संसद में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी के बीच हुई नोकझोंक पर बीजेपी सांसद रमा देवी की प्रतिक्रिया आई है। संसद परिसर में मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी ने ईरानी से गुस्से में बात की थी।

बीजेपी सांसद ने कहा, “सोनिया गांधी बौखलाई हुई आईं और पूछा कि मुझें क्यों ऐसा कहा जा रहा है। मैंने कहा कि जिस नेता को आपने चुना है, उससे पूछिए कि क्या बोला है। आपने ऐसे नेता को चुना है तो आपको ही बोलेंगे ना लोग।” उन्होंने बताया कि स्मृति ईरानी आईं तो सेनिया गांधी ने तैश में कहा कि आपसे बात नहीं कर रहे हैं

रमा देवी ने बताया कि सोनिया गांधी से कहा गया कि उन्हें अपने नेता से पूछना चाहिए कि उन्होंने राष्ट्रपति को “राष्ट्रपत्नी” कहा और वो भी एक बार नहीं दो बार कहा। इसके बाद भी आप यहां पर पूछने आई हैं। इस पर सोनिया गांधी भड़क गईं।

कांग्रेस नेता ने भी बताया क्या हुआ था संसद में
कांग्रेस सांसद गीता कोरा ने कहा, “सदन की कार्यवाही खत्म होने के बाद सांसद बाहर निकल रहे थे। तभी पीछे से सोनिया गांधी जी के नाम पर नारेबाजी करने लगे। तब सोनिया गांधी जी बात करना चाह रही थीं रमा देवी से। वो गई हैं, तभी सारे सांसद चिल्लाने लगे और गलत तरीके से सोनिया जी से बात कर रहे थे। इस दौरान हम भी वहां पहुंचे और उनको वहां से ले आए क्योंकि लग रहा था कि वो उनको कोई नुकसान ना पहुंचा दें। इस दौरान स्मृति ईरानी बार-बार बोल रही थीं कि सोनिया गांधी बहुत बोल रही हैं।”

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू पर कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी की आपत्तजिनक टिप्पणी के बाद सियासत गरमाती जा रही है। बीजेपी लगातार कांग्रेस से माफी की मांग कर रही है। मोदी सरकार के चार मंत्रियों ने प्रेस कांफ्रेंस कर कांग्रेस को घेरा है और अधीर रंजन के बयान की निंदा की है। वहीं, नेशेनल कमीशन फोर वूमन की तरफ से भी कांग्रेस सांसद को नोटिस भेजकर उनकी टिप्पणी पर लिखित में स्पष्टीकरण मांगा गया है।

नोटिस में अधीर रंजन को एनसीडब्ल्यू के सामने पेश होने के लिए कहा गया है। एनसीडब्ल्यू इस मामले में 3 अगस्त को सुनवाई करेगा। वहीं, केंद्रीय मंत्री किरन रिजीजू ने कांग्रेस नेता के बयान की कड़ी निंदा की है। उन्होंने कहा कि जिस दिन से द्रौपदी मुर्मू को राष्ट्रपति पद का उम्मीदवार बनाया गया था, तभी से कांग्रेस बयानबाजी कर रही है। एक कांग्रेस नेता ने राष्ट्रपति के तौर पर उनकी उम्मीदवारी को लेकर सवाल खड़े किए थे।

सोनिया गांधी पर भी बोला हमला

इस मामले में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी का भी नाम सामने आ रहा है और उनसे भी माफी की मांग की जा रही है। इस मुद्दे पर गुरुवार (28 जुलाई, 2022) को लोकसभा में भारी हंगामा हुआ और कांग्रेस के खिलाफ खूब नारेबाजी हुई।

क्या है पूरा मामला

सोनिया गांधी से ईडी की पूछताछ के विरोध में कांग्रेस के प्रदर्शन के दौरान एक टीवी चैनल से बात करते हुए कांग्रेस नेता अधीर रंजन ने राष्ट्रपति के लिए “राष्ट्रपत्नी” शब्द का प्रयोग किया था।

अधीर रंजन के बयान को लेकर कांग्रेस पर हमला बोलते हुए केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने कहा, “जब से द्रौपदी मुर्मू का नाम राष्ट्रपति के उम्मीदवार के रूप में घोषित हुआ तब से ही द्रौपदी मुर्मू कांग्रेस पार्टी की घृणा और उपहास का शिकार बनीं। कांग्रेस पार्टी ने उन्हें कठपुतली कहा।”

अधीर ने मांगी माफी

अधीर रंजन चौधरी ने राष्ट्रपति दौपदी मुर्मू पर अपने बयान को लेकर माफी मांगी है। उन्होंने कहा कि वो राष्ट्रपति का अपमान करने के बारे में सोच भी नहीं सकते हैं, ये सिर्फ एक गलती थी। उन्होंने कहा, “अगर राष्ट्रपति को बुरा लगा तो उनसे मिलकर माफी मांगूंगा। मैं सजा भुगतने को तैयार हूं। वो चाहें तो मुझे फांसी भी दे सकते हैं।” इसके साथ ही उन्होंने यह भी सवाल किया कि इस मामले में सोनिया गांधी को क्यों घसीटा जा रहा है।