Hardeep Singh Puri On Rahul Gandhi: केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने एक बार फिर से कांग्रेस नेता राहुल गांधी के विदेश में दिए गए बयान को लेकर निशाना साधा है। हरदीप सिंह पुरी ने शनिवार को कहा कि ये (राहुल गांधी) विदेश जाते हैं, तब इनको अल्पसंख्यक याद आते है।

उन्होंने कहा कि जब आप (राहुल गांधी) 14 साल के थे, तब हमारे 3,000 सिख भाइयों की हत्या हुई थी। पुरी ने कहा कि आप (राहुल गांधी) कोई भी बयान दे देते हो और जब उसके बाद आपका झूठ पकड़ा जाता है तो माफी मांगते हो। ये सब क्या है? आज का समय विश्वसनीयता का है।

राहुल गांधी न्यूयार्क में पीएम मोदी पर साधा था निशाना

बता दें, कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने हाल ही में अमेरिका में बीजेपी, पीएम नरेंद्र मोदी और आरएसएस पर निशाना साधा था। न्यूयॉर्क में भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा था कि सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ भविष्य की तरफ देखने में अक्षम हैं और सिर्फ पीछे ही देखते हैं।

राहुल गांधी ने ओडिशा में हुए रेल हादसे पर टिप्पणी करते हुए ये भी कहा था कि कांग्रेस के शासनकाल में हुए हादसे के समय मंत्री ने इस्तीफ़ा दे दिया था, लेकिन बीजेपी में कोई ज़िम्मेदारी लेने को तैयार नहीं है। गांधी ने कहा कि प्रधानंमत्री नरेंद्र मोदी रियरव्यू मिरर में देखते हुए कार चला रहे हैं और उन्हें पता नहीं है कि भारतीय कार बार-बार हादसों का शिकार क्यों हो रही है।

हरदीप पुरी ने मोदी सरकार की गिनाईं उपलब्धियां

मोदी सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए हरदीप सिंह पुरी ने कहा कि कोरोना काल में हमने 220 करोड़ वैक्सीन न केवल बनाई हैं, बल्कि उनको सही से वितरित भी किया है। 100 देशों को तो हमने सीधे तौर पर वैक्सीन दी है। नीति-नीयत और नेता अगर ये तीनों ठीक हैं तो सब ठीक हो जाता है।

उन्होंने कहा कि मोदी सरकार के नौ साल के कार्यकाल ने विकास की दिशा में तेजी से कदम बढ़ाए हैं। बुनियादी ढांचे के विकास से लेकर लोगों के जीवन को आसान बनाने में तक, न्यू इंडिया ने एक लंबा सफर तय किया है। भारत सरकार की योजनाओं का असर साफतौर पर दिखाई दे रहा है।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि साल 2014 तक भारत की अर्थव्यवस्था ये थी कि इसकी गिनती Fragile Five में थी और ग्लोबल रैंकिंग में हम 10वें स्थान पर थे। लेकिन अब स्थितियां बदल चुकी हैं। आज हम दसवें स्थान से आगे बढ़ पांचवें स्थान पर पहुंच गए हैं।