Election Results 2023: पूर्वोत्तर राज्यों के चुनाव में भाजपा को मिली प्रचंड जीत के बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गुरुवार (2 मार्च,2023) को कहा कि यह पूर्वोत्तर के लिए एक ऐतिहासिक दिन है। उन्होंने कहा कि यह स्पष्ट है कि शांति, विकास और समृद्धि के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पूर्वोत्तर की जनता ने भाजपा को महत्व दिया है। अमित शाह ने त्रिपुरा, नागालैंड और मेघालय में विधानसभा चुनाव परिणाम के बाद यह बात कही।
त्रिपुरा की प्रचंड जीत को शाह ने विकास की जीत बताया। वहीं नागालैंड के लोगों को शांति और प्रगति चुनने के लिए धन्यवाद दिया। भाजपा ने अपनी सहयोगी राष्ट्रवादी डेमोक्रेटिक प्रोग्रेसिव पार्टी (NDPP) के साथ नागालैंड में बहुमत हासिल किया। उन्होंने मेघालय के लोगों को भाजपा को उनके समर्थन और आशीर्वाद के लिए धन्यवाद दिया और कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में पार्टी लोगों की सेवा करने और उनका भविष्य उज्जवल बनाने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ेंगी। त्रिपुरा में दोबारा भाजपा की जीत के लिए मतदाताओं, भाजपा व सहयोगी दलों के नेताओं को बधाई देते हुए अमित शाह ने अपने ट्वीट में लिखा, ‘पूर्वोत्तर के लिए यह ऐतिहासिक दिन है।’ भाजपा पर दोबारा विश्वास जताने के लिए त्रिपुरा को धन्यवाद देता हूं।
इस जीत के लिए शाह ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, त्रिपुरा के मुख्यमंत्री डा. मानिक साहा, पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष राजीब भट्टचर्जी और कार्यकर्ताओं को भी बधाई दी। नागालैंड में भाजपा गठबंधन की विजय पर ट्वीट किया- ‘नागालैंड की जनता को हृदय की गहराइयों से धन्यवाद कि उन्होंने शांति और प्रगति को चुना, जिसके कारण मोदी के नेतृत्व वाले गठबंधन को फिर से सत्ता मिली। पीएम मोदी और मुख्यमंत्री नेफ्यू रियो शांति और विकास को बरकरार रखते हुए जनता की अपेक्षाओं को पूरा करेंगे।’ शाह ने मेघालय के पार्टी कार्यकर्ताओं के कड़े परिश्रम की सराहना की। उन्होंने कहा कि मेघालय की जनता की सेवा और उनके भविष्य को उज्ज्वल बनाने के लिए पीएम मोदी के नेतृत्व में भाजपा कोई कसर नहीं छोड़ेगी।
प्रधानमंत्री ने कहा कि पूर्वोत्तर अब न दिल से और न ही दिल्ली से दूर है। यह चुनाव दिलों की दूरी समाप्त होने के साथ नई सोच का प्रतिबिंब है। यह नया युग और नया इतिहास रचे जाने का पल है। चुनाव जीतने से ज्यादा मुझे इस बात का संतोष है कि PM के कार्यकाल के दौरान बार-बार नॉर्थ ईस्ट जाकर के लोगों के दिलों को जीता है। उन्होंने कहा कि आज के नतीजे दिखाते हैं कि भारत में लोकतंत्र को लेकर मजबूत आशावाद है। इन राज्यों की जनता ने हमारे साथी सहयोगियों को भरपूर आशीर्वाद दिया है।