महेंद्र सिंह धोनी की अगुआई वाली चेन्नई सुपर किंग्स (Chennai Super Kings) में क्या सबकुछ ठीक नहीं चल रहा है। मीडिया रिपोर्ट्स में कहा गया है कि चेन्नई सुपर किंग्स के पूर्व कप्तान रविंद्र जडेजा इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2022 के बाकी हिस्से से बाहर हो सकते हैं। इस बीच, सोशल मीडिया पर दावा किया गया कि चेन्नई सुपर किंग्स ने अपने पूर्व कप्तान यानी रविंद्र जडेजा को इंस्टाग्राम पर अनफॉलो कर दिया है।

चेन्नई सुपर किंग्स इंस्टाग्राम पर 214 लोगों को फॉलो करती है, लेकिन खबर लिखे जाने तक उस सूची में रविंद्र जडेजा का नाम नहीं था। रविंद्र जडेजा इंस्टाग्राम पर किसी को भी फॉलो नहीं करते हैं। इस तरह की खबरें सामने आने के बाद माना जा रहा है कि जल्द ही रविंद्र जडेजा के आईपीएल 2022 से बाहर होने का ऐलान भी कर दिया जाएगा।

चेन्नई सुपर किंग्स के मुताबिक, रविंद्र जडेजा को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के खिलाफ मैच में फील्डिंग के दौरान चोट लगी थी। रविंद्र जडेजा ने आईपीएल 2022 में अब तक 10 मैच में 19.33 के औसत से सिर्फ 116 रन बनाए हैं। वह गेंदबाजी में भी कुछ खास नहीं कर पाए हैं।

वह अब तक सिर्फ 5 विकेट ही ले पाए हैं। वहीं, आईपीएल 2022 में चेन्नई सुपर किंग्स को अब 3 और मैच खेलने हैं। रविंद्र जडेजा दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मैच में भी नहीं खेले थे। दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ शिवम दुबे ने रविंद्र जडेजा की जगह ली थी।

रविंद्र जडेजा की अगुआई में चेन्नई सुपर किंग्स ने आईपीएल 2022 में 8 मैच खेले। इनमें से टीम सिर्फ दो मैच में ही जीत हासिल कर पाई। इसके बाद उन्होंने कप्तानी वापस एमएस धोनी को सौंप दी। एमएस धोनी ने बताया था कि कप्तानी का असर रविंद्र जडेजा के प्रदर्शन पर पड़ रहा था। यहां तक कि उनकी फील्डिंग पर भी।

एमएस धोनी की अगुआई में चेन्नई सुपर किंग्स ने आईपीएल 2022 में अब तक 3 मैच खेले हैं। इनमें से उसने 2 में जीत हासिल की है। चेन्नई सुपर किंग्स आईपीएल 2022 की पॉइंट्स टेबल में 8 अंकों के साथ 9वें नबंर पर है। टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट में कहा गया है, चेन्नई सुपर किंग्स ने पिछले रविंद्र जडेजा की चोट का आकलन किया है, लेकिन वह पूरी तरह फिट नहीं हैं। रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि यह जानते हुए कि उसके पास प्लेऑफ के लिए क्वालिफाई करने के बहुत कम मौके हैं, चेन्नई सुपर किंग्स जडेजा पर जोखिम नहीं उठा सकता है।