खबरों के लिहाज से आज का दिन बेहद अहम रहने वाला है, क्योंकि हरियाणा चुनाव में जीत के बाद आज तीसरी बार राज्य में बीजेपी की सरकार का गठन होने वाला है। बुधवार को हुई बीजेपी विधायक दल की बैठक में नायब सिंह सैनी को सभी विधायकों ने सर्वसम्मति से अपना नेता चुन लिया था। इसके बाद नायब सिंह सैनी ने राज्यपाल से मिलकर नई सरकार बनाने का दावा किया था। इसके चलते आज वे आज पंचकूला में सीएम पद की शपथ लेंगे। संभवतः उनके साथ उनके कैबिनेट के भी मंत्री भी पद और गोपनीयता की शपथ लेंगे।
इसके अलावा आज सुप्रीम कोर्ट नागरिकता कानून की धारा 6A की संवैधानिक वैधता पर सुनवाई करने वाला है। वहीं आज नायब सिंह सैनी के शपथग्रहण के बाद चंडीगढ़ में एनडीए की बड़ी बैठक होगी। इसमें एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्री भी शामिल होंगे। इन सभी को पीएम मोदी संबोधित करने वाले हैं। बताया जा रहा है कि यह बैठक नेशनल डेवलपमेंट के एजेंडे पर ये बैठक होगी। देश-विदेश की अन्य खबरों के लिए जुड़े रहें जनसत्ता के साथ…
बहराइच हिंसा के आरोपियों से हुई मुठभेड़ पर एडीजी लॉ एंड ऑर्डर ने बताया कि दोनों तरफ से गोलियां चली हैं, इस मामले में 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। बताया जा रहा है कि आरोपियों और पुलिस के बीच मुठभेड़ नेपाल बॉर्डर पर हुई थी, जहां सरफराज और तालिब पुलिस की गोली से घायल हुए हैं।
पंचकूला में हरियाणा सरकार के शपथ ग्रहण समारोह पर BJP सांसद और भाजपा ओबीसी मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. के. लक्ष्मण ने कहा कि हरियाणा के इतिहास में तीसरी बार भाजपा की सरकार बनी है। कांग्रेस ने जाति के आधार पर लोगों को बांटने की कोशिश की। आज पिछड़े वर्गों, युवाओं, दलितों के समर्थन से भाजपा सरकार बनी है।
बहराइच हिंसा मामले में आरोपी सरफराज पुलिस एनकाउंटर में घायल हो गया है। वह नेपाल भागने की कोशिश कर रहा था, जिसके चलते उसे पुलिस ने रोकने की कोशिश की।
भारतीय रेलवे ने टिकट बुकिंग की समय सीमा को कम कर दिया है। रेलवे के इस फैसले के बाद अब 60 दिन पहले ही टिकटों की एडवांस बुकिंग होगी। इससे पहले यह समय सीमा 120 दिन का था। नयी व्यवस्था 1 नवंबर से लागू होगी।
बहराइच हिंसा मामले के मुख्य आरोपी सरफराज का सहयोगी दानिश उर्फ शहीर को गिरफ्तार कर लिया गया है। वह नेपाल भागने की फिराक में था। राजी चौराहे के पास से हरदी पुलिस ने शहीर को दबोचा।
बिहार में जहरीली शराब से जुड़े मामले में आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने बड़ा बयान दिया और कहा कि शराबबंदी सिर्फ़ कागज़ों पर है। अवैध शराब की वजह से 30 से ज़्यादा लोगों की मौत हो गई है और दर्जनों लोगों की आंखों की रोशनी चली गई है। इतनी बड़ी घटना हो गई लेकिन सीएम ने अभी तक पीड़ितों के प्रति संवेदना नहीं जताई। लोग मरे नहीं हैं, उनकी हत्या की गई है। किसी भी वरिष्ठ अधिकारी पर कोई कार्रवाई नहीं की गई. सत्ता में बैठे लोगों को जवाबदेह ठहराया जाना चाहिए।
कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा ने बिहार में जहरीली शराब से हुई मौतों को लेकर आपत्ति जाहिर की। उन्होंने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा कि बिहार के सिवान और सारण जिलों में जहरीली शराब से बड़ी संख्या में लोगों की मृत्यु का समाचार अत्यंत दुखद है। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को श्रीचरणों में स्थान दें। शोक संतप्त परिजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। बड़ी संख्या में लोग अस्पताल में भर्ती हैं, उनके शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करती हूं। बिहार में शराबबंदी लागू है लेकिन जहरीली शराब का अवैध कारोबार धड़ल्ले से चल रहा है, जिससे आये दिन मौतें होती हैं। सरकार को इस पर लगाम लगानी चाहिए।
