भारतीय क्रिकेट में यह डिबेट लंबे समय से हो रहा है कि वनडे-टी20 को मिलाकर सफेद गेंद का बेस्ट क्रिकेटर कौन है। कई लोगों ने सचिन तेंदुलकर तो कुछ ने महेंद्र सिंह धोनी का नाम लिया। अब इस डिबेट में टीम इंडिया के पूर्व टेस्ट ओपनर वसीम जाफर भी शामिल हो गए हैं। उन्होंने सचिन, धोनी या रोहित शर्मा का नाम नहीं लिया। जाफर ने टीम इंडिया के मौजूदा कप्तान विराट कोहली को सफेद गेंद का बेस्ट क्रिकेटर बताया है। जाफर को लगता भारत में सफेद गेंद में कोहली जैसा बल्लेबाज नहीं आया है।

क्रिकट्रेकर से बातचीत के दौरान जाफर से पूछा गया कि सचिन, रोहित और कोहली में से कौन बल्लेबाज सफेद गेंद में बेस्ट है। उन्होंने बिना देरी किए विराट का नाम ले लिया। जाफर ने कोहली का नाम इसलिए लिया कि वे मौजूदा समय में सबसे बेस्ट हैं। विराट ने वनडे में 11 हजार से ज्यादा रन बनाए हैं। उनके नाम 43 शतक भी हैं। दूसरी ओर, सचिन के 463 वनडे में 18426 रन हैं। रोहित ने वनडे में अब तक 224 मैचों में 9115 रन बनाए हैं। कोहली के नाम 248 मैच में 11867 रन हैं।

जाफर ने इस बातचीत के दौरान सौरव गांगुली अपना पसंदीदा कप्तान बताया। उन्होंने कहा, ‘‘वह गांगुली ही थे जिन्होंने साल 2000 के बाद टीम बनाई थी। उनके पास टेम्परामेंट था। उन्होंने खिलाड़ियों का समर्थन किया और उन्हें मौके दिए। उन्होंने सहवाग से ओपनिंग कराई। जहीर खान, युवराज सिंह और हरभजन सिंह जैसे खिलाड़ियों को टीम में लाए।’’ जाफर हाल ही में उत्तराखंड रणजी टीम के मुख्य कोच बने हैं। उनका करार अगले सीजन के लिए है।

जाफर ने सभी तरह के क्रिकेट से इसी साल 7 मार्च को संन्यास ले लिया था। 24 साल के लंबे करियर में उन्होंने टीम इंडिया के लिए ओपनिंग भी की थी। जाफर ने कहा, ‘‘यह मेरे लिए नई चुनौती है। मैं हाल ही में रिटायर हुआ हूं। मैंने विदर्भ क्रिकेट का विकास देखा है। मैंने वहां के कोच चंद्रकांत पंडित के साथ काम किया है। मेरा लक्ष्य क्रिकेट से जुड़े रहना और युवाओं को मदद करना है।’’ जाफर ने भारत के लिए 31 टेस्ट में 1944 रन बनाए थे। उन्होंने 5 शतक और 11 अर्धशतक लगाए। जाफर दो वनडे में सिर्फ 10 रन ही बना सके थे।