कांग्रेस पार्टी की भारत जोड़ो यात्रा (Bharat Jodo Yatra) चल रही है, जिसका नेतृत्व कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और सांसद राहुल गांधी (Congress MP Rahul Gandhi) कर रहे हैं। यात्रा मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) में है। शनिवार सुबह 6 बजे यात्रा की शुरुआत खंडवा जिले के मोरटक्का से हुई और करीब 7 बजे बड़वाह पहुंची। लेकिन सुबह टी-ब्रेक के दौरान यात्रा में भगदड़ मच गई, जिसमे कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह (Digvijay Singh) गिर गए और नाराज हो गए।
सुबह सात बजे बड़वाह से करीब 4 किलोमीटर आगे बढ़ने पर राहुल गांधी चोर बावड़ी के पास एक होटल पर अचानक टी-ब्रेक के लिए रुके। इसी दौरान वहां भगदड़ मच गई, जिसमें दिग्विजय सिंह गिर गए। इसके बाद उनके ऊपर कुछ कार्यकर्ता भी गिर गए। तभी वहां मौजूद अन्य कार्यकर्ताओं ने उन्हें उठाया। इसके बाद दिग्विजय सिंह नाराज हो गए।
बता दें कि भारत जोड़ो यात्रा बलवाड़ा में स्थित मैयापुरधाम मंदिर में दर्शन के बाद महू पहुंचेगी। यहां राहुल गांधी और कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे भीम जन्मभूमि स्थित अम्बेडकर स्मारक पर बाबा साहेब अम्बेडकर को नमन करेंगे। इस दौरान अम्बेडकर स्मारक पर दर्शन करने के बाद राहुल अभिभाषक प्रतिनिधि मंडल से मिलेंगे। अम्बेडकर मेमोरियल सोसायटी के सभी सदस्यों के साथ ही गणमान्यजन ही स्मारक समिति की ओर से मौजूद रहेंगे।
राहुल गांधी और कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे गैर राजनीतिक समाज की विभिन्न प्रतिभाओं से भी मुलाकात करेंगे। इसके बाद दोनों नेता ड्रीमलैंड चौराहे पर एक जनसभा को संबोधित करेंगे। इस दौरान मंच पर कांग्रेस नेता और पूर्व सीएम कमलनाथ, पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह समेत देश व प्रदेश स्तर के लगभग 40 नेता मौजूद रहेंगे।
भारत जोड़ो यात्रा में चल रहे यात्री आज पुराने डिपो मैदान में रात रुकेंगे। रविवार सुबह 6 बजे इंदौर के लिए यात्रा प्रस्थान करेगी। बता दें कि कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा में ग्रांट नाम का एक अमेरिकी नागरिक भी शामिल हुआ था। इस अमेरिकी नागरिक का कहना था कि वह भारत जोड़ो यात्रा में इसलिए शामिल हुआ है क्योंकि उसे जोड़ने के विषय से काफी लगाव है और वह राहुल गांधी की इस यात्रा से काफी प्रभावित हुआ है।