देश के कई राज्यों में कोरोना का कहर देखने को मिल रहा है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। इससे पहले राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भी कोरोना संक्रमित होने की जानकारी दी थी। इधर दिल्ली के परिवहन मंत्री कैलाश गहलोत के भी संक्रमित होने की खबर है।

खबरों के अनुसार उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री के साथ-साथ उनके कई स्टाफ भी कोरोना की चपेट में हैं। आदित्यनाथ ने ट्वीट कर कहा है कि शुरुआती लक्षण दिखने पर मैंने कोविड की जांच कराई और मेरी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।मैं सेल्फ आइसोलेशन में हूं और चिकित्सकों के परामर्श का पूर्णतः पालन कर रहा हूं। सभी कार्य वर्चुअली संपादित कर रहा हूं। प्रदेश सरकार की सभी गतिविधियां सामान्य रूप से संचालित हो रही हैं। इस बीच जो लोग भी मेरे संपर्क में आएं हैं वह अपनी जांच अवश्य करा लें और एहतियात बरतें।

अखिलेश यादव भी हैं संक्रमित: समाजवादी पार्टी के नेता अखिलेश यादव ने बुधवार सुबह जानकारी दी थी कि वो कोरोना संक्रमित हो गये हैं। अखिलेश ने कहा था कि उन्होंने खुद को आइसोलेट कर लिया है। बताते चलें कि अखिलेश यादव ने हाल ही में कुंभ का दौरा किया था।

दिल्ली सरकार के मंत्री भी संक्रमित: दिल्ली के परिवहन मंत्री कैलाश गहलोत भी कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। उन्होंने ट्वीट कर लोगों से अपील की है कि जो भी उनके संपर्क में आए हैं वो अपना-अपना टेस्ट करवा लें।

लगातार चौथे दिन देश में डेढ़ लाख से अधिक मामले: बुधवार सुबह जारी रिपोर्ट के अनुसार पिछले 24 घंटे में 1,84,372 नए मामले सामने आए हैं। लगातार चौथे दिन देश में डेढ़ लाख से अधिक मामले सामने आए हैं। पिछले 24 घंटे में देश में 1027 मरीजों की मौत हुई है।18 अक्टूबर 2020 के बाद से मौतों की यह सबसे बड़ी संख्या है। महाराष्ट्र, गुजरात, उत्तर प्रदेश और दिल्ली में संकट लगातार बढ़ रहा है। इन जगहों पर मरीजों के इलाज के लिए अस्पताल में जगह नहीं हैं। कई जगहों पर इलाज के इंतजार में मरीजों की मौत हो रही है।