भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर के बेटे अर्जुन तेंदुलकर को आखिरकार मुंबई इंडियंस की तरफ से आईपीएल में डेब्यू करने का मौका मिल ही गया। अर्जुन मुंबई इंडियंस के साथ काफी वक्त से जुड़े थे, लेकिन अब जाकर उन्हें पहला मैच 2023 में खेलने का मौका मिला और कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ उन्होंने डेब्यू किया। मैच से पहले टीम के कप्तान रोहित शर्मा ने उन्हें डेब्यू कैप सौंपी।
एक फ्रेंचाइजी के लिए खेलने वाले पहले पिता-पुत्र की जोड़ी बने सचिन और अर्जुन तेंदुलकर
आईपीएल क्रिकेट इतिहास में ऐसा पहली बार हुआ जब किसी पिता-पुत्र की जोड़ी ने एक ही फ्रेंचाइजी के लिए मैच खेला। मुंबई इंडियंस के लिए सचिन तेंदुलकर ने अपना पहला मैच 15 मई 2008 को खेला था जबकि अर्जुन तेंदुलकर ने इस टीम के लिए अपना पहला मैच 16 अप्रैल 2023 को कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ खेला। अर्जुन ने मुंबई इंडियंस के लिए आईपीएल में डेब्यू 23 साल की उम्र में किया। अर्जुन बाएं हाथ से गेंदबाजी करते हैं जबकि वो बाएं हाथ के बल्लेबाज भी हैं।
सचिन तेंदुलकर ने आईपीएल में मुंबई इंडियंस टीम के लिए 76 मैच खेले थे और इन मैचों में उन्होंने 2281 रन बनाए थे। उन्होंने इस लीग में एक शतक भी लगाया था और उनका बेस्ट स्कोर 100 रन रहा था जबकि उन्होंने 13 बार अर्धशतक लगाया और 22 बार 30 प्लस स्कोर बनाया था। उन्होंने आईपीएल में कुल 1907 गेंदों का सामना किया था और 30.1 की औसत और 119.6 की स्ट्राइक रेट के साथ ये रन बनाए थे।
