टीम इंडिया के धुरंधर ओपनर रोहित शर्मा आज यानी 30 अप्रैल को 33 साल के हो गए। दुनिया के सबसे खतरनाक ओपनर रोहित ने पिछले साल वर्ल्ड कप में 5 शतक लगाए थे, लेकिन टीम इंडिया वर्ल्ड कप नहीं जीत पाई थी। रोहित के पास आज मुंबई में करीब 30 करोड़ का एक आलीशान घर है। आज रोहित कमाई के मामले में दुनिया के टॉप-10 खिलाड़ियों में शामिल हैं, लेकिन एक समय वह भी था जब उनके पास स्कूल फीस भरने के लिए पैसे नहीं थे। इतना ही नहीं क्रिकेट एकेडमी में उनका एडमिशन भी दोस्तों ने करवाया था।

रोहित का बचपन से ही क्रिकेट से लगाव था। क्रिकेट एकेडमी में एडमिशन के लिए उनके पिता के पास पैसे नहीं थे। रोहित अपने दोस्तों और अंकल से लगातार क्रिकेट की बात किया करते थे। उनके इस लगाव को देखते हुए अंकल और उनके कुछ दोस्तों ने 50-50 रुपए चंदा कर 1999 में रोहित का एडमिशन एक एकेडमी करा दिया था। रोहित शुरुआत में ऑफ स्पिनर थे। उन्होंने आईपीएल में डेक्कन चार्जर्स की ओर से खेलते हुए मुंबई इंडियंस के खिलाफ हैट्रिक भी लिया था।

दरअसल, एक बार रोहित ने एक क्रिकेट कैंप में हिस्सा लिया था। स्वामी विवेकानंद इंटरनेशनल स्कूर के क्रिकेट कोच दिनेश लाड ने उनकी प्रतिभा को देखा। लाड ने रोहित का एडमिशन विवेकानंद स्कूल में करवाया था। उन्होंने ही हिटमैन को बल्लेबाजी के लिए कहा। बतौर ओपनर रोहित ने इंटर स्कूल के पहले ही मैच में 120 रन बना दिए थे। रोहित को 2007 पहली बार टीम इंडिया में शामिल किया था। उन्होंने आयरलैंड के खिलाफ अपना पहला वनडे मैच खेला था।

रोहित ने उसी साल सितंबर में इंग्लैंड के खिलाफ अपना पहला मैच खेला था। रोहित टी20 में अपने 13 साल के करियर में 108 मैच खेल चुके हैं। इस दौरान 32.6 की औसत से 2773 रन बनाए हैं। वे सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में विराट कोहली के बाद दूसरे स्थान पर हैं। रोहित के नाम इस फॉर्मेट में सबसे तेज शतक का रिकॉर्ड भी है। उन्होंने श्रीलंका के खिलाफ इंदौर में 2017 में 35 गेंद पर ही शतक लगा दिया था। इस मामले में रोहित ने दक्षिण अफ्रीका के डेविड मिलकर की बराबरी की थी।