Bharat Jodo Yatra: कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा (Bharat Jodo Yatra) को लेकर केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी (Union minister Smriti Irani) ने राहुल गांधी (Rahul Gandhi) पर तंज कसा है। स्मृति ईरानी (Smriti Irani) ने कहा कि राहुल गांधी 18 साल से सांसद हैं। अब वो देश को समझना चाहते हैं और दावा कर रहे हैं कि भारत को जोड़ना चाहते है। उन्होंने कहा कि चुनाव आते ही राहुल गांधी का पाखंड शुरू हो जाता है। बता दें, स्मृति ईरानी एक निजी टीवी चैनल (इंडिया टीवी) से बात कर रही थीं।
भारत जोड़ो यात्रा (Bharat Jodo Yatra) के तहत कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष के मंदिर जाने पर निशाना साधते हुए केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने कहा कि यह लोग चुनावी मौसम में इस तरह पाखंड के आदी हो गए हैं। स्मृति ईरानी ने कहा, ‘राहुल गांधी के पूजा या आरती करने से मुझे कोई परेशानी नहीं है। कोर्ट पे जनेऊ पहनने से कोई बड़ा धार्मिक नहीं बन जाता…चुनाव आते ही पखंड शुरू हो जाता है।
बता दें, कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी (Rahul Gandhi) शुक्रवार शाम धार्मिक रंग में रंगे नजर आए थे। राहुल गांधी ने मध्य प्रदेश के खंडवा जिले के ओंकारेश्वर के ब्रह्मपुरी घाट पर हाथ में दीपक लेकर नर्मदा नदी की संध्या आरती की थी। इसके बाद उन्होंने भगवान शिव के ज्योतिर्लिंग के दर्शन किए थे। सफेद कुर्ता-पायजामा पहने राहुल गांधी को ब्रह्मपुरी घाट पर पूजा के दौरान पुरोहितों ने पवित्र ‘ऊं’ अक्षर अंकित पीला वस्त्र ओढ़ाया और लाल पगड़ी पहनाई थी। इस दौरान उनकी बहन और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी भी साथ में थी।
भारत जोड़ो यात्रा में पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लगाए जा रहे: स्मृति ईरानी
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि डेविड हेडली (2008 के मुंबई हमलों के मामले में मुख्य आरोपियों में से एक) के समर्थक आपके साथ (राहुल गांधी) चल रहे हैं। आपकी यात्रा के दौरान पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लगाए जा रहे हैं और आपके पास कहने के लिए कुछ नहीं है?
स्मृति ईरानी ने सवाल किया कि कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा यूपी, गुजरात या पूर्वोत्तर में क्यों नहीं हो रही है। कांग्रेस के दिग्गज नेता मधुसूदन मिस्त्री द्वारा पीएम मोदी के लिए इस्तेमाल की गई टिप्पणी का जिक्र करते हुए ईरानी ने कहा कि इस तरह के बयान पार्टी के ‘राजनीतिक अहंकार’ को उजागर करते हैं।
ईरानी ने कहा, ‘गांधी परिवार से कोई भी पूर्व लिखित स्क्रिप्ट के बिना किसी भी प्रश्न का उत्तर नहीं दे सकता है। उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी शायद ही कभी अपने लोकसभा क्षेत्र रायबरेली जाती हैं। स्मृति ईरानी ने कांग्रेस नेतृत्व पर टिप्पणी करते हुए कहा कि इतिहास में पहली बार देश ने इस पार्टी (कांग्रेस) का अध्यक्ष बनने के लिए लोगों से भीख मांगते देखा है।