भारतीय कप्तान विराट कोहली और दक्षिण अफ्रीका के कप्तान एबी डिविलियर्स इंस्टाग्राम पर लाइव चैट में साथ आए। इस दौरान दोनों बेहतरीन खिलाड़ियों ने कई मुद्दों पर बातचीत की। उन्होंने भारत और दक्षिण अफ्रीका को मिलाकर एक वनडे-11 का सिलेक्शन भी किया। साथ ही कोरोना पीड़ितों की मदद के लिए बैट, ग्लव्स और जर्सी नीलाम करने का ऐलान भी किया। चैट में एक खलल पड़ रही थी, जिसे कोहली की पत्नी अनुष्का शर्मा ने ठीक किया।

दरअसल, कोहली जब चैट कर रहे थे, तो कमरे में लाइट कम हो रही थी। इसी बीच अनुष्का ने आकर लाइट ऑन की। भारतीय कप्तान ने उनकी ओर देखा और कहा- थैंक्स माई लव। विराट और अनुष्का लॉकडाउन के दौरान मुंबई स्थित अपने घर में हैं। इस वीडियो को सोशल मीडिया पर जमकर शेयर किया जा रहा है। इससे पहले जब कोहली इंग्लैंड के पूर्व कप्तान केविन पीटरसन के साथ चैट कर रहे थे तब भी अनुष्का की एंट्री हुई थी। उन्होंने लाइव चैट में कमेंट किया था, ‘चलो चलो… डिनर टाइम।’


कोहली और डिविलियर्स ने भारत और दक्षिण अफ्रीका के खिलाड़ियों को मिलाकर जो वनडे टीम बनाई है, उसमें टीम इंडिया के 7 और दक्षिण अफ्रीकी टीम के 4 खिलाड़ियों को जगह मिली है। कोहली और डिविलियर्स ने मिलकर महेंद्र सिंह धोनी (MS DHONI) को टीम का कप्तान बनाया। वर्ल्ड कप जीत के दौरान भारत के कोच रहे गैरी कर्स्टन को दोनों ने टीम का कोच बनाया है। जोंटी रोड्स फील्डिंग कोच चुने गए।

लाइव चैट के दौरान ही दोनों ने इस बात के बारे में जानकारी दी कि अपने बैट, ग्लव्स और आरसीबी की हरी जर्सी की नीलामी करने वाले हैं। कोहली इससे पहले भी कोरोना पीड़ितों की मदद कर चुके है। उन्होंने पत्नी अनुष्का शर्मा के साथ मिलकर पीएम केयर्स फंड में दान दिया था। दोनों ने फैंस से लॉकडाउन का पालन करने के लिए भी कहा। भारत में कोरोनावायरस के कारण 3 मई तक लॉकडाउन है।