महान क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर ने 2012 में 18 मार्च को ही अपने करियर का आखिरी एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मुकाबला खेला था। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान सचिन तेंदुलकर का यह मुकाबला एक एशिया कप का मैच था। जो बांग्लादेश के मीरपुर में पाकिस्तान के खिलाफ खेला गया था। सचिन ने अपना पहला अंतरराष्ट्रीय मैच भी पाकिस्तान के खिलाफ कराची में नवंबर 1989 को खेला था। वह एक टेस्ट मैच था। उस समय सचिन की उम्र 16 साल के करीब थी।
सचिन ने अपने आखिरी एकदिवसीय मैच में 48 गेंद में 52 रन बनाए थे। उन्होंने अपनी पारी के दौरान 5 चौके और एक छक्का लगाया था। हालांकि, उस मैच का आकर्षण विराट कोहली की पारी थी। विराट कोहली ने तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे विराट कोहली ने उस मैच में 22 चौके और एक छक्के की मदद से 148 गेंद में 183 रन ठोके थे। रोहित शर्मा भी उस मैच का हिस्सा थे। रोहित उस मैच में चौथे नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे थे। उन्होंने 5 चौके और एक छक्के की मदद से 83 गेंद में 68 रन बनाए थे।
उस मैच में टीम इंडिया की कमान महेंद्र सिंह धोनी के हाथों में थी। भारत ने वह मैच 13 गेंदें शेष रहते 6 विकेट से जीत लिया था। पाकिस्तान के कप्तान मिस्बाह-उल-हक ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी का फैसला किया था। उनका यह फैसला तब सही साबित हुआ जब पाकिस्तान ने 50 ओवर में 6 विकेट पर 329 रन का विशाल लक्ष्य खड़ा कर दिया है। हालांकि, विराट कोहली, सचिन तेंदुलकर और रोहित शर्मा की शानदार पारियों के चलते भारत ने वह मुकाबला जीत लिया था।
पाकिस्तान की ओर से नासिर जमशेद ने 112 और मोहम्मद हफीज ने 105 रनों की शानदार पारी खेली थी। भारत की ओर से प्रवीण कुमार और अशोक डिंडा ने 2-2 विकेट ने झटके थे। इरफान पठान और रविचंद्रन अश्विन भी एक-एक विकेट लेने में सफल रहे थे।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीम इंडिया की शुरुआत बहुत खराब रही। मोहम्मद हफीज ने पहले ही ओवर में गौतम गंभीर को विकेट झटक लिया। गंभीर खाता भी नहीं खोल पाए। इसके बाद सचिन तेंदुलकर और विराट कोहली ने पारी को संभाला। दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 133 रन जोड़े।
सचिन के आउट होने के बाद विराट का साथ देने के लिए रोहित शर्मा क्रीज पर आए। विराट और रोहित ने तीसरे विकेट के लिए 172 रन की साझेदारी की। रोहित जब आउट हुए तब टीम का स्कोर 45.5 ओवर में 3 विकेट पर 305 रन था। इसके 8 गेंद और 13 रन बाद कोहली भी पवेलियन लौट गए। उस समय टीम इंडिया का स्कोर 47.1 ओवर में 4 विकेट पर 318 रन था।
इसके बाद सुरेश रैना और महेंद्र सिंह धोनी ने अगली 4 गेंदों में 12 रन ठोककर मैच भारत की झोली में डाल दिया। रैना 6 गेंद में 12 और धोनी एक गेंद में 4 रन बनाकर नाबाद रहे। पाकिस्तान की ओर से तेज गेंदबाज उमर गुल ने सबसे ज्यादा 2 विकेट लिए थे।