Rahul Gandhi: कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश (Jairam Ramesh) ने शनिवार (12 नवंबर, 2022) को कहा कि कांग्रेस सांसद राहुल गांधी (Rahul Gandhi) के संसद के आगामी शीतकालीन सत्र (Winter Session of Parliament) में भाग लेने की संभावना नहीं है, क्योंकि वो भारत जोड़ो यात्रा को नहीं छोड़ेंगे। वहीं संसद के शीतकालीन सत्र के दिसंबर के पहले हफ्ते पुराने भवन में शुरू होने तथा महीने के अंत तक चलने की संभावना है। तारीखों के बारे में अंतिम फैसला संसदीय मामलों की कैबिनेट समिति करेगी।

शीतकालीन सत्र आमतौर पर नवंबर के तीसरे सप्ताह में शुरू होता है। सत्र के दौरान करीब 20 बैठकें होती हैं, लेकिन ऐसे उदाहरण भी है, जब 2017 और 2018 में सत्र का आयोजन दिसंबर में किया गया था।

वहीं कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा (Bharat Jodo Yatra) महाराष्ट्र पहुंच चुकी है। कन्याकुमारी से शुरू हुई ये यात्रा कर्नाटक, तेलंगाना के बाद महाराष्ट्र पहुंची है। यहां पर राहुल गांधी के साथ शिवसेना नेता आदित्य ठाकरे का साथ भी मिल गया है। आदित्य ने राहुल के साथ मार्च किया है और बड़ा सियासी संदेश देने की कोशिश की। महाराष्ट्र में कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा 14 दिन तक चलेगी। भारत जोड़ो यात्रा में कांग्रेस नेता राहुल गांधी लोगों से अलग अंदाज में मिल रहे हैं। साथ ही भाजपा पर आक्रामक रुख अख्तियार कर रहे हैं।

कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा का महाराष्ट्र के बाद अगला प्रस्थान मध्य प्रदेश है। 20 नवंबर को राहुल मध्य प्रदेश पहुंच जाएंगे। अब तक उनकी भारत जोड़ो यात्रा 66 दिन लंबी हो चुकी है। 7 सितंबर को तमिलनाडु के कन्याकुमारी से ये यात्रा शुरू हुई थी। कांग्रेस का कहना है कि इस यात्रा के जरिए देश को एकजुट करने की कोशिश की जा रही है। साथ भारतीय जनता पार्टी की विफलताओं को जनता के बीच लाया जा रहा है।

बता दें, कुछ दिन पहले नादेड़ में ही एक रैली को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने बीजेपी पर जमकर निशाना साधा था। उन्होंने कहा था कि आज देश में कई ज्वलंत समस्याएं हैं, लेकिन केंद्र सरकार उन पर ध्यान नहीं दे रही है। यह सरकार केवल चार या पांच पूंजीपतियों के लिए काम कर रही है। नोटबंदी ने देश में छोटे व्यवसायों को ठप कर दिया।