प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अमेरिका से दिल्ली आ चुके हैं। अब ऐसा माना जा रहा है कि दिल्ली के मुख्यमंत्री को लेकर आज सस्पेंस खत्म हो सकता है। वहीं मीडिया रिपोर्ट के मानें तो दिल्ली में कोई भी डिप्टी सीएम नहीं होगा। भाजपा के सूत्रों ने बताया है कि दिल्ली के अगले मुख्यमंत्री के चयन को अंतिम रूप देने के लिए भाजपा विधायक दल की बैठक रविवार को हो सकती है। बैठक में सभी 48 नवनिर्वाचित विधायक शामिल होंगे और दो वरिष्ठ भाजपा नेता इसमें पर्यवेक्षक के तौर पर शामिल होंगे। वहीं मुख्यमंत्री पद की दौड़ में सबसे आगे प्रवेश वर्मा हैं, जिन्होंने नई दिल्ली से AAP के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल को हराया है। साथ ही पूर्वी दिल्ली के सांसद हर्ष मल्होत्रा, उत्तर पूर्व दिल्ली के सांसद मनोज तिवारी और नई दिल्ली की सांसद बांसुरी स्वराज को भी इस दौड़ में शामिल बताया जा रहा है। यह भी कहा जा रहा है कि बीजेपी किसी महिला विधायक के नाम पर मुहर लगा सकती है।
Delhi News LIVE Updates: दिल्ली के नए मुख्यमंत्री के शपथ ग्रहण से जुड़ी तमाम बड़ी अपडेट्स के लिए जुड़े रहिये जनसत्ता डॉट कॉम के साथ...
लोक निर्माण विभाग के 100 दिन के एजेंडा में दिल्ली की टूटी सड़कें प्रमुखता से आ गई हैं। मुख्य सचिव के निर्देश पर विभाग 100 दिन का एजेंडा तैयार कर रहा है। उसमें टूटी सड़कों को ठीक करने से लेकर अस्पतालों की मरम्मत के काम भी शामिल किए गए हैं।
आम आदमी पार्टी ने शनिवार को आरोप लगाया कि कथित शीश महल को लेकर बीजेपी का झूठ उसी दिन उजागर हो गया, जब पार्टी नेताओं और मीडिया को पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के आवास में प्रवेश नहीं करने दिया गया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विदेश दौरे से लौटने के बाद भाजपा एक भव्य शपथ ग्रहण समारोह की योजना बना रही है। यह जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में होगा। पार्टी के एक वरिष्ठ नेता ने बताया कि यमुना के किनारे या रामलीला मैदान में वैकल्पिक स्थानों पर भी विचार किया जा रहा है।
6 फ्लैगस्टाफ बंगले (पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल का निवास) के जीर्णोद्धार की जांच के सीवीसी के आदेश पर, मालवीय नगर से नवनिर्वाचित भाजपा विधायक सतीश उपाध्याय ने कहा कि शीश महल' का निर्माण सभी नियमों को ताक पर रखकर किया गया। जनता के पैसे का दुरुपयोग किया गया। हम जांच का स्वागत करते हैं और इसके पीछे जो भी लोग हैं, उन्हें बख्शा नहीं जाना चाहिए।
राजौरी गार्डन से भाजपा के नवनिर्वाचित विधायक मनजिंदर सिंह सिरसा ने शुक्रवार को कहा कि नई भाजपा सरकार के शपथ लेने के बाद निवर्तमान आप सरकार द्वारा स्थापित मोहल्ला क्लीनिकों का नाम बदलकर आयुष्मान आरोग्य मंदिर कर दिया जाएगा।
9 दिसंबर 2024 को BJP ने एक वीडियो जारी किया, जिसमें दिल्ली के CM हाउस का आलीशान इंटीरियर दिखाया गया।
