पंजाब किंग्स के फील्डिंग कोच जोंटी रोड्स ने बुधवार यानी 13 अप्रैल को हुए मैच के बाद मुंबई इंडियंस के मेंटोर और पूर्व भारतीय क्रिकेटर, सचिन तेंदुलकर के पैर छुए। यह वाकया पुणे के महाराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में पंजाब किंग्स और मुंबई इंडियंस के बीच खेले गए मैच के बाद देखने को मिला।
मैच के बाद दोनों टीमों के खिलाड़ी और सहयोगी स्टाफ एक दूसरे से हाथ मिलाने मैदान पर आए हुए थे। मुंबई इंडियंस के स्क्वाड के साथ सचिन भी थे। वह राजस्थान रॉयल्स के स्क्वाड के हर सदस्य से हाथ मिला रहे थे। इसी बीच, जोंटी रोड्स उनके सामने आए। सचिन ने अपना हाथ आगे बढ़ाया।
हालांकि, इससे पहले वह कुछ समझ पाते जोंटी रोड्स नीचे छुके और उनके पैर छूने लगे। सचिन उन्हें मनाकर लगे, वह पीछे भी हटे, लेकिन रोड्स ने उनके पैरों को हाथ लगाया और फिर अपने हाथों को सीने से लगाया। जोंटी रोड्स का इस तरह सचिन तेंदुलकर के पैर छूने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है।
आप उस वीडियो को नीचे देख सकते हैं। बता दें, जोंटी रोड्स पहले क्रिकेटर नहीं हैं, जिन्होंने मैदान पर सचिन के पैर छुए हों। इससे पहले भारत के पूर्व ऑलराउंडर युवराज सिंह भी कई मौकों पर ऐसा कर चुके हैं।
खास यह है कि जोंटी रोड्स उम्र में सचिन तेंदुलकर से बड़े हैं। रोड्स 52 साल के हैं, जबकि सचिन 48 साल के हैं। जोंटी रोड्स को भारत से भी गहरा लगाव है। उन्होंने हमारे देश के नाम पर ही अपनी बेटी का नाम इंडिया रखा है। साल 2020 में उन्होंने भारत को सबसे ज्यादा प्यार करने की वजह बताई थी। जोंटी ने वीडियो के कैप्शन में लिखा था, ‘लोग मुझसे अक्सर पूछते हैं? भारत के बारे में ऐसा क्या है जो मुझे बहुत पसंद है। क्या मुझे अब भी कहने की जरूरत रह गई है।’ आप उस वीडियो को भी नीचे देख सकते हैं।
जोंटी रोड्स ने 16 अप्रैल 1994 को केट मैकार्टी से शादी की थी। जोंटी के केटी से दो एक बेटी डैनिलिया रोड्स और एक बेटा रॉस रोड्स हैं। हालांकि, कुछ वर्षों बाद जोंटी और केटी अलग हो गए। 2014 में उन्होंने मेलानी वूल्फ से शादी की। मेलानी ने 2015 में मुंबई में बेटी को जन्म दिया। तब दंपति ने उसका नाम इंडिया जीन रोड्स रखा।
उस समय जोंटी रोड्स ने कहा था कि भारत की समृद्ध संस्कृति, विरासत और परंपरा को देखकर उन्हें बेटी का नाम इंडिया रखने की प्रेरणा मिली है। जोंटी रोट्स अक्सर भारत की यात्रा करते रहते हैं, खासकर आध्यात्मिक स्थलों की।