है, जिससे लू चलने की संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों को धूप में अधिक समय तक न रहने और सावधानी बरतने की सलाह दी है।

09:25 (IST) 27 Mar 2025
Weather Update LIVE: पहाड़ी राज्यों में बारिश की संभावना

जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, पहाड़ी इलाकों में अचानक मौसम बदल सकता है, जिससे ठंड में भी इजाफा हो सकता है। इन राज्यों में रहने वालों को सतर्क रहने और मौसम की जानकारी पर नजर बनाए रखने की सलाह दी गई है।

08:32 (IST) 27 Mar 2025
Weather Update LIVE: राजस्थान-गुजरात में हीटवेव अलर्ट

राजस्थान और गुजरात के कई हिस्सों में तेज गर्मी के साथ हीटवेव की चेतावनी जारी की गई है। दिन के समय तापमान लगातार बढ़ रहा है, जिससे लोगों को लू का खतरा बना हुआ है। प्रशासन ने नागरिकों से अधिकतर समय घर के अंदर रहने और खुद को हाइड्रेटेड रखने की अपील की है।

08:15 (IST) 27 Mar 2025
Weather Update LIVE: बिहार में कड़ी गर्मी पड़नी शुरू हुई, तापमान 35 डिग्री तक पहुंचा

बिहार की राजधानी पटना में इस महीने, यानी मार्च के अंत तक, तापमान 35 से 36 डिग्री सेल्सियस के बीच बने रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, दिन में चिलचिलाती धूप और गर्म हवाओं के कारण लोगों को तेज गर्मी का सामना करना पड़ सकता है। दोपहर के समय लू जैसी स्थिति बनने की आशंका है।

07:53 (IST) 27 Mar 2025
Weather Update LIVE: बुधवार को दिल्ली रहा सबसे गर्म, पारा 40 डिग्री पर पहुंचा

दिल्ली-एनसीआर में गर्मी काफी तेज हो गई है। बुधवार को दिल्ली का तापमान 40 डिग्री तक पहुंच गया। यह इस मौसम का सबसे गर्म दिन रहा।

07:27 (IST) 27 Mar 2025
Weather Update LIVE: अरुणाचल प्रदेश में 28 और 29 मार्च को भारी बारिश की संभावना

देशभर में गर्मी का प्रकोप बढ़ रहा है। कहीं तेज और कहीं धीमी गति से तापमान में इजाफा हो रहा है। दूसरी तरफ अरुणाचल प्रदेश में 28 और 29 मार्च को भारी बारिश की संभावना जताई गई है।

14:39 (IST) 26 Mar 2025
Weather Update LIVE: यूपी में कैसा रहेगा मौसम का हाल

मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले तीन दिन तक उत्तर प्रदेश के लगभग सभी जिलों में दो से लेकर 4 डिग्री सेल्सियस तक अधिकतम और न्यूनतम तापमान में वृद्धि दर्ज की जाएगी। तकरीबन पूरे यूपी में अभी से ही लोगों का दिन के समय घर से बाहर निकलना मुश्किल होने लगा है। वहीं, 27 मार्च से प्रदेश के कई इलाकों में 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की तेज रफ्तार से हवाएं चलेंगी। तेज धूप निकलने तथा गर्मी बढ़ने के बाद चलने वाली हवाएं लू (हीट वेव) का कार्य करेंगी।

13:58 (IST) 26 Mar 2025
Weather Update LIVE: कमजोर हवाओं और तेज धूप से बढ़ रहा तापमान

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, पश्चिमी विक्षोभ के आने से पहले गर्म हवाओं का प्रभाव बढ़ जाता है, जिससे हवा की रफ्तार धीमी हो जाती है और गर्मी का अहसास ज्यादा होने लगता है। कमजोर हवाएं और तेज धूप दोपहर के तापमान में वृद्धि का कारण बन सकती हैं।

13:50 (IST) 26 Mar 2025
Weather Update LIVE: ट्रफ की वजह से कई राज्यों में हल्की बारिश

दक्षिण छत्तीसगढ़ से उत्तर केरल तक विदर्भ, मध्य महाराष्ट्र और उत्तर आंतरिक कर्नाटक होते हुए एक ट्रफ बनी हुई है। इससे बीते 24 घंटे में कुछ इलाकों में हल्की बारिश हुई है। मौसम में अस्थिरता बनी रहने की संभावना है।