विजेंद्र गुप्ता ने मुख्यमंत्री के आवास (6, फ्लैग स्टाफ रोड) के नवीनीकरण और आंतरिक साज-सज्जा पर ज्यादा खर्च को लेकर केंद्रीय सतर्कता आयोग यानी (CVC) में आधिकारिक शिकायत दर्ज कराई।
6 फ्लैगस्टाफ बंगले (पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल का निवास) के जीर्णोद्धार की जांच के सीवीसी के आदेश पर, भाजपा सांसद कमलजीत सेहरावत ने कहा, "दिल्ली के मुख्यमंत्री को सरकारी आवास मिलता है, लेकिन उस सरकारी आवास के लिए कुछ मापदंड होते हैं। जिस तरह से इस घर को शीश महल की तरह बनाया गया, वह दिल्ली की जनता के साथ बहुत बड़ा विश्वासघात है। अगर आप जनता का भरोसा तोड़ते हैं, तो इसकी जांच होनी चाहिए। यह सीवीसी जांच बहुत जरूरी है, जो होनी चाहिए ताकि जनता के सामने सच्चाई सामने आ सके।"
दिल्ली के सीएम चेहरे पर बीजेपी सांसद योगेंद्र चंदोलिया ने कहा कि यह फैसला पार्टी का संसदीय बोर्ड लेता है। संसदीय बोर्ड की कल या परसों बैठक होगी, जिसके बाद मुख्यमंत्री के नाम पर फैसला लिया जाएगा। यह बैठक 24 से 36 घंटे में होगी और दिल्ली के सभी 48 विधायक केंद्रीय नेतृत्व द्वारा लिए गए फैसले पर सहमत होंगे। अगले 2 से 3 दिन में पूरी स्थिति स्पष्ट हो जाएगी।
दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने सीवीसी द्वारा 6 फ्लैगस्टाफ बंगले (पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल का निवास) के जीर्णोद्धार की जांच के आदेश पर कहा, "मैं इस कदम का स्वागत करता हूं। हमें जांच से कोई परेशानी नहीं है। हमने इस मुद्दे को कई बार उठाया है। दिल्ली विधानसभा चुनाव में लोगों ने मतदान के माध्यम से अपना जवाब भी दिया है। निश्चित रूप से जांच होनी चाहिए और दोषी पाए जाने वालों को दंडित किया जाना चाहिए।"
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मुख्यमंत्री की रेस में तीन नाम सबसे आगे चल रहे हैं। इनमें रेखा गुप्ता, मनजिंदर सिंह सिरसा और प्रवेश वर्मा का नाम सबसे आगे है। सीएम के नाम को लेकर दो से तीन दिन में फैसला हो सकता है।
भारतीय जनता पार्टी के नेता मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा कि मुख्यमंत्री के बारे में नेतृत्व फैसला लेगा। पहले पर्यवेक्षक नियुक्त होंगे, फिर विधायक दल की मीटिंग होगी और सबके सामने CM चेहरा होगा। 20 तारीख तक हो जाएगा।
दिल्ली में आम आदमी पार्टी को विधानसभा चुनाव में हराने के बाद BJP अब एक और गहरी चोट के लिए तैयार है। अब दिल्ली में ट्रिपल इंजन की सरकार बनाने की कवायद तेज हो गई है। आज आप के तीन मौजूदा पार्षदों ने बीजेपी का दामन थामा।
आप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा कि AAP उम्मीदवार नीलम विजय वर्मा ने बीजेपी के गढ़ में जीत दर्ज की। नीलम विजय वर्मा ने विधानसभा स्पीकर के क्षेत्र में भाजपा उम्मीदवार को हराकर जनता की ताकत और AAP की नीतियों की जीत का संदेश दिया।
दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी (डीपीसीसी) के अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने शुक्रवार को भाजपा के नए मुख्यमंत्री की नियुक्ति में देरी की आलोचना करते हुए इसे पार्टी के भीतर आंतरिक सत्ता संघर्ष का नतीजा बताया। उन्होंने कहा कि दिल्ली विधानसभा चुनाव के नतीजे घोषित हुए करीब एक सप्ताह बीत चुका है, फिर भी यह स्पष्ट नहीं है कि मुख्यमंत्री की भूमिका कौन संभालेगा। यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री की नियुक्ति को लेकर चल रही अनिश्चितता दिल्ली के निवासियों के हित में नहीं है।
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा, "पिछली दिल्ली सरकार के सारे कुकर्म खत्म होने जा रहे हैं और सजा भी उसी हिसाब से दी जाएगी। चाहे शीश महल हो, शराब घोटाला हो, जल बोर्ड घोटाला हो, पैनिक बटन घोटाला हो, राशन कार्ड घोटाला हो या मोहल्ला क्लीनिक घोटाला हो। दिल्ली को लूटने का काम करने वाले हर व्यक्ति को सजा मिलेगी। किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।"
बीजेपी नेता जयवीर शेरगिल का ने 6, फ्लैगस्टाफ रोड बंगले के विस्तार के लिए संपत्तियों के कथित विलय और इसके अंदरूनी हिस्से पर किए गए व्यय की सीवीसी द्वारा जांच के आदेश पर कहा कि अरविंद केजरीवाल द्वारा बनाया गया 'शीश महल' उनके अहंकार और अधिकार और AAP द्वारा किए गए भ्रष्टाचार का जीता जागता सबूत है। सरकार दिल्ली की जनता से एक-एक रुपया वसूलेगी।
आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल द्वारा दिल्ली सीएमओ के आधिकारिक एक्स हैंडल को खुद अपने हाथ में लेने की खबरों पर भाजपा नेता हरीश खुराना ने कहा, "यह भ्रष्टाचार है। सीएमओ हैंडल में भुगतान दिल्ली सरकार द्वारा किया जाता है। चुनाव हारने के बाद उन्होंने सीएमओ हैंडल के साथ जो कुछ भी किया, उसकी जांच होनी चाहिए। यह भी भ्रष्टाचार है। जब नया सीएम शपथ लेगा और दिल्ली सरकार बनेगी, तब इसकी जांच होगी।"
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के बयान पर जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने कहा, "वो पंजाब के मुख्यमंत्री हैं जाहिर है कि पंजाब के संबंध में वो चिंतित होंगे। ख़ास तौर से इस बात पर कि केवल पंजाब के लोग ही वापस नहीं आ रहे हैं और भी राज्यों के लोग हैं। शायद पंजाब के मुकाबले दूसरे राज्यों की संख्या ज्यादा है फिर भी विमान को अमृतसर में उतारा जा रहा है तो इसको लेकर शिकायत जायज है।"
CVC द्वारा 6 फ्लैगस्टाफ बंगले (पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल का आवास) के जीर्णोद्धार की जांच के आदेश दिए जाने पर भाजपा नेता सतीश उपाध्याय ने कहा, "मुख्यमंत्री के रूप में जिस तरह से अरविंद केजरीवाल और उनके परिवार ने मिलकर पूरी तरीके से शीशमहल को बनाया, तमाम नियमों का उल्लंघन किया गया और ये एक भ्रष्टाचार का बड़ा मामला दिखता है। इसमें निश्चित रूप से जो जांच हुई है, वो स्वागत योग्य है और ये जांच होनी चाहिए...लोगों के सामने सच्चाई आनी चाहिए..."
