Congress Central Election Committee: कांग्रेस की केंद्रीय चुनाव समिति (सीईसी) की बैठक दिल्ली में चल रही है। बैठक की अध्यक्षता कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे कर रहे हैं। इस बैठक में तीन राज्यों (एमपी, राजस्थान, छत्तीसगढ़) के उम्मीदवारों के नाम तय किए जा सकते हैं। इससे पहले 13 अक्टूबर को कांग्रेस पार्टी ने दिल्ली में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) मुख्यालय में मध्य प्रदेश, तेलंगाना विधानसभा चुनावों के मद्देनजर केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक आयोजित की थी। सीईसी की बैठक होने से पहले कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने भरोसा जताया है कि कांग्रेस आगामी विधानसभा चुनावों में जीत दर्ज करेगी।

राहुल गांधी आज करेंगे प्रेस कॉनफ्रेंस

वहीं कांग्रेस सांसद राहुल गांधी आज सुबह 10.30 बजे दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस करने वाले हैं। जानकारी के मुताबिक राहुल गांधी अडानी के मुद्दे पर मीडिया से बात कर सकते हैं । हालांकि राहुल गांधी आज प्रियंका गांधी के साथ तेलंगाना में पार्टी के चुनाव प्रचार की शुरुआत भी करने वाले हैं। इससे पहले राहुल गांधी दो दिनों के मिजोरम दौरे पर थे। दो दिनों तक उन्होंने मिजोरम में पार्टी का प्रचार किया।

राहुल गांधी ने इससे पहले पांच राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनावों में कांग्रेस की जीत का दावा किया था। उन्होंने कहा था कि पांच राज्यों मिजोरम, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, राजस्थान और तेलंगाना में कांग्रेस विधानसभा चुनाव जीतेगी। राहुल ने यह भी दावा किया कि विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ देश के 60 प्रतिशत हिस्से का प्रतिनिधित्व करता है, जो बीजेपी से भी अधिक है। उन्होंने कहा कि यदि कांग्रेस मिजोरम में सत्ता में आती है तो बुजुर्गों को दो हजार रुपये प्रतिमाह पेंशन, 750 रुपये में गैस सिलेंडर और उद्यमियों को सहायता देगी।

मिजोरम की यात्रा के दौरान आइजोल में राहुल गांधी ने मीडिया से कहा था कि विपक्षी गठबंधन अपने मूल्यों, संवैधानिक ढांचे और धर्म या संस्कृति से परे लोगों की खुद को अभिव्यक्त करने और सद्भाव से रहने की स्वतंत्रता को संरक्षित कर ‘भारत की अवधारणा’ की रक्षा करेगा। उन्होंने गैर-भाजपा शासित राज्यों का जिक्र करते हुए कहा, ‘यह जानना जरूरी है कि हम (इंडिया गठबंधन) देश के 60 प्रतिशत लोगों का प्रतिनिधित्व करते हैं, जो कि भाजपा से कहीं अधिक है।’ भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) पर निशाना साधते हुए राहुल ने कहा, ‘हमारे देश के लिए उनका दृष्टिकोण हमसे अलग है। हम विकेंद्रीकरण में विश्वास करते हैं, जबकि भाजपा का मानना है कि सभी निर्णय दिल्ली में लिए जाने चाहिए।’

कांग्रेस शासित तीन राज्यों का जिक्र करते हुए राहुल गांधी ने बाद में कहा था कि राजस्थान में बेहतरीन स्वास्थ्य देखभाल नीति है, कर्नाटक एक अतुलनीय सामाजिक सुरक्षा प्रदान करता है, जबकि छत्तीसगढ़ मजबूत नीतियों के साथ उद्यमियों का समर्थन करता है। राहुल ने कहा था कि हम मध्य प्रदेश में भाजपा को समेट देंगे। हमने छत्तीसगढ़ में उनको हराया और दोबारा हराएंगे। पिछले चुनावों में राजस्थान में भाजपा को हराया था और यहां भी जीत दोहराएंगे। हम पूर्वोत्तर में भी ऐसा ही करेंगे। किसी को भी कांग्रेस की अवधारणा को कम नहीं आंकना चाहिए।