13:46 (IST) 26 Mar 2025
Weather Update LIVE: तेलंगाना और आंध्र प्रदेश में हुई बारिश

तेलंगाना और आंध्र प्रदेश में हल्की बारिश हुई। इससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। अगले कुछ दिनों में तापमान बढ़ने की संभावना है।

12:33 (IST) 26 Mar 2025
Weather Update: जम्मू-कश्मीर में बारिश-बर्फबारी का मैदानी इलाकों में असर नहीं

जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के ऊपर पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से वहां पर बारिश-बर्फबारी हो रही है। हालांकि इसका असर उत्तरी भारत के मैदानी इलाकों में नहीं पड़ेगा।

12:17 (IST) 26 Mar 2025
Aaj Ka mausam LIVE: लखनऊ में दिन का तापमान 35.1 डिग्री

यूपी की राजधानी लखनऊ में दिन का तापमान 35.1 डिग्री सेल्सियस और रात का न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

11:42 (IST) 26 Mar 2025
Aaj Ka mausam LIVE: भोपाल, ग्वालियर और जबलपुर समेत कई शहरों में पारा 39 डिग्री तक पहुंचा

मध्य प्रदेश में गर्मी का असर लगातार बना रहेगा। भोपाल, ग्वालियर और जबलपुर समेत कई शहरों में अधिकतम तापमान 37 से 39 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 22 से 24 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है।

11:31 (IST) 26 Mar 2025
Aaj Ka mausam LIVE: हिसार, रोहतक और गुरुग्राम में चलेंगी गर्म हवाएं

हरियाणा के हिसार, रोहतक और गुरुग्राम जैसे क्षेत्रों में गर्म और शुष्क हवाएं चल सकती हैं। मौसम साफ रहेगा, लेकिन धूल भरी हवाओं के कारण कुछ स्थानों पर वायु गुणवत्ता प्रभावित हो सकती है।

11:17 (IST) 26 Mar 2025
Aaj Ka mausam LIVE: मध्य प्रदेश में अगले दो दिन तक बारिश की कोई संभावना नहीं

मध्य प्रदेश में आसमान साफ रहेगा, लेकिन दिन में तेज धूप और भीषण गर्मी लोगों को परेशान कर सकती है। अगले दो दिनों तक बारिश की कोई संभावना नहीं है।

11:07 (IST) 26 Mar 2025
Aaj Ka mausam LIVE: हरियाणा में तापमान में हुआ इजाफा

हरियाणा में गर्मी दिन-ब-दिन बढ़ रही है। बुधवार और गुरुवार को अधिकतम तापमान 36 से 38 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 20 से 22 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।

10:02 (IST) 26 Mar 2025
Aaj Ka mausam LIVE: यूपी की राजधानी लखनऊ का तापमान 36 डिग्री पर पहुंचा

यूपी में अगले कुछ दिनों में तापमान बढ़ने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक बुधवार को लखनऊ में अधिकतम तापमान 36 डिग्री और न्यूनतम 18 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

09:50 (IST) 26 Mar 2025
Aaj Ka mausam LIVE: मध्य प्रदेश में रतलाम सबसे गर्म जिला, पारा पहुंचा 40 डिग्री पर

मध्य प्रदेश में इस सीजन में पहली बार तापमान 40 डिग्री तक पहुंच गया। मंगलवार को रतलाम सबसे गर्म रहा, जहां पारा 40 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं, धार और शिवपुरी में भी तापमान 39 डिग्री के पार रहा। भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, उज्जैन और जबलपुर में भी तेज धूप ने लोगों को बेहाल कर दिया।

09:12 (IST) 26 Mar 2025
Aaj Ka mausam LIVE: बिहार में धूल भरी हवाओं ने बढ़ाई परेशानी

बिहार में गर्मी का असर अब तेज होने लगा है और अगले कुछ दिनों में यह लू का रूप ले सकती है। मौसम विभाग के अनुसार, आगामी 48 घंटों में कई जिलों में तापमान 35 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच सकता है। साथ ही, धूल भरी गर्म हवाएं लोगों की परेशानी बढ़ा सकती हैं।

07:47 (IST) 26 Mar 2025
Aaj Ka mausam LIVE: यूपी में झांसी मंगलवार को रहा सबसे गर्म जिला

उत्तर प्रदेश में गर्मी ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। राज्य के कई जिलों में दिन और रात के तापमान में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। मंगलवार को झांसी प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 39.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।