पूर्व पाकिस्तानी कप्तान शाहिद अफरीदी ने अपनी ऑलटाइम वर्ल्ड कप-11 का चयन किया है। इस टीम में भारत के सिर्फ एक खिलाड़ी को ही जगह मिल पाई है। अफरीदी ने विराट कोहली को टीम में रखा है। उन्होंने आश्चर्यजनक रूप से सचिन तेंदुलकर, राहुल द्रविड़, जहीर खान, रोहित शर्मा और महेंद्र सिंह धोनी को एकादश में नहीं रखा है। धोनी की कप्तानी में टीम इंडिया 2011 में वर्ल्ड कप जीती थी। उन्होंने फाइनल में 91 रन की मैच जिताऊ पारी खेली थी।

अफरीदी ने टीम में ओपनर के तौर पर पाकिस्तान के सईद अनवर और ऑस्ट्रेलिया के एडम गिलक्रिस्ट को जगह दी है। इसके बाद तीसरे नंबर दो बार वर्ल्ड कप जीतने वाले कप्तान ऑस्ट्रेलिया के रिकी पोंटिंग और चौथे स्थान पर टीम इंडिया के मौजूदा कप्तान विराट कोहली हैं। पांचवें नंबर पर अफरीदी ने पाकिस्तान के पूर्व कप्तान इंजमाम उल हक को रखा है। छठे स्थान पर दक्षिण अफ्रीका के महान ऑलराउंडर जैक कालिस को जगह दी है।

अफरीदी ने सातवें स्थान पर पाकिस्तान के पूर्व कप्तान वसीम अकरम को रखा है। आठवें नंबर पर ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज ग्लेन मैक्ग्रा और नौवें स्थान पर शेन वॉर्न हैं। दसवें नंबर पर उन्होंने अपने ही देश के शोएब अख्तर को जगह दी है। इसके बाद आखिरी यानी 11वें नंबर पर ऑफ स्पिनर सकलैन मुश्ताक को रखा है। टीम में सचिन का नहीं होना सबसे ज्यादा आश्चर्य है। उन्होंने छह वर्ल्ड कप की 44 पारियों में 56.95 की औसत से 2278 रन बनाए हैं। उनके नाम 16 अर्धशतक और 6 शतक भी हैं। सचिन को 2003 में प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट भी चुना गया था।

राहुल द्रविड़ ने 1999 वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा रन बनाए थे। उन्होंने 8 पारियों में 65.85 की औसत से 2 शतक और 3 अर्धशतक की मदद से 461 रन बनाए थे। रोहित शर्मा ने पिछले वर्ल्ड कप में रिकॉर्ड 5 शतकों की मदद से सबसे ज्यादा 648 रन बनाए थे। हालांकि, टीम इंडिया सेमीफाइनल में हार गई थी। दूसरी ओर, जहीर खान ने 2011 वर्ल्ड कप में अफरीदी के साथ संयुक्त रूप से सबसे ज्यादा 21 विकेट लिए थे। उनके वर्ल्ड कप में कुल 44 विकेट हैं।