लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने शनिवार को कोटा जिले में बाढ़ प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वेक्षण किया। बाढ़ के कारण कई लोगों के अपने घरों में फंसे होने के बाद बचाव अभियान का नेतृत्व करने के लिए सेना को बुलाया गया है।

कोटा के जिलाधिकारी उज्जवल राठौड़ ने बताया कि शनिवार की पूर्वाह्न 11 बजे तक जिले के बाढ़ प्रभावित सांगोद इलाके के विभिन्न स्थानों से 140 लोगों को निकालकर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया। उन्होंने बताया कि सांगोद में हालत नियंत्रण में है। अधिकारियों ने बताया कि बिरला ने सुबह एक हेलीकॉप्टर से बाढ़ प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वेक्षण किया। उन्होंने बताया कि प्रशासन ने इस काम में सेना की मदद ली है क्योंकि शुक्रवार रात सांगोद क़स्बे में बाढ़ की स्थिति भयावह हो गई थी।

सेना के अलावा राज्य आपदा मोचन बल, राष्ट्रीय आपदा मोचन बल और जिला प्रशासन बचाव कार्यों में जुटे हैं। हवाई सर्वेक्षण के बाद लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने कहा कि बाढ़ से फसलों को नुकसान हुआ है। साथ ही कुछ लोगों ने जान भी गंवाई है। उन्होंने कहा कि मैंने अधिकारियों को निर्देश दिये हैं कि वे बाढ़ से हुए नुकसान का आकलन करें। साथ ही एनडीआरएफ को तैनात कर दिया गया है।


बाढ़ सर्वेक्षण करते ओम बिरला के वीडियो पर ट्विटर पर कई ट्रोल्स ने लोकसभा स्पीकर को ट्रोल करना शुरू कर दिया। ट्विटर यूजर रमन (@SaffronDelhite) ने लिखा, ‘बाढ़ के हवाई सर्वे पर पैसा क्यों खर्च किया जाए? ड्रोन की मदद से बाढ़ की स्थिति देखी जा सकती है।’

विवेक (@Mr_Vivekji) ने लिखा,’ इनको तो नींद आ रही है!! वीडियो की शुरुआत में देखेंगे तो पता चलेगा कि नेता जी सो रहे हैं। हर साल इतना रुपया इस हवाई सर्वे पर खर्च किया जाता है और इन हवाई सर्वे से क्या होता है? इससे अच्छा तो जानकारों के लिए हवाई सर्वे करवाने चाहिए जिससे वे कुछ काम का इनपुट दे सकें।’

शी जिनपिंग (@PresidentCCP1) नाम के ट्विटर यूजर ने लिखा, ‘ये हवाई सर्वे क्या होता है भाई? 1 – 2 करोड़ का ईंधन बर्बाद ही होता है, वही बाढ़ राहत में लगा दो।’

वहीं मध्य प्रदेश में पूर्व सीएम और कांग्रेस नेता कमलनाथ ने भी बाढ़ प्रभावित शिवपुरी इलाके का हवाई सर्वे किया। उनके वीडियो पर भी ट्विटर यूजर्स ट्रोल करने लगे। अहम ब्रह्मासि (@vivek_purohit) ने ट्वीट किया, ‘जूम करके देखो कमलनाथ जी कहीं कांग्रेस की डूबती नैया दिख जाये।’