सुप्रीम कोर्ट में दायर याचिका में हरियाणा की 20 विधानसभा सीटों पर EVM में गड़बड़ी का हवाला देकर फिर से चुनाव की मांग की गई थी। याचिकाकर्ताओं की ओर से वकील नरेंद्र मिश्रा ने आज CJI की अध्यक्षता वाली बेंच के सामने मामला रखा और कोर्ट से जल्द सुनवाई की मांग की। चीफ जस्टिस ने मांग पर सवाल उठाते हुए कहा कि आप चाहते हैं कि हम चुनी हुई सरकार के शपथ पर रोक लगा दे। आप हमारी नजर में हैं। हम आप पर जुर्माना भी लगा सकते हैं। आप चुनाव आयोग को अपनी कॉपी सौंपे। हम लिस्ट करने पर विचार करेंगे।
दिल्ली में केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने किसानों और किसान यूनियन के साथ बैठक की है, जिसमें पंजाब हरियाणा के किसान भी शामिल हैं।
सुप्रीम कोर्ट ने भारतीय नागरिकता कानून की धारा 6A को वैध माना है। सुप्रीम कोर्ट के पांच में से चार जजों ने धारा 6A को वैध माना है। सुप्रीम कोर्ट की संविधान बेंच द्वारा लिए गए फैसले के चलते नागरिकता का कट ऑफ 1971 ही रहेगा।
सीएम एकनाथ शिंदे के गुट की शिवसेना को लेकर सूत्रों का कहना है कि पार्टी विधानसभा चुनाव में NCB के पूर्व अधिकारी समीर वानखेड़े को चुनाव लड़वा सकती है।
लॉरेंस बिश्नोई गैंग का शूटर सुखवीर उर्फ सुक्खा को पानीपत के सेक्टर 29 थाना एरिया से गिरफ्तार किया गया है। सुक्खा बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान के घर पर हुई फायरिंग मामले में आरोपी है।
बिहार से एक बार फिर जहरीली शराब से मौतों का मामला सामने आया है। यहां के सिवान और छपरा में जहरीली शराब पीने से अब तक 13 लोगों की मौत हो गई है। वहीं एक दर्जन से ज्यादा लोगों का इलाज अलग-अलग अस्पतालों में चल रहा है। इलाज के दौरान दो लोगों की आंखों की रोशनी तक चली गई।
गुजरात के कच्छ जिले में भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं। भूकंप सुबह करीब 3 बजकर 54 मिनट पर आया था, भूकंप की तीव्रता 4 रिएक्टर स्केल बताई जा रही है। भूकंप का केंद्र कच्छ के खावडा से करीब 47 किलोमीटर उत्तर पूर्व में बताया जा रहा है। भूकंप के चलते लोग सहम गए और घर से ही बाहर निकल आए।
हरियाणा में नायब सिंह सैनी के दूसरी बार सीएम पद की शपथ लेने को लेकर जींद से बीजेपी विधायक कृष्ण लाल मिड्ढा ने कहा कि हरियाणा के लिए यह बहुत गर्व की बात है कि नायब सिंह सैनी ने जो कहा वो किया। वे 24,000 युवाओं को ज्वाइनिंग लेटर देने के बाद ही शपथ लेंगे और आज उन्हें ज्वाइनिंग लेटर मिलेंगे। करीब 20-25 साल से जींद को ऐसी कोई सौगात नहीं मिली, मुझे उम्मीद है कि इस बार जींद को कोई सौगात जरूर मिलेगी।
जस्टिस संजीव खन्ना भारत के 51वें चीफ जस्टिस होंगे। सीजेआई चंद्रचूड़ के रिटायर होने के बाद जस्टिस संजीव खन्ना नवंबर में इस पद को संभालंगे। जस्टिस खन्ना का मुख्य न्यायाधीश के तौर पर कार्यकाल केवल छह महीने का ही होगा। सुप्रीम कोर्ट की आधिकारिक वेबसाइट पर मौजूद जानकारी के अनुसार, वे 13 मई, 2025 को रिटायर होंगे।
बुधवार को बीजेपी विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद आज कार्यवाहक मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी सीएम पद की शपथ लेंगे। इस दौरान पीएम मोदी समेत कई राज्यों के मुख्यमंत्री शामिल हो सकते हैं।
आज चंडीगढ़ में केंद्र में सत्ताधारी गठबंधन यानी NDA की अहम बैठक होने वाली है, जिसमें बीजेपी और NDA शासित राज्यों के सीएम शामिल होंगे। इस दौरान पीएम मोदी उन्हें संबोधित करते हुए सरकार की फ्यूचर प्लानिंग पर बात कर सकते हैं।
