Navjot Sidhu Big Claim: लोकसभा चुनाव के बीच कांग्रेस नेता नवजोत सिंह सिद्धू ने बड़ा दावा किया है। सिद्धू ने कहा कि पंजाब सीएम भगवंत ने एक बार पार्टी में शामिल होने के लिए उनसे संपर्क किया था। कांग्रेस नेता ने यह बात एक टीवी इंटरव्यू के दौरान कही। उन्होंने इंटरव्यू के एक क्लिप एक्स हैंडल पर भी शेयर की है। हालांकि, सिद्धू के दावे पर अभी तक पंजाब के मुख्यमंत्री की तरफ से कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

नवजोत सिंह सिद्धू ने कहा कि मैं आपको एक बात बता सकता हूं कि असल में मुझसे किसने संपर्क किया था। भगवंत मान साहब मेरे पास आए थे। अगर वह कहेंगे तो मैं उन्हें वह जगह भी बताऊंगा, जहां वे मिले थे।

सिद्धू न कहा, ‘भगवंत मान ने मुझसे कहा कि पाजी, अगर मैं उन्हें (भगवंत मान) कांग्रेस में शामिल करा दूं तो वह मेरे डिप्टी बनने के लिए तैयार हैं और उन्होंने मुझसे यह भी कहा कि अगर आप (सिद्धू) आम आदमी पार्टी में आ जाएं, फिर भी वह मेरे डिप्टी बनने के लिए तैयार हैं।’

सिद्धू ने यह भी दावा किया कि उन्होंने पंजाब सीएम भगवंत मान से कहा कि वह कांग्रेस नेताओं राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा के प्रति प्रतिबद्ध हैं और उनके लिए उन्हें छोड़ना संभव नहीं है। नवजोत सिद्धू ने कहा कि उन्होंने मान से कहा कि यदि वह चाहें तो कांग्रेस में शामिल होने के लिए उनका स्वागत है और उन्हें दिल्ली में पार्टी नेतृत्व से बात करनी चाहिए। इसके बाद आगे कोई चर्चा नहीं हुई।

कांग्रेस नेता ने कहा कि उनका सिर्फ एक ही लक्ष्य है, वो है पंजाब के लोगों की सेवा करना। उन्होंने पंजाब पर बढ़ते कर्ज को लेकर भगवंत मान के नेतृत्व वाली आप सरकार पर भी निशाना साधा। सिद्धू ने कहा कि वे विमान और लक्जरी गाड़ियों में चलते हैं, लेकिन इसका कर्ज पंजाब की जनता को चुकाना पड़ता है।

बता दें, इंडिया अलायंस में शामिल दोनों दलों के बीच दिल्ली, हरियाणा और गुजरात को लेकर सीट शेयरिंग की डील फाइनल हो चुकी है। हालांकि, इसमें पंजाब को अलग रखा गया है। वहां कांग्रेस और AAP के बीच गठबंधन नहीं होने की वजह से दोनों ही पार्टियां अलग-अलग चुनाव मैदान में उतरेंगी। भले ही दिल्ली समेत दूसरे राज्यों में AAP-कांग्रेस का गठबंधन हुआ हो लेकिन पंजाब में दोनों ही पार्टियों में टकराव बढ़ता जा रहा। इसका नजारा पंजाब विधानसभा के बजट सत्र में देखने को मिला। जहां हालात यहां तक पहुंच गए कि खुद पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कांग्रेस नेता प्रताप सिंह बाजवा से सीट शेयरिंग समझौता खत्म करने की धमकी तक दे दी थी।