फिल्म निर्माता करण जौहर (Karan Johar) इन दिनों अपने वेट लॉस को लेकर सुर्खियों में बने हुए हैं। करण जौहर के अचानक हुए ट्रांसफॉर्मेशन को देखकर लोग हैरान हैं। इतना ही नहीं, कई लोगों का तो यहां तक कहना है कि फिल्ममेकर ने ओज़ेम्पिक लेकर वेट लॉस (Ozempic For Weight Loss) किया है। हालांकि, अब खुद करण ने इन कयासों का जवाब दिया है।

क्या है पूरा मामला?

दरअसल, हाल ही में एक एक्स (ट्विटर) यूजर ने ट्वीट कर करण जौहर पर ओज़ेम्पिक लेकर वेट लॉस करने का आरोप लगाया था। इस ट्वीट पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए करण ने साफ कर दिया है कि उनका वेट लॉस केवल हेल्दी लाइफस्टाइल और अच्छी डाइट के कारण हुआ है और इसके लिए उन्होंने कभी ओज़ेम्पिक का इस्तेमाल नहीं किया है।

यहां देखें करण जौहर का रिप्लाई

अब, इस पूरे वाक्या के बाद अधिकतर लोगों के मन में सवाल है कि आखिर ओज़ेम्पिक होता क्या है और क्या वाकई इसकी मदद से वेट लॉस किया जा सकता है? आइए समझते हैं इस बारे में विस्तार से-

क्या है ओज़ेम्पिक?

ओज़ेम्पिक दरअसल एक खास तरह का इंजेक्शन होता है। साल 2017 में अमेरिकी फ़ूड एण्ड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (US Food and Drug Administration) ने इसे टाइप 2 डायबिटीज वाले लोगों में ब्लड शुगर लेवल को कंट्रोल करने के लिए मंजूरी दी थी। यानी ओज़ेम्पिक का इस्तेमाल टाइप 2 डायबिटीज को कंट्रोल करने के लिए किया जाता है। इस दवा में सेमाग्लूटाइड (Semaglutide) पाया जाता है, जो बल्ड शुगर लेवल को ज्यादा बढ़ने से रोकने में योगदान करता है। हालांकि, अब पिछले कुछ समय से इसे वेट लॉस से जोड़कर भी देखा जा रहा है।

क्या वेट लॉस में मदद करता है ओज़ेम्पिक?

ओज़ेम्पिक वेट लॉस में मददगार है, इसे लेकर अभी किसी भी तरह का कोई पुख्ता प्रमाण मौजूद नहीं है। इतना ही नहीं, कई हेल्थ रिपोर्ट्स बताती हैं कि बिना एक्सपर्ट्स की सलाह के वेट लॉस के लिए ओज़ेम्पिक लेना हानिकारक भी हो सकता है। हेल्थ एक्सपर्ट्स के मुताबिक, लोग वेट लॉस के लिए विदेशों से इस दवा को मंगवा रहे हैं, हालांकि बिना डॉक्टर की सलाह के ओज़ेम्पिक लेना नुकसानदायक हो सकता है। खासकर नॉन-डायबिट‍िक व्यक्ति में इससे संभावित साइड इफेक्ट्स हो सकते हैं।

Disclaimer: आर्टिकल में लिखी गई सलाह और सुझाव सिर्फ सामान्य जानकारी है। किसी भी प्रकार की समस्या या सवाल के लिए डॉक्टर से जरूर परामर्श करें।