कोरोनावायरस के कारण दुनिया भर में खेल की प्रतियोगिताओं को रद्द या स्थगित कर दिया गया है। ऐसे में मौजूदा और पूर्व क्रिकेटर सोशल मीडिया के जरिए जुड़ रहे हैं। पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज इन दिनों सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय हैं। वे कहीं न कहीं इंटरव्यू देते रहते हैं। इसके अलावा वे अपने यूट्यूब चैनल पर वीडियो डालते रहते हैं। पिछले कुछ दिनों से शोएब ने लगातार भारतीय क्रिकेट से जुड़ी बात की है। उन्होंने एक इंटरव्यू में कहा है कि पाकिस्तानी टीम पूर्व भारतीय कप्तान सौरव गांगुली को चोटिल करने का प्लान बनाती थी।
शोएब ने पाकिस्तान की मशहूर टीवी स्पोर्ट्स एंकर जैनब अब्बास से बातचीत में इसका खुलासा किया। जैनब ने इंस्टाग्राम पर शोएब का इंटरव्यू लिया। दरअसल, अख्तर ने एक मैच में गांगुली को चोटिल कर दिया था। उस वाकये को याद करते हुए शोएब ने कहा, ‘‘वह प्लान उनका नहीं, बल्कि पाकिस्तान के तत्कालीन कप्तान वसीम अकरम का था।’’ अख्तर जिस मुकाबले की बात कर रहे हैं वह 1999 में मोहाली में खेला गया था।
अख्तर ने कहा, ‘‘गांगुली के खिलाफ हमारी यह रणनीति होती थी कि हम उन्हें शॉर्ट बॉल खिलाएं और उन्हें आउट करें। वे शॉर्ट बॉल को अच्छी तरह नहीं खेल पाते थे। गांगुली शॉर्ट गेंद को पुल करने खेलने के प्रयास में कैच आउट हो जाते थे या फिर चोटिल हो जाते थे। हमारी टीम का उनके खिलाफ यही प्लान होता था। यह तरीका मोहाली से अपनाया गया था। शारजाह में खेले गए टूर्नामेंट तक हम उन्हें ऐसे ही आउट करते थे। वे इस दौरान दो बार चोटिल हुए। ये योजना अकरम ने बनाई थी।’’
हालांकि, शोएब ने यह भी कहा कि मैदान पर भिड़ंत के बावजूद गांगुली से उनकी अच्छी दोस्ती थी। दोनों अक्सर लंच पर साथ जाते थे। गांगुली ने कई बार कहा कि कभी पसलियों के नीचे भी गेंद करो। दरअसल, गांगुली सहित कई भारतीय क्रिकेटर शॉर्ट पिच गेंद को सही से नहीं खेल पाते थे। सचिन तेंदुलकर के बाद रोहित शर्मा, विराट कोहली और केएल राहुल इस गेंद को बेहतर से खेल पा रहे हैं।