भारतीय टीम के पूर्व कप्तान और चेन्नई सुपरकिंग्स के मौजूदा कैप्टन महेंद्र सिंह धोनी ने 4 जुलाई 2010 को साक्षी से शादी की थी। तब साक्षी की उम्र 22 साल थी। उनका जन्म 19 नवंबर 1988 को गुवाहाटी में हुआ था। साक्षी के बाद धोनी के लाइफ में काफी बदलाव आया, लेकिन एक चीज वो नहीं बदल पाई थीं। दरअसल, धोनी खाने के काफी शौकीन थे, लेकिन वे जिम में काफी कम समय देते थे। बेटी के जन्म लेने के बाद धोनी ने अपनी बॉडी पर ध्यान दिया।
साक्षी ने हाल ही में एक इंटरव्यू में बताया था कि धोनी 2014 तक रोजाना रात को चिकन और दिन मसाला डोसा खाते थे। वे 2015 में जीवा के जन्म के बाद जिम जाने लगे। साक्षी ने कहा था, ‘‘धोनी के दिल को जीतने का एकमात्र तरीका है कि उन्हें चिकन खिलाओ। वे 14 साल तक शाकाहारी थे। उसके बाद उन्होंने चिकन खाना शुरू किया तो रोज वही खाते थे। 2014 तक धोनी रोजाना रात को बटर चिकन और नान खाते थे। हर दिन वो मसाला डोसा खाते थे। इस दौरान वे चोको मिल्क भी लेते थे। जब जीवा 2015 में आई तब उन्होंने अपने खाने पर कंट्रोल किया और जिम जाने लगे। वो इतना खाने के बावजूद फिट थे और मैं थोड़ा खाने पर असहज महसूस करने लगती थी।’’
साक्षी ने आगे कहा था, ‘‘धोनी को खाना बहुत पसंद है। जीवा के जन्म के बाद वो ब्रेकफास्ट में दलिया और ओट्स लेने लगे। रात के खाने में चिकन टिक्का लेते हैं। उन्हें खाने के साथ पेप्सी और कोक भी पीना पसंद है। वे घर में वीडियो गेम और शूटिंग गेम्स खेलते हैं। इसके अलावा उन्हें बाइक काफी ज्यादा पसंद है। वे बाहर घूमने निकल जाते हैं। वे अपने बूट्स को खुद ही साफ करते हैं। उनका कहना है कि बूट्स पर पॉलिस का मतलब है कि उसमें आदमी का चेहरा दिखने लगे।’’
धोनी में इतना अनुशासन कहां से आया? इस सवाल पर साक्षी ने कहा, ‘‘धोनी में सारा अनुशासन उनके पिता से आया है। उनके पिता हमेशा समय के पक्के और सामान को जगह पर रखने में माहिर हैं। दूसरी ओर, मां काफी फनी और आराम से जिंदगी बिताने वाली हैं। फैमिली बहुत ही साधारण है। उन्होंने धोनी को 2013 में संन्यास लेने के लिए कहा था क्योंकि लोग माही की आलोचना करते थे।’’