Cheap places to visit: अगर आप घूमने-फिरने के शौकीन हैं, लेकिन आपकी जेब ज्यादा पैसे खर्च करने की इजाजत नहीं देती है तो परेशान होने की जरूरत नहीं है। दिल्ली-NCR के पास घूमने की कई ऐसी जगह हैं जहां आप बेहद कम खर्च में वीकेंड पर ट्रिप प्लान कर सकते हैं। यहां पहुंचने में आपको ज्यादा वक्त नहीं लगेगा। साथ ही वहां रूकने से लेकर खाने-पीने की चीजें भी बहुत कम दाम में मिल जाएंगी। यहां हम आपको 5 ऐसी जगहों के बारे में बताने जा रहे हैं जहां आप अपने दोस्तों के साथ घूमने का प्लान बना सकते हैं।
आगरा, उत्तर प्रदेश
दिल्ली से 250 किलोमीटर दूर आगरा में ताजमहल सहित घूमने के कई जगह हैं। यहां आप करीब 3 घंटे में कार से पहुंच सकते हैं। इसके अलावा आपको आगरा जाने के लिए बस भी आसानी से मिल जाएगी। ताजमहल पर्यटकों के लिए आकर्षण का प्रमुख केंद्र है। इसके अलावा आप यहां आगरा किला, फतेहपुर सीकरी, रामबाग जैसी जगह भी घूम सकते हैं।
मथुरा-वृंदावन
धार्मिक आस्था रखने वाले लोगों के लिए मथुरा और वृंदावन स्वर्ग से कम नहीं है। यहां आप कृष्ण जन्मभूमि के अलावा बांके बिहारी मंदिर, दाऊजी मंदिर, प्रेम मंदिर जा सकते हैं। दिल्ली से इसकी दूरी करीब 180 किलोमीटर है। यहां बस या ट्रेन से बड़ी आसानी से पहुंचा जा सकता है।
ऋषिकेश
दोस्तों के साथ वीकेंड पर कुछ एडवेंचरस करने का मन है तो आप ऋषिकेश जा सकते हैं। यहां आपको एडवेंचर स्पोर्ट्स के अलावा बेहद शांत माहौल मिलेगा। वीकेंड पर आप यहां दोस्तों के साथ रिवर राफ्टिंग, बंजी जंपिंग कर सकते हैं। साथ ही योग क्रिया भी सीख सकते हैं। दिल्ली से ऋषिकेश की दूरी करीब 240 किलोमीटर है। यहां तक पहुंचने के लिए आप बस और ट्रेन की सुविधा ले सकते हैं।
अलवर
अगर आप इतिहास में दिलचस्पी रखते हैं तो आपको अलवर जाना चाहिए। यह दिल्ली से लगभग 160 किलोमीटर दूर है। यहां आप ऐतिहासिक किले, झील और सुंदर हिल्स का आनंद ले सकते हैं। इसके अलावा अलवर का सरिस्का टाइगर रिजर्व भी आकर्षण का केंद्र है। यहां आप वाइल्डलाइफ सफारी का लुत्फ उठा सकते हैं।
सरिस्का, राजस्थान
राजस्थान का सरिस्का भी घूमने के लिए बेस्ट जगह है। अरवलाई रेंज पर स्थित सरिस्का बाघ, तेंदुए सहित कई वन्यजीव प्रजातियों का घर है। यह प्रकृति और पक्षी प्रेमियों के लिए घूमने की बेस्ट जगह है। यह दिल्ली से केवल 217 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है और यहां पर 2 घंटे में पहुंचा जा सकता है।