Bharat JodoYatra: भारत जोड़ो यात्रा (Bharat JodoYatra) के दौरान मध्य प्रदेश में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जयराम रमेश (Jairam Ramesh) ने गुरुवार (1 दिसंबर, 2022) को केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया (Jyotiraditya Scindia) पर बड़ा हमला बोला है।

उन्होंने कहा कि ज्योतिरादित्य सिंधिया कैबिनेट मंत्री बनना चाहते थे और सफदरजंग स्थित 27 नंबर बंगले में रहना चाहते थे, इसलिए वे कांग्रेस छोड़कर भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए। यही दो कारण थे, बाकी सब बहाने थे। बता दें, सिंधिया के कांग्रेस छोड़ने के कारण ही आज कांग्रेस मध्य प्रदेश में सत्ता से बाहर है।

जयराम रमेश बोले- प्रधानमंत्री की नीयत और नीतियों के कारण भारत के टूटने की संभावना बन गई

जयराम रमेश (Jairam Ramesh) ने कहा कि पीएम मोदी (PM Modi) की नीयत और नीतियों के कारण भारत के टूटने की संभावना बन गई है। जिसमें आर्थिक विषमताएं, सामाजिक धुव्रीकरण और राजनीतिक तानाशाही की वजह से भारत के टूटने की संभावना बढ़ी है। उन्होंने कहा कि इसको रोकने के कारण भारत जोड़ो यात्रा निकालन जरूरी है।

मध्य प्रदेश में यात्रा को दबाने की कोशिश हुई: जयराम रमेश

कांग्रेस नेता ने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा में अब तक ऐसे भी लोग शामिल हुए हैं, जिनका कांग्रेस से कोई लेनादेना नहीं है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की इस यात्रा में सभी जाति धर्म के लोग शामिल हुए। आरोप लगाया कि मध्यप्रदेश में यात्रा को दबाने की कोशिश की गई है। इंदौर में यात्रा के बैनर हटाए गए। पुलिस अफसरों से बहस हुई। इसके बाद भी यात्रा सफल रही।

बिल्ली के आंख मूंद लेने से अंधेरा नहीं हो जाता: भाजपा प्रवक्ता

मध्य प्रदेश भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता आशीष अग्रवाल ने कांग्रेस नेता जयराम रमेश के बयान पर पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि गुलाम नबी आजाद, कपिल सिब्बल, जयवीर शेरगिल, कैप्टन अमरिंदर सिंह आदि नेता क्यों छोड़कर गए? इन्हें कौन से मंत्री पद मिल गए? उन्होंने तंज भरे लहजे में कहा कि कब तक अपने हाईकमान की नाकामियों पर पर्दा डालने रहेंगे? बिल्ली के आंख मूंद लेने से अंधेरा नहीं हो जाता।

4 दिसंबर को राजस्थान में प्रवेश करेगी भारत जोड़ो यात्रा

जयराम रमेश ने कहा कि चार दिसंबर को भारत जोड़ो यात्रा राजस्थान में प्रवेश करेगी।19 दिसंबर को अलवर में बड़ी सभा होगी। 24 दिसंबर को यात्रा दिल्ली पहुंचेगी। वहां चार-पांच दिन का विश्राम होगा। यात्रा में चल रहे कंटेनरों का रखरखाव किया जाएगा। उसके बाद भारत जोडो यात्रा उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब होते हुए श्रीनगर पहुंचेगी। कोशिश है कि राहुल गांधी 26 जनवरी को श्रीनगर में तिरंगा फहराए।

इस दौरान कांग्रेस नेता तरुण भनोट ने मध्य प्रदेश की सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश की जनता भी जानती है कि यहां सड़कें बनती बाद में हैं और बह पहले जाती हैं। उन्होंने कहा कि आप सबने देखा है कि कैसे बरसात में 6 महीने पहले बने पुल, नेशनल हाइवे, स्टेट हाइवे सब बह गए। ये सड़कें शुद्ध रूप से भ्रष्टाचार का प्रतीक हैं।