कांग्रेस ने रविवार को दिल्ली के रामलीला मैदान में एक विशाल रैली का आयोजन किया। जिसमें कथित “वोट चोरी” और मतदाता सूचियों के विशेष गहन संशोधन के खिलाफ अपना अभियान तेज किया गया। “वोट चोर, गद्दी छोड़” के नारे के तहत आयोजित यह विरोध प्रदर्शन, संसद में चुनावी निष्पक्षता को लेकर सरकार और विपक्ष के बीच तीखी बहस के कुछ दिनों बाद हुआ है।

कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने कहा कि संसद में जब मल्लिकार्जुन खरगे जी और राहुल गांधी जी ने SIR, वोट चोरी का मुद्दा उठाया तो मोदी सरकार नहीं मानी। आखिर में सरकार ने कहा कि हम पहले ‘वंदे मातरम्’ पर चर्चा करेंगे, फिर SIR और वोट चोरी पर बात करेंगे। सदन में हम ‘वंदे मातरम्’ पर चर्चा करते रहे, लेकिन मोदी सरकार में जनता के मुद्दों पर बात करने की हिम्मत नहीं दिखी।

राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने ने कहा कि आज हालात ये हैं कि पिछले आम चुनाव में मुख्यमंत्रियों को जेल में डाला गया,कांग्रेस का बैंक अकाउंट बंद कर दिया गया, भ्रष्टाचार के नाम पर बेबुनियाद आरोप लगाए गए। उन्होंने कहा कि जिन लोगों का दिल कमजोर था, जो इस दबाव को सह नहीं पाए वो BJP में शामिल हो गए। जैसे-जैसे लोग BJP में शामिल होते गए, BJP की ‘वॉशिंग मशीन’ में धुलकर साफ होते गए।

प्रियंका गांधी ने कहा कि मैं चुनौती देती हूं- BJP एक बार बैलेट पेपर पर निष्पक्ष चुनाव लड़ ले। ये कभी नहीं जीत पाएंगे और ये बात BJP भी जानती है। गांधी ने कहा कि आज BJP को चुनाव आयोग की जरूरत है, क्योंकि उसके बिना नरेंद्र मोदी चुनाव नहीं जीत सकते। हमें चुनाव आयोग के तीन अधिकारियों के नाम नहीं भूलने हैं, क्योंकि ये लोग लोकतंत्र पर वार कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इतिहास में पहली बार ऐसा हो रहा है, जब पूरा विपक्ष कह रहा है कि चुनाव आयोग पर हमें भरोसा नहीं रहा। चुनाव प्रकिया के हर कदम को चुनाव आयोग ने संदिग्ध बना दिया है। आज देश की हर संस्था को मोदी सरकार ने अपने सामने झुका दिया है।

गांधी ने कहा कि यह देश इन तीन चुनाव आयुक्तों के नाम नहीं भूलेगा। ज्ञानेश कुमार, सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी। उन्होंने कहा कि

मोदी सरकार इन्हें बचाने की कितनी भी कोशिश कर ले, लेकिन एक दिन इन्हें देश को जवाब देना होगा।

बेटिंग ऐप का जिक्र करते हुए प्रियंका गांधी ने कहा कि आज देश का युवा बेटिंग ऐप पर पूरा दिन बिताता है। प्रधानमंत्री के दफ्तर में ही एक शख्स ने बेटिंग ऐप के घोटाले किए हैं, लेकिन ऐसे मुद्दों पर सदन में चर्चा नहीं होती। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार महंगाई, बेरोजगारी, महिला सुरक्षा जैसे जरूरी मुद्दों पर कहीं बात ही नहीं करती। ये सरकार हर मोर्चे पर विफल है।

डॉलर 90 रुपए हो गया है

विदेश नीति फेल हो गई है

युवा पेपरलीक से परेशान हैं

लोग महंगाई-बेरोजगारी से जूझ रहे हैं

निर्यात घट रहा है, आयात मंहगा हो रहा है

देश की संपत्ति अडानी-अंबानी को सौंपी जा रही है

राहुल गांधी ने क्या कहा?

