Haryana Assembly Election 2024: हरियाणा की 90 विधानसभा सीटों के लिए 5 अक्टूबर को वोट डाले जाएंगे। यहां मुकाबला एक बार फिर से कांग्रेस और भाजपा के बीच है। ऐसे में अगर हम खरखौदा(एससी) विधानसभा सीट की बात करें तो इस सीट से बीजेपी ने पवन खरखौदा को मैदान में उतारा है। जबकि कांग्रेस ने जयवीर सिंह पर दांव खेला है। आम आदमी पार्टी ने मंजीत फरमाना पर भरोसा जताया है। वहीं जेजेपी – आसपा गठबंधन ने रमेश खटक को मैदान में उतारा है।
2019 विधानसभा चुनाव परिणाम
2019 हरियाणा विधानसभा चुनाव की बात करें तो खरखौदा(एससी) विधानसभा सीट से कांग्रेस के जयवीर सिंह ने जीत दर्ज की थी। सिंह ने जेजेपी के पवन कुमार को हराया था। जयवीर सिंह का जहां 38,577 वोट मिले थे। वहीं जेजेपी के पवन कुमार को 37,033 वोट मिले थे। जबकि तीसरे नंबर पर रहे बीजेपी की मीना रानी को 20,542 वोट प्राप्त हुए थे।
2014 विधानसभा चुनाव परिणाम
हरियाणा विधानसभा 2014 में खरखौदा(एससी) विधानसभा सीट से कांग्रेस के जयवीर सिंह ने जीत दर्ज की थी। जयवीर सिंह ने निर्दलीय उम्मीदवार पवन कुमार हराया था। जयवीर सिंह को 37,829 वोट मिले । वहीं दूसरे नंबर पर रहे निर्दलीय़ प्रत्याशी पवन कुमार को 23,647 वोट मिले थे, जबकि इनेलो की अनिता को 22,477 मत प्राप्त हुए थे।
खरखौदा (एससी) हरियाणा के सोनीपत जिले में एक शहर और नगरपालिका समिति है। यह राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) का एक हिस्सा है। खरखौदा हरियाणा राज्य के 90 विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में से एक है। अनुसूचित जाति के उम्मीदवारों के लिए आरक्षित है। 2019 तक इस क्षेत्र में सामान्य, विदेशी, प्रॉक्सी, डाक को मिला कर मतदाताओं की कुल संख्या 1,01,466 थी।
एक तहसील के रूप में इसमें 45 गांव शामिल हैं, तहसील के गांवों की जनसंख्या 160083 है। पुरुषों की आबादी 53% और महिलाओं की 47% है। खरखौदा की औसत साक्षरता दर 89% है।
खरखौदा में छपदेश्वर महादेव मंदिर जुड़े हुए गांवों में बहुत लोकप्रिय है। महा शिवरात्रि उत्सव के समय बड़ी संख्या में पर्यटक मंदिर के दर्शन के लिए आते हैं। यहां मुगल सम्राट औरंगजेब ने एक मस्जिद का निर्माण कराया था, जो अब खंडहर हो चुकी है। विभाजन से पहले के दिनों में, खरखौदा मुस्लिम सैय्यद परिवारों का शहर था, जिन्हें मीर भी कहा जाता है। 1947 में वे पाकिस्तान चले गए। प्रसिद्ध पाकिस्तानी लेखक और शोधकर्ता सैयद कासिम महमूद का जन्म यहीं हुआ था।
दिल्ली के केंद्र शासित प्रदेश की निकटता के कारण, क्षेत्र में औद्योगिक और आवासीय विकास की बहुत गुंजाइश है। हरियाणा राज्य औद्योगिक और बुनियादी ढांचा विकास निगम ने औद्योगिक मॉडल टाउनशिप (IMT) विकसित करने के लिए 3,200 एकड़ भूमि का अधिग्रहण किया गया था। वेस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे (KMP) सिर्फ 1 किमी दूर है और दिल्ली-अमृतसर-कटरा एक्सप्रेसवे शहर से 5 किमी दूर है। 28 अगस्त 2022 को पीएम नरेंद्र मोदी ने खरखौदा में मारुति सुजुकी के नए विनिर्माण संयंत्र की आधारशिला रखी था। जिसकी क्षमता प्रति वर्ष 15 लाख कारें बनाने की होगी।
खरखौदा ब्लॉक के खांडा गांव में बाबा बंदा सिंह बहादुर (भारत के महान सैन्य कमांडरों में से एक) की प्रतिमा है, जिसका उद्घाटन हरियाणा के सीएम मनोहर लाल खट्टर ने खांडा, सोनीपत में मनाए गए शौर्य दिवस पर किया था।