दिल्ली में 8 फरवरी को चुनाव होना है। चुनाव से पहले सभी सियासी पार्टियां एक-दूसरे पर निशाना साधने में जुटी हुई हैं। अब आम आदमी पार्टी (AAP) के नेता संजय सिंह ने एक ट्वीट कर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर निशाना साधा है। AAP नेता संजय सिंह ने ट्वीट करते हुए लिखा कि ‘कई पत्रकार साथी पूछते हैं भाजपा दिल्ली का चुनाव राष्ट्रवाद पर लड़ेगी आपका क्या कहना है?’ अरे भैया किस लैब में भाजपाईयों का राष्ट्रवाद चेक हुआ? कैसे पता चला भाजपाई ज़्यादा राष्ट्रवादी हम लोग कम?’
ट्विटर पर आम आदमी पार्टी के नेता के इस ट्वीट को पढ़ने के बाद कई लोगों ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। एक यूजर ने इसपर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए लिखा कि ‘वैसे तो कई बार पता चला है, पर फिर भी एक उदाहरण दे ही देता हूँ, जनता अच्छे से जानती है कि किसने पाकिस्तान पर सर्जिकल स्ट्राइक करवाई और किसने उसके सबूत मांगे थे।’ अजीम शेख नाम के एक यूजर ने इसपर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए लिखा कि ‘सर जाने दो….. आप को जीत के लिए पहले से बधाई..’
कई पत्रकार साथी पूछते हैं “भाजपा दिल्ली का चुनाव राष्ट्रवाद पर लड़ेगी आपका क्या कहना है?” अरे भैया किस लैब में भाजपाईयों का राष्ट्रवाद चेक हुआ? कैसे पता चला भाजपाई ज़्यादा राष्ट्रवादी हम लोग कम?
— Sanjay Singh AAP (@SanjayAzadSln) January 10, 2020
दिल्ली में विधानसभा चुनाव 8 फरवरी से होना है। चुनाव के नतीजे 11 फरवरी को आएंगे। चुनाव के ऐलान के बाद आम आदमी पार्टी ने कहा है कि इस बार दिल्ली में चुनाव कामकाज के आधार पर होंगे। वहीं भारतीय जनता पार्टी ने दिल्ली के लोगों को सब्सिडी के आधार पर ज्यादा बिजली, पानी देने की बात कही है तो वहीं इस बार कांग्रेस भी जनता के बीच कई लोकलुभावन वादे लेकर आई है।
दिल्ली की सभी 70 सीटों पर वोटिंग के लिए कुल 13750 पोलिंग बूथ बनाए जाएंगे। दिल्ली में एक करोड़ 46 लाख वोटर्स अपने मतदान का इस्तेमाल करेंगे और 2689 जगहों पर वोटिंग होगी।