मुंबई इंडियंस (Mumbai Indians) में अब महेला जयवर्धने और जहीर खान का कद बढ़ गया है। ग्रुप ने भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व तेज गेंदबाज जहीर खान को ग्लोबल हेड ऑफ क्रिकेट डेवलपमेंट और श्रीलंकाई क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेला जयवर्धने को ग्लोबल हेड ऑफ परफॉर्मेंस बनाया है। दरअसल, मुंबई इंडियंस के मालिकाना हक वाली रिलायंस इंडस्ट्रीज के पास इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के अलावा दो और विदेशी लीग में भी टीमें हैं।
मुंबई इंडियंस की ओर से जारी बयान में कहा गया है, मुंबई इंडियंस के विस्तार के साथ टीम प्रबंधन ने एक केंद्रीय टीम की आवश्यकता को पहचाना है। मुंबई इंडियंस के साथ एमआई अमीरात और एमआई केप टाउन की टीमें भी शामिल हैं। ग्रुप के संरचना निर्माण के हिस्से के रूप में, मुंबई इंडियंस के दो दिग्गजों महेला जयवर्धने और जहीर खान को नई भूमिकाओं के लिए पदोन्नत किया जा रहा है।
बयान में रिलायंस जियो इंफोकॉम के चेयरमैन आकाश एम अंबानी (Akash M. Ambani) की ओर से कहा गया, ‘मैं महेला (जयवर्धने) और जैक (जहीर खान) को हमारी वैश्विक कोर टीम के हिस्से के रूप में पाकर खुश हूं। दोनों एमआई (मुंबई इंडियंस) परिवार का एक अभिन्न हिस्सा रहे हैं। मुझे विश्वास है कि वे विश्व स्तर पर हमारी सभी टीमों के माध्यम से समान प्रवाह सुनिश्चित करने में सक्षम होंगे और दुनिया भर में क्रिकेटिंग ईकोसिस्टम्स (क्रिकेट पारिस्थितिकी तंत्र) में बदलाव लाएंगे।’
बयान के मुताबिक, जहीर खान खिलाड़ियों के डेवलपमेंट की जिम्मेदारी निभाएंगे। इसके अलावा वह टैलेंट की पहचान करके मुंबई इंडियंस के लिए मजबूत टीम बनाने में भी योगदान देंगे। मुंबई इंडियंस के लिए छिपी हुई प्रतिभा हमेश से सफलता का मूल मंत्र रही है। जहीर की यह भूमिका दुनिया भर में मुंबई इंडियंस की टीमों की मदद करेगी।
बयान के मुताबिक, महेला जयवर्धने को एमआई का ग्लोबल हेड ऑफ परफॉर्मेंस के रूप में नियुक्त किया गया है। उनकी जिम्मेदारी दुनिया भर में समूह के क्रिकेट संचालन को वरिष्ठ नेतृत्व प्रदान करना है। इसके अलावा समग्र रणनीतिक योजना, एक एकीकृत वैश्विक उच्च-प्रदर्शन ईकोसिस्टम्स का निर्माण, हर टीम के कोचिंग और सपोर्ट स्ट्रक्चर्स की जिम्मेदारी, तालमेल सुनिश्चित करने के लिए टीम के मुख्य कोचों के साथ मिलकर काम करना, क्रिकेट का एक अनुकूल ब्रांड बनना और एमआई द्वारा निर्धारित सर्वोत्तम कार्यप्रणाली का क्रियान्वयन करना है।