भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने पिछले महीने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले लिया। वे संन्यास के बाद फिलहाल आईपीएल के 13वें सीजन की तैयारी के लिए यूएई में हैं। अपनी कप्तानी में धोनी चेन्नई सुपरकिंग्स को चौथी बार चैंपियन बनाना चाहेंगे। धोनी ने टूर्नामेंट शुरू होने से पहले एक साल से ज्यादा समय के बाद ट्विटर पर वापसी की। उन्होंने फ्रांस से आए राफेल फाइटर जेट के वायुसेना में औपचारिक तौर पर शामिल होने के बाद उसका स्वागत किया। धोनी इस दौरान ट्वीट में सुखोई को अपना फेवरेट फाइटर जेट बताया।

धोनी ने 6 मिनट में दो ट्वीट किए। उन्होंने अपने पहले ट्वीट में लिखा, ‘‘जंग में खुद को साबित कर चुके दुनिया के सर्वश्रेष्ठ 4.5 जनरेशन के लड़ाकू विमानों के शामिल होने के साथ ही इन्हें दुनिया के सबसे बेहतरीन फाइटर पायलट भी मिल गए हैं। हमारे काबिल पायलटों के हाथों और भारतीय वायु सेना के अलग-अलग विमानों के बीच इस विमान की ताकत और ज्यादा बढ़ेगी।’’ अंबाला बेस पर राफेल का वायुसेना में इंडक्शन हुआ। इस दौरान रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के साथ फ्रांस की रक्षा मंत्री फ्लोरेंस पार्ली भी मौजूद रहीं।

धोनी ने इसके बाद दूसरे ट्वीट में लिखा, ‘‘वायु सेना के गोल्डन एरो स्क्वाड्रन में राफेल के शामिल होने पर बधाई। हम उम्मीद करते हैं कि राफेल मिराज-2000 को पीछे छोड़ देगा लेकिन सुखोई मेरा अब भी पसंदीदा है। और अब जवानों को डॉगफाइट के लिए एक और नया लक्ष्य मिल गया है।’’आपको बता दें कि धोनी को सेना में लेफ्टिनेंट कर्नल पद की मानद उपाधि दी गई है। इसके अलावा 2011 में उन्हें इंडियन टेरिटोरियल आर्मी में लेफ्टिनेंट कर्नल की रैंक भी दी गई थी। धोनी इसके लिए कई बार अभ्यास भी कर चुके हैं। उन्होंने पिछले साल वर्ल्ड कप के बाद सेना के साथ लंबा समय बिताया था।

धोनी पैराशूट रेजीमेंट की 106 पैरा टेरिटोरियल आर्मी बटालियन का हिस्सा हैं। पिछले साल 31 जुलाई से 15 अगस्त तक यूनिट के साथ कश्मीर में थे। यह यूनिट विक्टर फोर्स का हिस्सा है। धोनी ने वहां पेट्रोलिंग, गार्ड और पोस्ट की ड्यूटी संभाली थी। आंकड़ों की बात करें तो धोनी ने भारत के लिए 350 वनडे, 90 टेस्ट, 98 टी-20 इंटरनेशनल मैच खेले हैं। उन्होंने 10,773 रन बनाए हैं। इस दौरान उनका औसत 50 से ज्यादा रहा। टेस्ट मैचों में धोनी ने 38.09 की औसत से 4876 रन बनाए हैं।