Chakka Jam on 06 Feb 2021: किसान संगठनों ने 6 फरवरी यानी शनिवार को देशव्यापी ‘चक्का जाम’ का आह्वान किया है। किसान नेताओं ने यह भी कहा है कि यह प्रदर्शन दिल्ली के अंदर नहीं होगा। फिर भी दिल्ली पुलिस ने तैयारियां पूरी कर ली हैं और एजेंसियां भी अलर्ट हैं। सूत्रों के मुताबिक गृह मंत्री अमित शाह ने राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल और दिल्ली पुलिस के शीर्ष अधिकारियों के साथ बैठक की और सुरक्षा की तैयारियों का जायजा लिया। गणतंत्र दिवस पर हुई हिंसा को देखते हुए सरकार कोई कोताही नहीं बरतना चाहती है।

किसानों ने दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक चक्का जाम का ऐलान किया है। भारतीय किसान यूनियन के रष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने कहा कि यह प्रदर्शन शांतिपूर्ण तरीके से होगा। उन्होंने कहा, 3 घंटे के इस प्रदर्शन में लोगों की सहूलियत का भी ध्यान रखा जाएगा। उन्होंने कहा, इस चक्का जाम के लिए किसानों को दिल्ली या दिल्ली की सीमा पर नहीं बुलाया गया है बल्कि वे अपने-अपने इलाकों में ही प्रदर्शन करेंगे।

दिल्ली पुलिस के अधिकारियों ने संयुक्त किसान मोर्चा के सदस्यों के साथ बैठक भी की। किसान नेताओं ने कहा कि इंटरनेट बैन और किसानों के शोषण के खिलाफ यह प्रदर्शन होगा। जानकारी के मुताबिक दिल्ली पुलिस भी किसी भी परिस्थिति से निपटने को तैयार है। सीमाओं पर बैरिकेडिंग कर दी गई है। कटीले तार लगा दिए गए हैं। अगर कोई भी किसान ट्रैफिक में बाधा पैदा करता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

हरियाणा प्रशासन ने भी तैयारियां पूरी कर ली हैं। हाइवे और दिल्ली के सीमावर्ती इलाकों में बड़ी संख्या में सुरक्षाबलों को तैनात कर दिया गया है। भारतीय किसान यूनियन ने कहा है कि दिल्ली को छोड़कर अन्य इलाकों में यह प्रदर्शन होगा और जाम में फंसने वाले लोगों के लिए भोजन-पानी का इंतजाम भी किया जाएगा। यूनियन ने कहा, हम लोगों को बताएंगे कि सरकार हमारे साथ क्या कर रही है।

सूत्रों के मुताबिक गणतंत्र दिवस जैसी दुर्घटना को टालने के लिए गृह मंत्री अमित शाह ने राज्यों को तीन पॉइंट की अडवाइजरी जारी की है। गृह मंत्रालय ने दिल्ली और उत्तर प्रदेश और प्रशासन से कहा है कि सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।