प्रयागराज के मांडा थाना क्षेत्र के ललितपर गांव की रहने वाली 10 साल की एथलीट काजल निषाद की राह में अब भविष्य में कोई रोड़ा नहीं आएगा! उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार यानी 16 अप्रैल 2022 को कक्षा चार में पढ़ने वाली नीरज कुमार निषाद की बेटी काजल को सम्मानित किया। साथ ही उपहार में दौड़ने के लिए जूते भी दिए। बता दें कि काजल निषाद प्रयागराज से दौड़कर लखनऊ पहुंची थीं।

काजल निषाद साल 2021 में प्रयागराज से दिल्ली तक करीब 720 किमी दौड़ लगाकर सुर्खियों में आईं थीं। मुख्यमंत्री सीएम योगी से मिलने के लिए वह रामनवमी के दिन यानी 10 अप्रैल को प्रयागराज के सुभाष चौराहे से रवाना हुईं थीं। काजल ने फाफामऊ, कुंडा और रायबरेली के रास्ते लखनऊ की यात्रा 6 दिन में पूरी की। काजल के प्रयागराज से लखनऊ दौड़कर पहुंचने की कहानी भी रोचक है।

प्रयागराज में 19 नवंबर को 42 किमी इंदिरा मैराथन का आयोजन हुआ था। उस मैराथन में काजल ने 14वां स्थान हासिल किया, लेकिन उम्र कम होने के कारण आयोजकों ने उनको मैराथन में शामिल नहीं माना। काजल ने मैराथन पूरी करने के बाद खेल मंत्री उपेंद्र तिवारी से मिलने की इच्छा जाहिर की थी, लेकिन ऐसा संभव नहीं हो पाया था।

इसी बात को लेकर काजल निषाद ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर उनसे मिलने की इच्छा जाहिर की थी। इसके लिए काजल 10 अप्रैल को प्रयागराज से लखनऊ के लिए पैदल ही निकल पड़ी थीं। काजल ने प्रयागराज से लखनऊ तक का करीब 200 किलोमीटर लंबा सफर 15 अप्रैल को पूरा किया। वह सीधे मुख्यमंत्री से मिलने 5 कालीदास मार्ग पर पहुंचीं।

अब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी उनकी प्रतिभा को सलाम किया है। साथ ही आगे भी इसी तरह दौड़ में नया मुकाम हासिल करने के लिए प्रेरित किया। है। मुख्यमंत्री ने उन्हें जूते, ट्रैक सूट और खेल किट भी उपहार में दी। काजल ने उपहार के लिए मुख्यमंत्री को धन्यवाद दिया। इसके साथ ही बाबू बनारसी दास खेल अकादमी ने काजल की प्रतिभा का सम्मान करते हुए उसकी आगे की तैयारी के लिए उम्र भर खेल किट और जूते देने की जिम्मेदारी ली है।