भारत में क्रिकेटर्स की बहुत ज्यादा फैन फॉलोइंग है। फैंस क्रिकेटर की एक झलक पाने के लिए बेताब रहते हैं। यही नहीं, फैंस क्रिकेटर्स ही नहीं, उनकी पत्नियों, बच्चों और परिवार के बारे में भी जानने को काफी उत्सुक रहते हैं। आज हम यहां दिग्गज क्रिकेटर्स की पत्नियों की क्वालिफिकेशन और उनके प्रोफेशनल करियर की बात करेंगे।

Continue reading this story with Jansatta premium subscription
Already a subscriber? Sign in करें

शुरुआत क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले सचिन तेंदुलकर से करते हैं। सचिन तेंदुलकर की पत्नी का नाम अंजलि तेंदुलकर है। अंजलि तेंदुलकर का 10 नवंबर 1967 को हुआ था। एक सेलिब्रिटी क्रिकेटर की पत्नी होने के अलावा अंजलि तेंदुलकर डॉक्टर (बाल रोग विशेषज्ञ) भी हैं।

अंजलि जाने-माने उद्योगपति अशोक मेहता की बेटी हैं। अंजलि और सचिन की शादी 24 मई 1995 को हुई थी। अंजलि पति सचिन से छह साल बड़ी हैं। अंजलि अपने पति पर बनी फिल्म सचिन- ए बिलियन ड्रीम्स (Sachin – A Billion Dreams) में मास्टर ब्लास्टर की पत्नी की भूमिका भी निभा चुकी हैं।

सीमित ओवर फॉर्मेट में भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान रोहित शर्मा की पत्नी रितिका सजदेह बचपन से ही खेल की दीवानी रही हैं। 21 दिसंबर 1987 को जन्मीं रितिका ने ग्रेजुएशन के बाद स्पोर्ट्स मैनेजर (खेल हस्तियों के लिए ब्रांड एंडोर्समेंट्स का प्रबंधन करने वाला) के रूप में अपने प्रोफेशनल करियर की शुरुआत की थी।

साल 2008 में रीबॉक की शूटिंग के दौरान उनकी रोहित शर्मा से पहली बार मुलाकात हुई थी। करीब 6 साल तक डेट करने के बाद 13 दिसंबर 2015 को दोनों शादी के बंधन में बंध गए। रितिका सोशल मीडिया पर भी काफी एक्टिव रहती हैं। इंस्टाग्राम पर उनके 21 लाख से ज्यादा फॉलोवर्स हैं।

भारतीय क्रिकेट टीम के भरोसेमंद गेंदबाजों में से एक जसप्रीत बुमराह ने 15 मार्च 2021 को मॉडल और स्पोर्ट्स टीवी एंकर संजना गणेशन से शादी की थी। हालांकि, यह बहुत कम लोगों को मालूम होगा कि पुणे में 6 मई 1991 को जन्मीं संजना सिम्बोसिस इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी की गोल्ड मेडलिस्ट (बीटेक) रह चुकी हैं। वह फेमिना स्टाइल दिवा 2012 की फाइनलिस्ट थीं।

वह 2013 फेमिना मिस इंडिया पुणे की फाइनलिस्ट भी रहीं। उसी साल उन्होंने फेमिना ऑफिसियली गॉर्जियस का खिताब भी जीता। अपनी पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने एक आईटी एंड डिजिटल कंपनी में बतौर सॉफ्टवेयर इंजीनियर अपने करियर की शुरुआत की थी।

साल 2014 में पॉपुलर रीयलटी टीवी शो एमटीवी Splitsvilla (सीजन 7) में हिस्सा लिया, लेकिन इंजरी के कारण उन्हें बीच में ही शो छोड़ना पड़ा था। संजना के पिता गणेशन रामास्वामी एक लेखक और मैनेजमेंट गुरु हैं। उनकी मां सुषमा गणेशन वकील और फिटनेस कोच हैं।

सीमित ओवर फॉर्मेट में टीम इंडिया के स्टार स्पिनर युजवेंद्र चहल ने 22 दिसंबर 2020 को डेंटिस्ट, सोशल मीडिया इंफ्लूयंसर, यूट्यूबर और कोरियोग्राफर धनश्री वर्मा से शादी की थी। दुबई (संयुक्त अरब अमीरात) में 27 सितंबर 1996 को जन्मीं धनश्री वर्मा का पालन-पोषण मुंबई में हुआ।

उन्होंने अपनी प्रारंभिक स्कूली शिक्षा जमनाबाई नारसी इंटरनेशनल स्कूल, मुंबई से पूरी की। उसके बाद, उन्होंने डीवाई पाटिल विश्वविद्यालय, नवी मुंबई में दाखिला लिया। वहां से चिकित्सा विज्ञान में स्नातक किया। उन्होंने मीठीबाई कॉलेज, विले पार्ले, मुंबई में भी पढ़ाई की।

उनका बचपन से ही अभिनय और नृत्य की ओर झुकाव था। वह हमेशा से एक सफल डांसर के रूप में अपना करियर बनाना चाहती थीं। धनश्री वर्मा का संबंध एक क्षत्रिय परिवार से है। उनके पिता का नाम कपिल वर्मा है, जो पेशे से बिजनेसमैन हैं। उनकी मां का नाम वर्षा वर्मा है, जो एक गृहिणी हैं।

टीम इंडिया के स्टार ऑलराउंडर रविंद्र जडेजा की पत्नी रिवाबा जडेजा एक सक्रिय राजनीतिज्ञ हैं। उनका जन्म 1990 में कारोबारी हरदेव सिंह सोलंकी और इंडियन रेलवे में कार्यरत प्रफुल्लबा सोलंकी के घर हुआ था। वह कांग्रेस नेता हरि सिंह सोलंकी की भतीजी भी हैं।

रिवाबा जडेजा को पहले रीवा सोलंकी के नाम से भी जाना जाता था। वह राजकोट के आत्मिया इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी एंड साइंस से मैकेनिकल इंजीनियरिंग में स्नातक हैं। 2019 में औपचारिक रूप से भाजपा में शामिल होने से पहले, वह करणी सेना की महिला विंग की प्रमुख थीं।

रविंद्र जडेजा से रिवाबा की मुलाकात एक पार्टी में हुई थी। रिवाबा और जडेजा की बहन नैना अच्छी दोस्त थीं। जडेजा और रिवाबा की शादी 17 अप्रैल 2016 को हुई थी।

Jansatta.com पर पढ़े ताज़ा खेल समाचार (Khel News), लेटेस्ट हिंदी समाचार (Hindi News), बॉलीवुड, खेल, क्रिकेट, राजनीति, धर्म और शिक्षा से जुड़ी हर ख़बर। समय पर अपडेट और हिंदी ब्रेकिंग न्यूज़ के लिए जनसत्ता की हिंदी समाचार ऐप डाउनलोड करके अपने समाचार अनुभव को बेहतर बनाएं ।
First published on: 09-12-2021 at 17:18 IST