हरियाणा में देश की कुल आबादी का भले ही दो फीसद है, लेकिन भारतीय सेनाओं में हरियाणा का योगदान 6.7 फीसद है। हरियाणा ने जहां देश को दो सेना प्रमुख दिए, वहीं राजनीति में भी हरियाणा के सैनिकों ने अलहदा पहचान बनाई है। हरियाणा विधानसभा चुनाव में भी चार पूर्व सैनिक ताल ठोंक रहे हैं। यह चारों सैनिक भारतीय सेनाओं में अलग-अलग पदों पर सेवाएं दे चुके हैं।

हरियाणा के जवान सेना और अर्धसैनिक बलों में सेवाएं दे रहे हैं। हरियाणा के जवान सीआरपीएफ, बीएसएफ, आइटीबीपी, बीआरओ, सीआइएसएफ आदि भी में सेवाएं दे रहे हैं। हरियाणा विधानसभा चुनाव के दौरान नारनौंद विधानसभा हलके से भाजपा की टिकट पर चुनाव लड़ रहे अभिमन्यु सिंधू अरसे तक सेना में सक्रिय रहे हैं। उनका प्रचलित नाम कैप्टन अभिमन्यु है।

मनोहर सरकार के पहले कार्यकाल में वित्तमंत्री रहे कैप्टन अभिमन्यु ‘मैकेनाइज्ड इनफ्रैंट्री रेजिमेंट’ में तैनात रहे और वे कई मोर्चों पर ‘शाट सर्विस कमीशन’ अफसरों के लिए विशेष भत्ते की मांग उठा चुके हैं। अभिमन्यु दूसरी बार नारनौंद से चुनाव लड़ रहे हैं। जननायक जनता पार्टी ने इस बार बाढड़ा विधानसभा हलके से लेफ्टिनेंट कर्नल यशवीर श्योराण को चुनाव मैदान में उतारा है।

इस सीट पर पहले दुष्यंत चौटाला की माता नैना चौटाला विधायक रह चुकी हैं। यशवीर श्योराण असम राइफल्स एवं एनएसजी के माध्यम से देश की सेवा कर चुके हैं। इसी विधानसभा हलके से भाजपा की टिकट पर चुनाव लड़ रहे उमेद पातुवास भी पूर्व सैनिक हैं। उमेद के पिता दिवंगत सूबे सिंह सन 71 की जंग में भारतीय सेना का हिस्सा थे। हरियाणा में इस समय उचाना सबसे चर्चित सीट बनी हुई है जहां एक ओर, जेजेपी के दुष्यंत चौटाला हैं तो दूसरी ओर कांग्रेस की टिकट पर पूर्व आइएएस बृजेंद्र सिंह चुनाव मैदान में हैं। सेना के ही पूर्व जवान पवन फौजी यहां तिकोना मुकाबला बनाने की कवायद में हैं। पवन फौजी के पूर्वज उदयपुर गांव के रहने वाले थे।

हरियाणा को इन पर है मान

भारतीय सेना के पूर्व प्रमुख वीकेसिंह हरियाणा में जिला भिवानी के रहने वाले हैं, जिन्होंने पहले सेना और फिर राजनीति में हरियाणा का नाम चमकाया। पूर्व सेना प्रमुख दलबीर सुहाग भी हरियाणा के ही थे। सेना में सेवाएं दे चुके जनरल डीपी वत्स, कैप्टन अजय सिंह यादव, सुरिंदर सिंह कमांडो, कर्नल रोहित चौधरी, रामकिशन फौजी, मेजर नृपेंद्र सांगवान, कर्नल रघुवीर छिल्लर और कर्नल राम सिंह ऐसे नाम हैं जिन्होंने सेना से आने के बाद कामयाब राजनीतिक पारी खेली।

जुलाना में फ्लाइट कैप्टन ने चुनाव बनाया रोचक

जुलाना सीट पर दो महिला पहलवानों के बीच मुकाबला है जहां कांग्रेस की विनेश फोगाट हैं तो आप की कविता दलाल चुनाव मैदान में हैं। महिला पहलवानों के बीच रोचक मुकाबला देखने को मिलने वाला है। वहां भाजपा के कैप्टन योगेश बैरागी मैदान में हैं। सफीदों के रहने वाले योगेश बैरागी एक प्रमुख हवाई सेवाप्रदाता कंपनी में सेवाएं दे चुके हैं। चेन्नई में आई बाढ़ के दौरान बचाव एवं राहत अभियान की अुगवाई से सुर्खियों में आए योगेश बैरागी कोरोना के दौरान प्रधानमंत्री के ‘वंदे भारत मिशन’ से भी जुड़े रहे हैं।