मनोज सीजी/इराम सिद्दीकी

कांग्रेस पार्टी की भारत जोड़ो यात्रा चल रही है और यह मध्य प्रदेश में है। शनिवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने बीजेपी और आरएसएस पर संविधान का गला घोंटने और उसे खत्म करने की कोशिश करने का आरोप लगाते हुए कहा कि उनके नेता बी आर अंबेडकर के आगे हाथ जोड़ते थे लेकिन पीठ में छुरा भोंकते थे।

राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि आरएसएस महात्मा गांधी की विरासत के साथ ऐसा ही कर रहा है। राहुल ने यह भी आरोप लगाया कि न्यायपालिका, मीडिया और सेना समेत देश की हर संस्था में संघ की पैठ है।

भारत जोड़ो यात्रा के तहत मध्य प्रदेश में मौजूद कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने संविधान दिवस के अवसर पर अंबेडकर की जन्मस्थली महू में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के साथ एक जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि संविधान सिर्फ एक किताब नहीं बल्कि एक जीवित शक्ति, विचार और आवाज है और आरएसएस उस ताकत को मिटाना चाहता है।

राहुल गांधी ने कहा कि तिरंगे को अपनी ताकत संविधान से मिलती है। उन्होंने कहा, “आरएसएस ने 52 साल तक अपने मुख्यालय में राष्ट्रीय ध्वज नहीं फहराया। वे (भाजपा-आरएसएस) अंबेडकर के सामने हाथ जोड़ते हैं और फिर संविधान को खत्म करने और इसे फाड़ने की कोशिश करते हैं, जिसके निर्माण के लिए बाबासाहेब ने अपना जीवन समर्पित कर दिया।” शनिवार सुबह टी-ब्रेक के दौरान यात्रा में भगदड़ मच गई थी, जिसमे कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह (Digvijay Singh) गिर गए थे

राहुल गांधी ने कहा, “वे (बीजेपी-आरएसएस) कभी भी अंबेडकर का खुले तौर पर अपमान नहीं कर पाएंगे। वे गांधी के साथ भी ऐसा ही कर रहे हैं। गांधी का संदेश क्या था? उन्होंने कहा कि डरें नहीं और हिंसा में शामिल न हों। आरएसएस के लोग अब क्या कर रहे हैं? पहले वे उनके (गांधी) सामने हाथ नहीं जोड़ते थे। पहले ये गोडसे के सामने हाथ जोड़ते थे लेकिन आज इन्हें गांधी के सामने झुकने के लिए मजबूर किया जाता है। वे गांधी की प्रतिमा के सामने हाथ जोड़ते हैं और फिर उनके अहिंसा के संदेश को मिटा देते हैं।”

उन्होंने कहा कि आरएसएस और बीजेपी संविधान को खुले तौर पर नष्ट नहीं कर सकते, क्योंकि उनके पास इसके लिए साहस नहीं है। जिस दिन वे ऐसा करने की कोशिश करेंगे, भारत की आवाज उन्हें रोक देगी। इसलिए वे इसे चोरी-छिपे कर रहे हैं।