पीएम मोदी और अमित शाह पर हमलावर होते हुए राहुल गांधी ने कहा कि आप सबने देखा होगा कि सदन में अमित शाह का हाथ कांप रहा था।अमित शाह तभी तक बहादुर हैं, जब तक इनके हाथ में सत्ता है। जिस दिन सत्ता गई, उसी दिन इनकी बहादुरी भी निकल जाएगी। नरेंद्र मोदी का चेहरा देखिए, आपको पता चल जाएगा कि उनका कॉन्फिडेंस ख़त्म हो गया है। राहुल गांधी ने कहा कि वे जानते हैं कि उनकी ‘वोट चोरी’ पकड़ी गई है।

राहुल गांधी ने कहा कि गांधी जी कहते थे- सत्य सबसे जरूरी चीज है। हमारे धर्म में ‘सत्यम शिवम् सुन्दरम्’ और ‘सत्यमेव जयते’ के बारे में भी बात कही गई है, लेकिन मोहन भागवत कहते हैं- विश्व सत्य को नहीं शक्ति को देखता है, जिसके पास शक्ति है, उसे माना जाता है। ये RSS और मोहन भागवत की सोच है। उन्होंने कहा कि जहां एक तरफ हमारा धर्म कहता है कि सत्य सबसे जरूरी है। वहीं दूसरी तरफ मोहन भागवत कहते हैं- सत्य का कोई मतलब नहीं है, सत्ता जरूरी है।

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने कहा कि आज देश में सत्य और असत्य के बीच लड़ाई है। हम सत्य को लेकर नरेंद्र मोदी, अमित शाह और RSS की सरकार को हिंदुस्तान से हटाएंगे। राहुल गांधी ने कहा कि ज्ञानेश कुमार, सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी। सत्य-असत्य की इस लड़ाई में ये चुनाव आयुक्त, BJP के साथ मिलकर काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी ने इन चुनाव आयुक्तों को बचाने के लिए कानून बदल दिया, जिसमें ये कुछ भी करें, इन पर कोई एक्शन नहीं लिया जा सकता है। लेकिन याद रखिए- हम इन चुनाव आयुक्तों की रक्षा करने वाले कानून को Retroactively बदलेंगे और इनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करेंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी की विचारधारा ही देश को बचा सकती है।

यह भी पढ़ें- कौन हैं नितिन नबीन, जिन्हें बीजेपी ने बनाया राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष

राहुल गांधी ने कहा कि RSS की विचारधारा हमारे देश को नहीं बचा सकती, उल्टा ये इस देश को ख़त्म कर देंगे। BJP-RSS के लोग संविधान को ख़त्म करने की कोशिश में लगे हुए हैं। उन्होंने कहा कि BJP-RSS के लोग फिर से गरीबों को गुलाम बनाना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि मगर हमें याद रखना चाहिए कि देश को आजादी कांग्रेस पार्टी ने दिलाई, क्योंकि तब मोदी-शाह पैदा भी नहीं हुए थे। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने कहा-

हमारी विचारधारा सत्य है,

और BJP की विचारधारा सत्ता है।

सत्ता उनके हाथ से फिसल रही है,

इसलिए वो घबराए हुए हैं।

हम सत्य के साथ खड़े होकर

उन्हें सत्ता से उखाड़ फेंकेंगे।

मल्लिकार्जुन खड़गे ने क्या कहा?

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि BJP ‘वोट चोरी’ कर देश से गद्दारी कर रही है। हमें इन गद्दारों को सत्ता से हटाना होगा। उन्होंने कहा कि जब संसद चलती है तो नरेंद्र मोदी विदेश निकल जाते हैं। वो सदन में बैठकर हमारे सवालों के जवाब नहीं देते हैं। राहुल गांधी जी, प्रियंका गांधी जी ने सवाल पूछे, लेकिन एक भी सवाल का जवाब नहीं मिला। उन्होंने कहा कि ‘वोट चोरी’ सबसे बड़ा देशद्रोह है और ये देश ‘वोट चोरों’ को कड़ा सबक सिखाएगा। ‘वोट चोर – गद्दी छोड़’।

यह भी पढ़ें- आंकड़ों में कहानी: तिरुवनंतपुरम तो जीत गई बीजेपी, लेकिन केरल में कमल खिलना मुश्किल