Delhi News LIVE Updates: दिल्ली में अरविंद केजरीवाल को एक और बड़ा झटका लगा है। आम आदमी पार्टी के तीन पार्षद बीजेपी में शामिल हो गए हैं।
भाजपा महासचिवों की बैठक आज शाम छह बजे पार्टी मुख्यालय में पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा की अध्यक्षता में होने की संभावना है। इस बात की जानकारी ANI ने सूत्रों के हवाले से दी है।
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के बयान पर भाजपा नेता तरुण चुघ ने कहा, "भगवंत मान और मनीष तिवारी पंजाब और देश की जनता को बताएं कि पंजाब के भोले-भाले बच्चे अवैध तरीके से क्यों गए, कैसे गए, किसने भेजा? किन दलालों के हाथों उनका जीवन खराब हुआ? 5 साल कांग्रेस की सरकार रही 3 साल से आपदा पार्टी बैठी है ये बताएं कि उन्होंने इन दलालों के खिलाफ क्या काम किया? उन दलालों को ढूंढने के बजाय बेवजह बयानबाजी कर रहे हैं।"
केंद्रीय सतर्कता आयोग ने 13 फरवरी को 6 फ्लैगस्टाफ बंगले (पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल का निवास) के जीर्णोद्धार की जांच का आदेश दिया, जिसके बाद सीपीडब्ल्यूडी ने अरविंद केजरीवाल के आधिकारिक सीएम निवास पर एक तथ्यात्मक रिपोर्ट प्रस्तुत की। सीवीसी ने सीपीडब्ल्यूडी को उन आरोपों की विस्तृत जांच करने के लिए कहा है, जिनमें कहा गया है कि '40,000 वर्ग गज (8 एकड़) में फैली एक भव्य हवेली के निर्माण के लिए भवन मानदंडों को लागू किया गया था।
27 साल बाद भारतीय जनता पार्टी की दिल्ली में सरकार बनने वाली है। ऐसे में सीएम और मंत्रियों को दी जाने वाली जिम्मेदारी पर चर्चा होना लाजमी है। देश की राजधानी होने की वजह से दिल्ली के सीएम का पद और भी महत्वपूर्ण हो जाता है। नई दिल्ली विधानसभा सीट से अरविंद केजरीवाल को चुनाव हराने वाले प्रवेश वर्मा के नाम को लेकर भी चर्चाएं हैं। सूत्रों के मुताबिक, उन्हें सीएम बनाया जा सकता है।
सूत्र ये भी बता रहे हैं कि दिल्ली के जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम में कैबिनेट की शपथ हो सकती है जिसमें, एनडीए के सभी नेताओं को शामिल होने का न्योता भेजा जाएगा। हाल ही में हुए विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने 70 में से 48 सीटों पर जीत दर्ज की है. आम आदमी पार्टी को महज 22 सीटें मिली हैं और दिल्ली की सत्ता उससे छिन गई है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ गृह मंत्री अमित शाह, जेपी नड्डा और बीजेपी के शीर्ष नेताओं की बैठक होगी। आज या कल पार्लियामेंट्री बोर्ड की मीटिंग होने वाली है और इसमें मंथन के बाद दिल्ली के नए सीएम का नाम सामने आ जाएगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी फ्रांस और अमेरिका के दौरे से दिल्ली वापस लौट आए हैं। अब दिल्ली के सीएम पद को लेकर जारी अटकलों पर जल्द विराम लग सकता है। नया सीएम और नई सरकार के शपथ ग्रहण की तारीख का ऐलान हो सकता है। सूत्रों के मुताबिक, इसके लिए बीजेपी ने एक फॉर्मूला निकाला है। इसके तहत जीते हुए 48 विधायकों में पहले 15 नाम छांट दिए गए और फिर जाति समीकरण के आधार पर 9 नाम तय किए गए। इन्हीं 9 में से मुख्यमंत्री, मंत्री और स्पीकर का नाम तय किया जाएगा। यानी एक चीज साफ है कि चुने हुए विधायकों में से ही कोई एक सीएम बनेगा।
आप आदमी पार्टी के एक्स हैंडल से भगवंत मान के हवाले से कहा गया है कि केंद्र सरकार पंजाब को बदनाम करने का कोई भी मौका नहीं छोड़ रही। अवैध प्रवासियों को लेकर अमेरिका का एक और सैनिक विमान कल अमृतसर में उतरेगा। विदेश मंत्रालय को बताना चाहिए किस लिए अमृतसर का ही चयन किया गया। जिस समय प्रधानमंत्री मोदी डोनाल्ड ट्रम्प से मिल रहे हैं, तभी वे हमारे लोगों पर बेड़ियां डाल रहे होंगे। क्या प्रधानमंत्री मोदी अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से यही तोहफा लेकर आ रहे हैं?"
Delhi News LIVE Updates: प्रधानमंत्री नरेंद्र अपनी अमेरकी यात्रा के बाद देश लौट आए हैं। कहा जा रहा है कि अब दिल्ली सीएम फेस को लेकर सस्पेंस जल्द खत्म हो सकता है।