साइक्लोन बिपरजॉय के 15 जून को गुजरात के समुद्र तटों से टकराने की संभावना है। IMD के अनुसार, चक्रवात बिपरजॉय बृहस्पतिवार शाम को जखाऊ बंदरगाह तक पहुंचेगा। IMD दिल्ली के महानिदेशक डॉ मृत्युंजय महापात्र ने बताया कि मुंबई से दूरी अधिक होने की कारण बिपरजॉय का असर मुंबई में खास नहीं होगा। इसका प्रभाव गुजरात और राजस्थान में अधिक होगा।

आईएमडी महानिदेशक ने बताया, “चक्रवात जब कराची और मांडवी के बीच तट को पार करेगा तब हवा की गति 115-125 किमी प्रति घंटा रह सकती है। ये गति एक बहुत गंभीर चक्रवाती तूफान की गति है। इसके प्रभाव के कारण नुकसान हो सकता है। आज पूरे दिन समुद्र में ऊंची लहरें उठती रहेगी। चक्रवात के प्रभाव से राजस्थान में 16-17 जून को भारी बारिश हो सकती है और हवाओं की रफ्तार 50-60 किमी प्रति घंटे की रहने का अनुमान है।”

पाकिस्तान के आस-पास जा रहा साइकलोन बिपरजॉय

IMD महानिदेशक ने यह भी बताया, “अरब सागर में Cyclone Biparjoy के प्रभाव के कारण गुजरात में तेज हवाएं चल रही हैं। जामनगर में लगातार तेज बारिश हो रही है। चक्रवात बिपरजॉय पाकिस्तान के आस-पास जा रहा है। हम क्षेत्रीय विशिष्ट मौसम विज्ञान केंद्र होने के बाद भी पाकिस्तान को हर 3 घंटे में बढ़ते तूफान, बारिश, मार्ग, तीव्रता के बारे में नियमित रूप से जानकारी और सलाह दे रहे हैं।

कम हुई चक्रवात की गति

वहीं, गांधीनगर के राहत आयुक्त आलोक पांडे ने जानकारी दी कि चक्रवात बिपरजॉय की गति कम हो गई है लेकिन हवा की गति लगभग 110-125 किलोमीटर प्रति घंटा होगी, जो बहुत खतरनाक है। भारतीय तट रक्षक के उप महानिदेशक एम. वी. पाठक ने जानकारी दी। “हमने अपने जहाज बचाव और राहत कार्य के लिए बंदरगाह पर तैनात किए हैं। हमारे 3 ऑफशोर पेट्रोल वाहन, 4 फास्ट पेट्रोल वाहन, 8 इंटरसेप्टर नांव, 3 डोर्नियर, 1 ALH गुजरात में तैयार हैं। 4 डोर्नियर, 4 चेतक और 1 ALH दमन में तैयार है। हमने गुजरात में 23 DRTs (आपदा प्रतिक्रिया टीम) तैयार की हैं।”

Cyclone Biparjoy: शाम 4-8 बजे तक रहेगा ज्यादा असर

एनडीआरएफ गांधीनगर डिप्टी कमांडेंट अनुपम ने बताया, “टीमें निचले इलाकों का जायजा ले रही हैं। राहत कार्य किए जा रहे हैं। शाम 4-8 बजे तक इसका असर सबसे ज्यादा रहेगा। चक्रवात के लिए हमें अलग तरह से तैयारी करनी पड़ती है। इसमें कटिंग का काम ज्यादा होता है।” गुजरात के स्वास्थ्य मंत्री ऋषिकेश पटेल ने कहा, “47 हजार से ज्यादा लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा दिया गया है। लोगों को हर प्रकार की सुविधा दी जा रही है। गर्भवती महिलाओं को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जिसमें से 270 महिलाओं की डिलवरी हो गई है। सभी टीमें सुनिश्चित कर रही हैं कि नुकसान कम से कम हो।”

दिल्ली में हो सकती है बारिश

आईएमडी ने जानकारी दी कि चक्रवात के प्रभाव से राजधानी दिल्ली में बृहस्पतिवार को तेज हवाएं चलने के साथ ही हल्की बारिश होने का अनुमान है। आईएमडी के मुताबिक, दिल्ली में बृहस्पतिवार को सुबह आसमान में बादल छाए रहे जबकि न्यूनतम तापमान 29.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से एक डिग्री कम है। वहीं, अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।