उत्तर प्रदेश में लोकसभा चुनाव के लिए समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस का सीटों के लिए समझौता तीन सीटों की वजह से अटका हुआ है। सपा सूत्रों का कहना है कि कांग्रेस की ओर से कानपुर शहर, आगरा शहर और इलाहाबाद शहर सीटों की मांग हो रही है लेकिन अभी सपा ने इस पर कोई निर्णय नहीं लिया है।
सपा सूत्रों का कहना है कि कांग्रेस की ओर से जिन सीटों की मांग की जा रही है, उनमें रायबरेली, अमेठी, सहारनपुर, कानपुर शहर, आगरा शहर और इलाहाबाद शहर शामिल हैं। उन्होंने बताया कि रायबरेली और अमेठी पर तो किसी और का कोई दावा ही नहीं है। कांग्रेस सहारनपुर को इमरान मसूद के लिए मांग रही है। सपा इस सीट को भी कांग्रेस को देने के लिए राजी है। सूत्रों ने बताया कि अभी कानपुर शहर, आगरा शहर और इलाहाबाद शहर लोकसभा सीटों पर मामला अटका हुआ है।
आगरा शहर सीट को कांग्रेस राज बब्बर के लिए मांग रही है। वहीं, कांग्रेस सूत्रों का कहना है कि पार्टी ने अब तक उत्तर प्रदेश में 13 सीटें चिह्नित की हैं। उनका कहना है कि यूपी में सीट बंटवारे पर अंतिम फैसला कांग्रेस और सपा दोनों के शीर्ष नेतृत्व की बातचीत के बाद लिया जाएगा। इससे पहले जब सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने ‘एक्स’ पर कांग्रेस को 11 सीटें देने का एलान किया था, तब कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने कहा था कि यूपी में सीट समझौते को लेकर अभी भी बातचीत हो रही है।
अखिलेश यादव ने ‘एक्स’ पर जो लिखा है वह औपचारिक नहीं है। अशोक गहलोत और अखिलेश यादव की बैठक होने वाली है, उसके बाद ही यूपी में सीटें तय होंगी। यूपी को लेकर अखिलेश और अशोक गहलोत की बातचीत चल रही है। वो जल्द मिलेंगे। जब बात पूरी हो जाएगी, उसके बाद ही हम कह सकते हैं कि क्या फार्मूला है।
सपा मंगलवार को लोकसभा के लिए 16 उम्मीदवारों की अपनी पहली सूची जारी कर चुकी है। दूसरी सूची भी दो-तीन दिन में आने की संभावना है। पहली सूची में डिंपल यादव समेत तीन उम्मीदवार परिवार के हैं। सांसद डिंपल यादव को फिर से मैनपुरी और शफीकुर्रहमान बर्क को फिर से संभल से उम्मीदवार बनाया गया है।
फैजाबाद अनारक्षित सीट है, पर यहां से पूर्व मंत्री व नौ बार के विधायक अनुसूचित जाति के अवधेश प्रसाद को उतारा गया है। दूसरी ओर, सपा और राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) के बीच भी यूपी में लोकसभा सीटों के लिए समझौता हो चुका है। इस समझौते के मुताबिक सपा ने रालोद को सात सीटें दी हैं। हालांकि रालोद आठ सीटें मांग रहा है।
सपा जल्द ही उत्तर प्रदेश में लोकसभा सीटों के लिए जारी करेगी दूसरी सूची। जब सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने ‘एक्स’ पर कांग्रेस को 11 सीटें देने का एलान किया था, तब कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने कहा था कि यूपी में सीट समझौते को लेकर अभी भी बातचीत हो रही है।