आज की ताजा खबर LIVE: मणिपुर के काकचिंग जिले में बुधवार को कर्मचारियों को हथियार का डर दिखाकर सार्वजनिक क्षेत्र के एक बैंक को लूट लिया गया। अधिकारियों ने बताया कि घटना अपराह्न करीब तीन बजे काकचिंग बाजार में यूको बैंक की शाखा में हुई। उन्होंने बताया कि सीसीटीवी फुटेज में नकाबपोश व्यक्ति निहत्थे सुरक्षाकर्मी और बैंककर्मियों को शाखा के अंदर ले जाने के लिए मजबूर करते हुए दिखाई दे रहे हैं। अधिकारियों ने बताया कि शुरुआती अनुमान के अनुसार बैंक से करीब छह लाख रुपये लूटे गए हैं। उन्होंने बताया कि मामले की जांच जारी है। पुलिस ने बताया कि लूट में शामिल लोगों की तलाश की जा रही है।
आज की ताजा खबर LIVE: कांग्रेस की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने बुधवार को राज्य की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि यह ‘यू-टर्न’ सरकार बन चुकी है और जनता का इनसे मोह भंग हो चुका है। जयपुर में डोटासरा ने मीडिया से कहा, "यह (भाजपा सरकार) यू-टर्न सरकार बन चुकी है और जनता का इनसे मोह भंग हो चुका है...जनता के हितों के लिए ये गर्मियों में न पानी की व्यवस्था कर पाये, न बिजली की। बरसात में सड़कें टूटी पड़ी हैं ये उस पर बात नहीं कर रहे हैं। बरसात में किसानों की फसल खराब हो गई, उसके मुआवजा की बात नहीं कर रहे हैं।"
आज की ताजा खबर LIVE: उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव ने विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए बुधवार को दावा किया कि राज्य की 10 विधानसभा सीटों के लिये होने वाले उपचुनाव में सभी विरोधी पार्टियों को पराजय का सामना करना पड़ेगा। यादव बाराबंकी में महिला उत्पीड़न की शिकायतों एवं समस्याओं के बारे में जिले के आला अधिकारियों के साथ बैठक करने पहुंची थीं। बैठक के बाद वह बाराबंकी जिला कारागार का निरीक्षण करने भी पहुंचीं और वहां की व्यवस्थाएं देखीं।
आज की ताजा खबर LIVE: बिहार के पूर्व मंत्री बृज बिहारी प्रसाद की हत्या के मामले में उच्चतम न्यायालय द्वारा आजीवन कारावास की सजा सुनाए जाने के बाद पूर्व विधायक मुन्ना शुक्ला ने बुधवार को यहां एक स्थानीय अदालत के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया। पटना दीवानी अदालत के समक्ष आत्मसमर्पण करने वाले शुक्ला को उच्च सुरक्षा वाली बेउर केंद्रीय जेल में रखा जा सकता है। शुक्ला एक बार निर्दलीय और एक बार लोक जनशक्ति पार्टी से विधायक रहे हैं।
आज की ताजा खबर LIVE: रामपुर की विशेष सांसद/विधायक अदालत ने पूर्व सांसद जया प्रदा नाहटा को आचार संहिता उल्लंघन के एक मामले में बुधवार को बड़ी राहत देते हुए बरी कर दिया। जया के वकील अरुण प्रकाश सक्सेना ने संवाददाताओं को बताया कि रामपुर से पूर्व सांसद के खिलाफ 2019 में जिले के स्वार थाने में मामला दर्ज किया गया था। उनके मुताबिक, इसमें आरोप लगाया गया था कि चुनाव आचार संहिता लागू होने के बावजूद जया ने नूरपुर गांव में बिना अनुमति के जनसभा का आयोजन कराया और एक सड़क का उद्घाटन किया। जयप्रदा उस समय भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के टिकट पर रामपुर लोकसभा सीट से चुनाव लड़ रही थीं।
आज की ताजा खबर LIVE: कर्नाटक के भाजपा विधायक मुनिरत्न बुधवार को यहां परप्पना अग्रहारा केंद्रीय कारागार से बाहर आ गए, जहां वह बलात्कार के एक मामले में करीब एक महीने से बंद थे। एक विशेष अदालत ने 40 वर्षीय महिला द्वारा उनके खिलाफ दायर मामले में विधायक को एक दिन पहले जमानत दी।
