कोरोनावायरस के कारण दुनिया की एक तिहाई आबादी लॉकडाउन है। सभी प्रकार की खेल प्रतियोगिताएं या तो रद्द कर दी गईं या फिर उन्हें टाल दिया गया है। इस खतरनाक वायरस के कारण इंडियन प्रीमियर (IPL) के 13वें सीजन को 15 अप्रैल तक के लिए टाल दिया गया है। अभी तक यह तय नहीं हो सका है कि टूर्नामेंट इस साल होगा या नहीं। ऐसे में भारतीय क्रिकेटर घर पर बैठकर ही फैंस के साथ जुड़ रहे हैं। इस काम में सबसे आगे भारतीय क्रिकेट टीम के लेग स्पिनर युजवेंद्र चहल हैं।

दरअसल, चहल टिकटॉक पर बहुत ज्यादा सक्रिय रहते हैं। पिछले साल दिसंबर में इससे जुड़े थे। इसके बाद से चहल लगातार वीडियो बना रहे हैं। उन्होंने सोमवार यानी 6 अप्रैल को सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया जिसमें वे अपने पिता, मां और बहन के साथ डांस कर रहे हैं। चहल ने इस डांस को कोरियोग्राफ किया है। ट्विटर पर 54 हजार से ज्यादा लोग इसे देख चुके हैं। 11 हजार से ज्यादा लाइक्स मिले हैं। वहीं, 400 से ज्यादा बार रीट्वीट हुआ है।


इस वीडियो पर फैंस चहल के खूब मजे ले रहे हैं। एक यूजर ने लिखा- मैं गंभीर रूप से सोच रहा हूं कि चहल और ढिंचक पूज की जोड़ी बेहतरीन बन सकती है। वहीं, एक फैन ने कहा- मम्मी-पापा को तो बख्श दो। एक फैन ने कप्तान विराट कोहली की तस्वीर लगाकर कैप्शन लिखा- भाई प्लीज।


बता दें कि चहल ने टिकटॉक पर अब तक 36 वीडियो बनाए हैं। टिकटॉक पर उनके 3.9 मिलियनफॉलोवर हैं। उन्हें अब तक 29.5 मिलियन लाइक्स मिल चुके हैं। चहल खुद 83 लोगों को फॉलो करते हैं। उन्होंने पहला वीडियो अपने कुत्ते के साथ पिछले साल 12 दिसंबर को बनाया था। टीम इंडिया के साथियों के साथ उन्होंने 2 जनवरी को एक वीडियो शेयर किया था, जिसे 55.1 मिलियन बार देखा गया।