श्रीलंका और इंग्लैंड के बीच दो टेस्ट मैचों की सीरीज का पहला मुकाबला गाले के गाले इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जा रहा है। श्रीलंका की टीम पहली पारी में 135 रनों पर सिमट गई। वहीं, इंग्लैंड ने पहली पारी में 421 रन बनाए। उसने लंकाई टीम पर 286 रनों की बढ़त हासिल कर ली। इंग्लैंड के लिए कप्तान जो रूट ने शानदार दोहरा शतक लगाया। उन्होंने 228 रनों की पारी खेली। टेस्ट क्रिकेट में यह उनका चौथा दोहरा शतक है।

रूट चार या उससे ज्यादा दोहरे शतक लगाने वाले दुनिया के 26वें बल्लेबाज हैं। चार दोहरे शतक लगाने के मामले में उन्होंने भारत के सुनील गावस्कर और न्यूजीलैंड के मौजूदा कप्तान केन विलियमसन की भी बराबरी कर ली। इन तीनों के अलावा पाकिस्तान के जहीर अब्बास, मोहम्मद यूसुफ, इंग्लैंड के लियोनार्ड हटन, ऑस्ट्रेलिया के ग्रेग चैपल, माइकल क्लार्क, न्यूजीलैंड के ब्रैंडन मैकुलम, वेस्टइंडीज के गॉर्डन ग्रीनिज और दक्षिण अफ्रीका के हाशिम अमला ने 4-4 दोहरे शतक लगाए हैं।

कप्तान के तौर पर जो रूट का यह दूसरा दोहरा शतक है। इससे पहले उन्होंने न्यूजीलैंड के खिलाफ हैमिल्टन में 2019 में 226 रनों की पारी खेली थी। जो रूट कप्तान के तौर पर दो दोहरे शतक लगाने वाले इंग्लैंड के पहले कप्तान बन गए हैं। श्रीलंका के खिलाफ यह उनका दूसरा दोहरा शतक है। इससे पहले 2014 में लॉर्ड्स के मैदान पर नाबाद 200 रन बनाए थे। श्रीलंका के खिलाफ यह उनका तीसरा शतक भी है। पिछली बार 2018 में पल्लेकेले में 124 रन बनाए थे।

मौजूदा खिलाड़ियों में वे सबसे ज्यादा दोहरे शतक लगाने के मामले में दूसरे स्थान पर पहुंच गए हैं। उन्होंने न्यूजीलैंड के विलियमसन के अलावा रॉस टेलर की भी बराबरी कर ली है। दोनों के नाम 4-4 दोहरे शतक हैं। इस लिस्ट में भारतीय कप्तान विराट कोहली पहले स्थान पर हैं। उन्होंने 7 दोहरे शतक लगाए हैं। खास बात ये है कि सभी दोहरे शतक कप्तान के तौर पर बनाए हैं।