भारतीय टीम के विकेटकीपर ऋषभ पंत खराब विकेटकीपिंग के कारण लगातार आलोचनाओं का शिकार होते रहते हैं। कई बार उन पर महेंद्र सिंह धोनी को कॉपी करने का भी आरोप लगा है। पंत को पूर्व क्रिकेटर्स ने भी कई बार सलाह दी है कि किसी की कॉपी करने की जगह खुद को ठीक करो। पूर्व ऑस्ट्रेलियाई विकेटकीपर ब्रैड हैडिन का मानना है कि ऋषभ पंत को खेल में अपनी पहचान बनानी चाहिए। उन्हें किसी दूसरे की कॉपी करने के दबाव में नहीं आना चाहिए। पंत को न्यूजीलंड दौरे पर टी20 और वनडे में 15 सदस्यीय टीम में होने के बावजूद प्लेइंग इलेवन में नहीं रखा गया था।

हैडिन ने कहा, ‘‘इस स्तर पर किसी से भी उम्मीद की जाती है। यह एक ऐसी चीज है जिससे आपको ही निपटना होगा। आप टीम में अपनी खुद की शैली लाते हैं। जब मुझे पहली बार टेस्ट क्रिकेट खेलने का मौका मिला, तब मैंने एडम गिलक्रिस्ट या इयान हीली बनने की कोशिश नहीं की। मुझे खेल में अपनी शैली लानी थी। यहां एक चुनौती ये भी है कि आपको किसी और की तरह वैसा नहीं बनना है जो आप नहीं हो, बल्कि आप जो हो वैसा ही रहना है।’’

धोनी के जाने के बाद टेस्ट में ऋद्धिमान साहा और सीमित ओवरों में ऋषभ पंत को उनके विकल्प के तौर पर देखा जाने लगा। इसी बीच लोकेश राहुल ने वनडे और टी20 में बेहतरीन विकेटकीपिंग की। इससे सीमित ओवरों में पंत की जगह खतरे में है। हैडिन ने आगे कहा, ‘भारत पिछले 10 सालों में भाग्यशाली रहा है कि उसके पास सुपरस्टार महेंद्र सिंह धोनी थे। धोनी ने एक ऐसी विरासत को पीछे छोड़ी है जिसे आगे ले जाना मुश्किल है। आगे जो भी सफल होता है, उसे इस तरह से खेलना चाहिए कि उसकी पहचान आने वाले वर्षों में भारतीय क्रिकेट टीम के विकेटकीपर के रूप में बने।’’

हैडिन ने इस साल होने वाले टी20 वर्ल्ड कप के लिए ऑस्ट्रेलिया को जीत का दावेदार बताया। उन्होंने कहा, ‘‘यह काफी रोचक होगा। इस छोटे फॉर्मेट में पांच से छह टीमें जीत सकती हैं। हमें घरेलू मैदान पर खेलने का फायदा मिलेगा। हम इस कंडीशन को बेहतर जानते हैं।’’ ऑस्ट्रेलिया में इस साल 18 अक्टूबर से 14 नवंबर के बीच खेला जाना है। ऑस्ट्रेलिया पहली बार इस टूर्नामेंट की मेजबानी करेगा।