कोलकाता नाइटराइडर्स की टीम इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 14वें सीजन में खिताब जीतने की दावेदार के तौर पर उतरेगी। केकेआर की टीम दो बार टूर्नामेंट में जीत चुकी है। उसकी नजर तीसरी खिताबी जीत पर है। कोलकाता की ओर से इस बार टिम साइफर्ट डेब्यू कर सकते हैं। वे न्यूजीलैंड के विकेटकीपर बल्लेबाज हैं। 14वें सीजन से पहले केकेआर ने अपने यूट्यूब चैनल पर एक वीडियो पोस्ट किया है। इसमें साइफर्ट ने अपने बारे में बताया है।

साइफर्ट ने वीडियो में कहा कि वे बचपन में हॉकी खिलाड़ी थे। स्ट्राइकर के तौर पर उनका काम गोल करने का था। साइफर्ट ने कहा कि वह शुरू से ही खेल से प्यार करते थे। उन्होंने अपना समय हॉकी और क्रिकेट खेलने में बिताया। साइफर्ट न्यूजीलैंड के घरेलू टी20 टूर्नामेंट में सबसे तेज शतक लगाने वाले बल्लेबाज हैं। उन्होंने 2017 में सुपर स्मैश टूर्नामेंट में नॉर्दर्न डिस्ट्रिक की ओर से खेलते हुए ऑकलैंड के खिलाफ 40 गेंद पर शतक लगाया था। हॉकी में स्ट्राइकर के रोल ने उन्हें क्रिकेट में लंबे-लंबे शॉट लगाने में मदद की है। वे लेग साइड में ज्यादातर खेलने वाले बल्लेबाज माने जाते हैं।

साइफर्ट ने कहा, ‘‘मैं गर्मियों में क्रिकेट खेलता था और सर्दियों में हॉकी खेलता था। हॉकी में लंबे समय तक मैं स्ट्राइकर था। स्ट्राइकर के तौर पर आप डी में डाइव मारते हैं, फ्लिक करते हैं और गोल स्कोर करते हैं। डिफेंडर को छकाकर कॉर्नर में प्रवेश कर स्कोर करना बेहतरीन अनुभव होता है। मुझे लगता है कि इससे आपको क्रिकेट में स्विच हिट, पैडल स्वीप खेलने में मदद मिलती है।’’ साइफर्ट ने इस दौरान खुलासा किया बीजे वॉटलिंग और रॉस टेलर भी हॉकी खिलाड़ी थे।

8 मिनट लंबे वीडियो में साइफर्ट ने अपने बचपन के बारे में भी बात की। उन्होंने बताया कि वे पहली बार क्रिकेट खेलने पर पहली ही गेंद पर आउट हो गए थे। उनके माता-पिता शिक्षक थे। वे बचपन में दुनिया के विभिन्न स्थानों की यात्रा करने में भाग्यशाली रहे हैं। साइफर्ट ने कहा, ‘‘मेरे माता-पिता ने मुझे और मेरी बहन को स्कॉटलैंड से ले लेकर पूरी दुनिया में यात्रा की। उन्होंने हमें न्यूजीलैंड की ही नहीं, बल्कि दुनिया के बाकी हिस्सों की समझ दी।’’ साइफर्ट न्यूजीलैंड के लिए 3 वनडे और 35 टी20 मैच खेल चुके हैं।