इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में मुंबई इंडियंस के लगभग सभी मुकाबलों के दौरान नजर आने वाली नीता अंबानी टीम की मालकिन हैं। नीता अंबानी ने 2008 में इस टीम को खरीदा था। तब पहली बार अंबानी परिवार खेल से जुड़ा था। इसके बाद नीता ने क्रिकेट के अलावा फुटबॉल और एनबीए में भी इनवेस्ट किया। भारत में होने वाला इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) को खड़ा करने में नीता अंबानी का ही सबसे बड़ा योगदान है। वे मुकेश अंबानी से शादी से पहले टीचर थीं। तब उन्होंने भी नहीं सोचा होगा कि एक दिन वे खेलों की दुनिया में फेमस हो जाएंगी।
आईपीएल का पहला सीजन मुंबई के लिए अच्छा नहीं रहा था। टीम फाइनल में पहुंचने में नाकाम रही थी। उस दौरान नीता अंबानी सीधे तौर पर टीम से नहीं जुड़ी हुई थीं। इसके बाद अगले सीजन में वे डायरेक्ट टीम से जुड़ीं और फिर सबकुछ अपने हाथों में लिया। टीम के अच्छे और बुरे दौर में वे हमेशा साथ रहीं। स्टैंड में एक आम दर्शक की तरह तकरीबन हर मुकाबले में दिखाई देती हैं। नीता अंबानी हाल ही में मुंबई इंडियंस के स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या से मिलने लंदन गई थीं। हार्दिक चोट के कारण वहां भर्ती थे। नीता अंबानी के टीम से जुड़ने के बाद मुंबई की किस्मत बदल गई। उन्होंने रोहित शर्मा को खरीदा। फिर हिटमैन के नाम से मशहूर रोहित के नेतृत्व में टीम 4 बार आईपीएल जीतने में सफल रही।
नीता अंबानी का जन्म एक मध्यम वर्गीय परिवार में 1963 में हुआ था। उनका पहला प्यार बच्चों को पढ़ाना ही था। 1985 में मुकेश अंबानी से उनकी शादी हुई। इसके बाद उन्होंने मुंबई में एक घीरूभाई अंबानी इंटरनेशनल स्कूल की स्थापना की। आईपीएल के दौरान भी कई यहां के साथ-साथ कई अन्य जगहों के गरीब बच्चे मैच देखने के लिए वानखेड़े स्टेडियम में बुलाए जाते हैं। 56 साल की नीता अंबानी फिलहाल में भारत में नीचले स्तर तक स्पोर्ट्स को विकसित करने का काम कर रही हैं। उन्हें 2017 में राष्ट्रीय खेल रत्न प्रोत्साहन अवॉर्ड से सम्मानित किया गया था।
लंदन में स्पोर्ट्स बिजनेस समिट में अपने हालिया भाषण में नीता अंबानी ने कहा, ‘‘मैं 44 साल का थी जब खेल ने मेरे जीवन, मेरे दृष्टिकोण और मेरे विश्वदृष्टि को बदल दिया। यह सब 2009 में क्रिकेट और मुंबई इंडियंस (एमआई) के साथ शुरू हुआ। यह दूसरा सीजन था। हमारी टीम तालिका में सबसे नीचे थी। मुझे क्रिकेट का कोई ज्ञान नहीं था, लेकिन मैं टीम के साथ हर मुश्किल समय में रहने के लिए दक्षिण अफ्रीका गई।’’ 2009 में आईपीएल का आयोजन दक्षिण अफ्रीका में हुआ था।
नीता अंबानी ने आगे कहा, ‘‘टीम के साथ पहली बैठक से लेकर आज तक की मेरी यात्रा अविश्वसनीय रही है। खेल के बारे में क्रिकेट के दिग्गजों से सीखी। आज मुंबई इंडियंस की टीम आईपीएल की सबसे मूल्यवान टीम है।’’ मुंबई पहली बार 2013 में चैंपियन बना। उसके बाद 2015, 2017 और 2018 में खिताब पर कब्जा किया। आईपीएल का यह सीजन दुबई में 19 सितंबर से 10 नवंबर तक होगा। इस बार भी क्रिकेट विशेषज्ञ मुंबई को जीत का दावेदार बता रहे हैं।