आज की ताजा खबर LIVE: दिल्ली पुलिस ने पिछले दो दिनों में कई घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों में बम होने की मिली धमकियों के संबंध में प्राथमिकी दर्ज की है और मामले की जांच शुरू की है। विमानन कंपनी ‘अकासा एयर’ की बेंगलुरु जाने वाली उड़ान बम की धमकी मिलने के बाद राष्ट्रीय राजधानी लौट आई जिसमें 180 से अधिक यात्री सवार थे।
सूत्रों के अनुसार, पिछले दो दिनों में सोशल मीडिया खातों के जरिए अलग-अलग उड़ानों को बम धमकियां मिलने के बाद इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (आईजीआई) हवाई अड्डे पुलिस थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
आज की ताजा खबर LIVE: महाराष्ट्र के परभणी जिले में पति और ससुराल वालों की एक करोड़ रुपये की मांग से व्यथित एक चिकित्सक ने खुदकुशी कर ली। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी। प्राथमिकी के अनुसार, डॉ. प्रियंका भुमरे ने 2022 में बीड निवासी नीलेश व्हारकाटे से शादी की थी। करीब दो महीने बाद उसके ससुराल वाले कथित तौर पर एक अस्पताल खोलने के लिए एक करोड़ रुपये की मांग करने लगे और उसे मानसिक तथा शारीरिक रूप से प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। महिला की शिकायत पर, पुलिस ने इस साल अगस्त में नीलेश, उसके माता-पिता, भाई और बहन पर घरेलू हिंसा का मामला दर्ज किया था।
आज की ताजा खबर LIVE: संजौली मस्जिद समिति के अध्यक्ष मुहम्मद लतीफ ने बुधवार को कहा कि यहां विवादास्पद मस्जिद की तीन मंजिलों को गिराने के नगर निगम आयुक्त के आदेश की प्रति प्राप्त हो गयी है और वक्फ बोर्ड को इसकी सूचना दे दी गई है।
आज की ताजा खबर LIVE: हरियाणा विधानसभा चुनाव में जीत से उत्साहित सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) राजस्थान के विधानसभा उपचुनावों में भी अपना 'शानदार' प्रदर्शन जारी रखने को लालायित है। वहीं मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस के नेताओं को उम्मीद है कि उपचुनावों के परिणाम उनकी पार्टी के पक्ष में रहेंगे। राज्य की सात विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए 13 नवंबर को मतदान होगा।
आज की ताजा खबर LIVE: यूपी के झांसी जिले के गुरसराय थाना क्षेत्र के सरसेंडा गांव में ट्रैक्टर ट्रॉली पलटने से एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो गई, जबकि एक दर्जन से अधिक मजदूर घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए पास के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया।
पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) गोपीनाथ सोनी ने बताया कि मजदूरों को ले जा रही ट्रैक्टर ट्रॉली नाले में पलट गई जिसके बाद वहां चीख-पुकार मच गई। उन्होंने बताया कि स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से सभी घायलों को गुरसराय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया।
आज की ताजा खबर LIVE: पश्चिम बंगाल में नदिया जिले के कृष्णानगर में बुधवार को एक युवती का शव मिला। पुलिस ने यह जानकारी दी। उसने बताया कि युवती से कथित तौर पर बलात्कार किया गया था। पुलिस ने बताया कि अज्ञात युवती का शव आश्रमपुरा इलाके में पुलिस अधीक्षक कार्यालय के निकट मिला। युवती का चेहरा आंशिक रूप से झुलसा हुआ है। इस घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया और विपक्षी कांग्रेस और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) ने कोतवाली पुलिस थाने के सामने विरोध प्रदर्शन किया तथा आरोप लगाया कि महिला के साथ बलात्कार किया गया और उसकी हत्या कर दी गई। माकपा ने मांग की कि पोस्टमार्टम मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में कराया जाए