पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी का ऑटोग्राफ अपनी शर्ट पर लेने के बाद सुनील गावस्कर के इस फैन मूमेंट की चर्चा हर तरफ हो रही है। खुद सुनील गावस्कर ने स्टार स्पोर्ट्स के कार्यक्रम में उस पल के बारे में विस्तार से बताया है। लिटिल मास्टर ने कार्यक्रम के दौरान बताया कि जब मैंने माही को लैप ऑफ ऑनर करते हुए देखा तो मेरे दिमाग में ख्याल आया कि मैं अपनी शर्ट पर उनका ऑटोग्राफ लूं और बस यही सोचकर मैं उनके पास दौड़कर चला गया।
लिटिल मास्टर हुए इमोशनल
इस फैन मूमेंट का जिक्र करते हुए सुनील गावस्कर इमोशनल भी हो गए और उन्होंने अपनी जिंदगी की दो आखिरी ख्वाहिश का भी जिक्र इस दौरान किया। सुनील गावस्कर ने कहा कि माही का ऑटोग्राफ शर्ट पर लेना मेरे लिए वाकई इमोशनल मूमेंट था, क्योंकि इस बंदे ने इंडियन क्रिकेट के लिए क्या कुछ नहीं किया है। अगर मैं बात करूं मेरी जिंदगी के आखिरी दो मिनट के आखिर लम्हों के बारे में तो मैं कपिल देव को वर्ल्ड कप उठाते हुए और एमएस धोनी को 2011 वर्ल्ड फाइनल में विनिंग छक्का मारते हुए देखना चाहूंगा। सुनील गावस्कर अपनी इस बात को कहते हुए इमोशनल हो गए।
कुछ ऐसा था गावस्कर का वह फैन मूमेंट
आपको बता दें कि 14 मई को चेन्नई सुपर किंग्स ने चेपॉक के मैदान पर इस सीजन का आखिरी ग्रुप मैच खेला था। इस मैच में सीएसके को केकेआर के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था, लेकिन मैच के बाद ग्राउंड पर एमएस धोनी का जलवा देखा गया था। मैच खत्म होने के बाद धोनी फैंस का शुक्रिया अदा करने के लिए पूरे ग्राउंड का चक्कर लगा रहे थे। उनके साथ टीम के बाकि खिलाड़ी और सपोर्ट स्टाफ भी था। इसी दौरान सुनील गावस्कर लाइव कॉमेंट्री का हिस्सा थे, लेकिन उन्होंने जैसे ही धोनी को अपने करीब आते देखा तो वह भागकर माही के पास पहुंचे और उनसे अपनी शर्ट पर ऑटोग्राफ लिया।
1983 में विश्व चैंपियन टीम का हिस्सा थे गावस्कर
आपको बता दें कि 1983 में जब भारत ने पहली बार विश्व कप जीता था तो उस वक्त सुनील गावस्कर उस टीम का हिस्सा थे। कपिल देव की कप्तानी में भारत ने लॉर्ड्स में वह विश्व कप जीता था। उसके बाद से भारत कभी विश्व चैंपियन नहीं बना था, लेकिन 2011 में 28 साल बाद इस सूखे को खत्म किया महेंद्र सिंह धोनी ने, जिनकी कप्तानी में भारत श्रीलंका को हराकर विश्व चैंपियन बना। एमएस धोनी ने फाइनल में छक्का लगाकर भारत को जीत दिलाई थी।
